‘एबीपी न्यूज-सी वोटर’ के सर्वे के नतीजों के अनुसार ओडिशा में क्लीन स्वीप करेगी बीजेपी

ओडिशा बीजेपी

PC: The Indian Express

2019 में लोकसभा चुनाव होने हैं। सभी पार्टियां आम चुनाव को ध्यान में रखते हुए अपने-अपने स्तर पर चुनाव तैयारियां शुरु कर चुकी हैं। जैसे-जैसे चुनाव का वक्त नजदीक आ रहा है, सभी राजनीतिक पार्टियां और उसके कार्यकर्ता अपने-अपने स्तर पर तैयारियों में लगते जा रहे हैं। जोड़-तोड़ की कवायद भी शुरू हो गई है। कहीं गठबंधन हो रहे हों तो कहीं रुठे नेताओं को मनाने की कवायदें चल रही हैं। लेकिन चुनाव की तैयारियों के बीच ओडिशा से सत्तारूढ़ बीजेडी को झटका देने वाली खबर आई है। यह खबर बीजेपी को सुकून देने वाली है। एबीपी न्यूज- सी वोटर के सर्वे में पाया गया कि, अगर अभी लोकसभा चुनाव हो जाएं तो बीजेडी को एक साथ कई सीटों का नुकसान होता दिखाई पड़ रहा है। वहीं दूसरी ओर इन सीटों को बीजेपी अपने नाम करती दिख रही है।

बता दें कि, कभी बीजेपी के साथ गठबंधन करने वाली बीजेडी ने बाद में अलग होकर 2009 और 2014 में कांग्रेस और बीजेपी को बुरी तरह पछाड़ा था। 2014 में बीजेडी को 21 में से 20 लोकसभा सीटें और विधानसभा में भी 147 में से 117 सीटों पर जीत मिली थी। लेकिन अब सर्वे में पता चला है कि, जनता का बीजेडी से तगड़ा मोहभंग हुआ है।

2014 के लोकसभा चुनाव को देखें तो जहां पूरे देश में मोदी लहर चल रही थी वहीं नवीन पटनायक अपने राज्य ओडिशा में मोदी लहर को रोकने में कामयाब हुए थे। बता दें कि, ओडिसा में लोकसभा की कुल 21 सीटें हैं। तब बीजेपी को मात्र एक सीट से संतोष करना पड़ा था। चुनावी विशेषज्ञों की मानें तो सर्वे में बीजेडी को मिलती इस करारी हार के पीछे सत्ता विरोधी लहर के साथ ओडिशा में मोदी की बढ़ती लोकप्रियता है।

इस सर्वे की रिपोर्ट में बीजेपी के लिए बड़ी राहत मिलती दिख रही है। यह सर्वे इस लिहाज से भी महत्वपूर्ण है क्योंकि हाल ही में तीन राज्यों में फिसली बीजेपी को इस सर्वे से नई ताजगी और ऊर्जा मिलेगी। सर्वे में बताया गया है कि, 2019 में एनडीए 15 सीटों पर चुनाव जीत सकती है। वहीं बीजेडी को एक झटके में 15 सीटों का भारी नुकसान उठाना पड़ेगा। इसका मतलब, अगर आज की तारीख में चुनाव हो जाएं तो 20 सीटें जीतने वाली पार्टी बीजेडी महज 6 सीटों पर सिमट कर रह जाएगी। चुनावी पंडितों का मानना है कि 2019 में बीजेपी के लिए यह शुभ संकेत मिल रहे हैं। इससे अब बीजेपी के लिए 2019 में फिर से केंद्र में सरकार बनाने के आसार प्रबल हो गए  है। इस सर्वे से एक बात तो तय है कि, 2019 में एक बार फिर से बीजेपी के पक्ष में हवा चलने वाली है। इसके अलावा इस सर्वे के नतीजे बीजेपी कार्यकर्ताओं में नई जान फूंकने का काम करेंगे।

Exit mobile version