कांग्रेस ने किया प्रधानमंत्री पद का अपमान, पीएम मोदी को रावण बनाकर खुद राम बने राहुल साध रहे निशाना

राहुल मोदी राम

PC: jansatta

जैसे-जैसे आम चुनाव नजदीक आते जा रहे हैं, उसी के साथ ही कांग्रेस पार्टी की हताशा भी बढ़ती जा रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने एक-एक करके कांग्रेस पार्टी से सारे बड़े मुद्दे छीन लिए हैं। यही कारण है कि यह पार्टी अब सॉफ्ट हिंदुत्व का ढोंग कर जनता को मूर्ख बनाना चाहती है। लेकिन कांग्रेस का यह ढोंग इतना बचकाना है कि, जनता खुद कांग्रेस की मुर्खता पर हंस रही है।

ताजा उदाहरण मध्यप्रदेश के भोपाल का है। यहां कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की रैली होनी है। राहुल की रैली से पहले ही यहां की गलियों में बड़े अजीबोगरीब पोस्टर देखे गए हैं। इन पोस्टर्स से कांग्रेस खुद ही अपनी फजीहत करा रही है।

मध्यप्रदेश के दौरे से पहले कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को इन पोस्टर्स में भगवान राम की तरह दर्शाया गया है। उनके हाथ में धनुष-बाण हैं और कमर पर तरकश लटका हुआ है। वहीं इस पोस्टर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को रावण के रूप में दर्शाया गया है। पोस्टर में धनुष पर तीर साधे राहुल सीधे पीएम मोदी पर निशाना साधते दिख रहे हैं। इस पोस्टर में एक नारा भी लिखा हुआ है, ‘चोरों तुम्हारी खैर नहीं, हम राम भक्त हैं, चोरों के अलावा किसी से बैर नहीं।’ पोस्टर में राफेल मुद्दे को उठाया गया है और लिखा है कि, चौकीदार ही चोर है।

यही नहीं, इस पोस्टर में पीएम मोदी को दशानन के रूप में दिखाया गया हैं। पीएम मोदी के अलावा बाकी 9 चेहरों में मोदी सरकार के वरिष्ठ नेताओं के चेहरे लगाए गए हैं। जिनमें नितिन गडकरी, राजनाथ सिंह, अरुण जेटली, अमित शाह, योगी आदित्यनाथ, पीयूष गोयल, शिवराज सिंह चौहान शामिल हैं। गौरतलब है कि राहुल गांधी एक दिन के दौरे पर भोपाल जा रहे हैं। यहां वे एक जनसभा को संबोधित करेंगे।

राहुल के स्वागत में शहर में कई जगहों पर इस तरह के पोस्टर लगे हैं। एक पोस्टर में तो राहुल गांधी को राम भक्त बताया गया है और पोस्टर सर्वसम्मति से अयोध्या में राम मंदिर बनाने का वादा कर रहा है। राहुल गांधी के आने से पहले यहां कांग्रेस ने पोस्टर्स पॉलिटिक्स शुरू की हुई है। किसी पोस्टर में यहां राहुल गांधी को भावी पीएम बताया जा रह है तो कहीं उनके रामभक्त पीएम के पोस्टर्स लग रहे हैं। इन सब पोस्टर्स में रावण वध के सीन वाले पोस्टर पर सबसे ज्यादा विवाद हुआ है। लोगों का कहना है कि इस तरह काग्रेस पार्टी ने सरेआम प्रधानमंत्री का अपमान किया है।

ये पोस्टर राजधानी भोपाल के सबसे बिजी रोड चेतक ब्रिज पर पोस्टर लगाए गए हैं। इन पोस्टर्स को देखने वाला हर शख्स कांग्रेस की थू-थू ही कर रहा है। लोग कांग्रेस की इस बेहद गिरी हुई राजनीति पर उसकी फजीहत ही कर रहे हैं। हालांकि, इस तरह की भी खबरें आ रही है कि, विवाद बढ़ने के बाद यह पोस्टर हटा लिया गया है।

बता दें कि, इससे पहले भी बिहार की राजधानी पटना में राहुल गांधी को भगवान के रूप में दिखाया गया था। वहीं प्रियंका गांधी की भी राजनीति में एंट्री के बाद उन्हें गोरखपुर में रानी लक्ष्मीबाई के रूप में दिखाया गया था। यह सब बताता है कि, कांग्रेस पार्टी सॉफ्ट हिंदुत्व के रास्ते पर चल रही है। इसका सबसे बड़ा उदाहरण तो कमलनाथ सरकार का वह फैसला था जिसमें गौ हत्यारों पर ही रासुका लगा दिया था। यह बताता है कि कांग्रेस बुरी तरह से हताशा में है और उसके पास मुद्दों का अकाल आया हुआ है। और इस हताशा में वह प्रधानमंत्री पद का भी अपमान करने से भी नहीं चूक रही।

Exit mobile version