एमपी में दिग्गज कांग्रेसी नेता के बेटे ने किया टोल पर हमला, की तोबड़तोड़ फायरिंग

कांग्रेस टोल एदल सिंह कंषाना

कांग्रेस की सरकार आते ही मध्यप्रदेश में जैसे अपराधियों को खुली छूट मिल गई है। ऐसा लग रहा है कि, जैसे सालों से ये अपराधी शिवराज सरकार के जाने का ही इंतजार कर रहे थे। सत्ता में आते ही कांग्रेसी नेताओं के सगे-संबंधी भी अब आतंक मचाने लगे हैं। पुलिस और प्रशासन का इन अपराधियों को जरा भी डर नहीं है। दूसरी ओर  अपराधियों के आतंक से त्रस्त लोगों को इसका कोई समाधान नजर नहीं आता। वे सिर्फ यही बोलकर रह जाते हैं कि, ‘इनकी सरकार है कुछ भी करेंगे।’

ऐसी ही एक घटना शनिवार रात सूबे के मुरैना जिले में देखने को मिली। कांग्रेस के पूर्व मंत्री और वर्तमान में सुमावली से विधायक एदल सिंह कंषाना के बेटे राहुल कंषाना ने अपने साथियों के साथ यहां जमकर आतंक मचाया है। राहुल कंषाना ने 15-20 बदमाशों के साथ यहां आगरा-मुंबई हाईवे स्थित छौंदा टोल प्लाजा पर हमला कर वहां ताबड़तोड़ फायरिंग की। शनिवार रात करीब 12:45 पर हुई यह घटना टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है। पुलिस के अनुसार विधायक के बेटे और उसके साथियों ने टोल प्लाजा के ऑफिस पर पांच मिनट में करीब 30 गोलियां चलाईं।

टोल मैनेजर भगवान सिंह सिकरवार ने पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि पूर्व मंत्री व कांग्रेस विधायक के बेटे राहुल कंषाना ने उन्हें शनिवार रात 10.30 बजे मोबाइल पर फोन करके धमकी दी थी। राहुल ने धमकी में कहा था कि, टोल से मेरी व मेरे नाम से जितनी भी गाड़ियां निकलेंगी, उनसे एक पैसा भी नहीं लिया जाएगा। टोल प्लाजा के सीनियर मैनेजर ने जब इस तालीबानी हुक्म को मानने से मना कर दिया तो रात 12 बजकर 46 मिनट पर राहुल कंषाना 15-20 अज्ञात लोगों के साथ टोल पर पहुंचे और वहां ताबड़तोड़ फायरिंग करने लगे। इस हमले से टोल प्लाजा पर हड़कंप मच गया। टोल के सभी कर्मचारी बूथ छोड़कर भाग गए। बीच हाईवे पर ताबड़तोड़ फायरिंग से आगरा-मुंबई की ओर से आने वाले वाहन भी जहां के तहां ही खड़े रह गए।

पुलिस के अनुसार कांग्रेस विधायक के बेटे और बाकी बदमाशों ने मिलकर टोल प्लाजा के ऑफिस पर पांच मिनट में करीब 30 गोलियां चलाईं। इन बदमाशों के जवाब में टोल प्लाजा पर तैनात सिक्योरिटी गार्ड्स ने भी फायरिंग की। इस फायरिंग में एक युवक जख्मी हो गया।

मुरैना एसपी रियाज इकबाल ने बताया कि, कांग्रेस विधायक के बेटे राहुल समेत 15-20 अन्य बदमाशों के खिलाफ धारा 307 में केस दर्ज किया गया है। बताया जा रहा है कि, अभी आरोपी फरार हैं।

वहीं पूर्व मंत्री और कांग्रेस विधायक एदल सिंह कंषाना को अपने बेटे की इस करतूत का जरा भी मलाल नहीं है। उन्होंने कहा, ‘फायरिंग के वक्त मेरा बेटा टोल पर गया ही नहीं। टोल टैक्स ठेकेदार ने झूठी एफआईआर मेरे बेटे पर दर्ज करा दी है। मैंने पूरे मामले से सीएम को अवगत करा दिया है।’ यहां पर एदल सिंह कंषाना सफेद झूठ बोलते नजर आ रहे हैं। टोल मैनेजर के अनुसार उनके फोन में कांग्रेसी नेता द्वारा दी गई धमकी की रिकॉर्डिंग हैं वहीं पूरी घटना सीसीटीवी में भी रिकॉर्ड हो गई है।

यह घटना इस बात का प्रमाण है कि, कमलनाथ सरकार के आने के बाद कांग्रेसी नेताओं की शह पाकर अपराधी बेलगाम हो गए हैं। मध्यप्रदेश पुलिस भी इन अपराधियों पर कोई खास कार्रवाई करती नहीं नजर आती। यही कारण है कि, यहां की जनता आज भी शिवराज सरकार के सुशासन को याद कर वर्तमान सरकार को कोसती है।

Exit mobile version