बड़ी खबर- भारत ने मार गिराया लाइव सैटेलाइट, ऐसा करने वाला बना विश्व का चौथा देश

मोदी

PC: Zee News

पीएम मोदी ने आज सुरक्षा संबंधित कैबिनेट कमेटी की बैठक के बाद देश के नाम एक सम्बोधन किया। उन्होंने रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) के एक मिशन ‘मिशन शक्ति’ की सफलता का उल्लेख करते हुए देशवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि देश के वैज्ञानिकों द्वारा अंतरिक्ष में मौजूद एक ऑपरेटिव (जिंदा) उपग्रह को मार गिराया गया जिससे कि स्पेस के क्षेत्र में भारत एक महाशक्ति बनकर उभरेगा। उन्होंने जानकारी दी कि एक एन्टी-सैटेलाइट मिसाईल द्वारा भारत के वैज्ञानिको ने उस निर्धारित लक्ष्य को मार गिराया, और भारत अब अमेरिका, रूस एवं चीन के बाद चौथा ऐसा देश बन गया है जिसने ऐसा करने की तकनीक विकसित की है। दिलचस्प बात यह है कि यह पूरी तकनीक भारत में ही विकसित की गई है और इस पूरे मिशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया है।

अपने सम्बोधन में उन्होंने देश के विकास के लिए स्पेस तकनीक को सबसे महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि हर क्षेत्र में मदद के लिए भारत के पास आज पर्याप्त उपग्रह मौजूद हैं और उनके बिना भविष्य के भारत की कल्पना करना नामुमकिन है। पीएम ने कहा “आज भारत के पास रक्षा, कृषि, सुरक्षा, दूरसंचार, रेलवे, मनोरंजन जैसे क्षेत्रों में इस्तेमाल के लिए उपग्रह तो मौजूद है लेकिन उनकी सुरक्षा करना भी बेहद अहम है। यह मिशन भारत ने अपने विकास को सुनिश्चित करने के लिए किया है और इसे 130 करोड़ भारतीयों की सुरक्षा के लिए इस्तेमाल किया जायेगा।“

अंतर्राष्ट्रीय समुदाय को विश्वास में लेने के लिए भी उन्होंने कई बाते कही। उन्होंने तमाम देशों को यह यकीन दिलाया कि भारत इस तकनीक का इस्तेमाल किसी भी देश के खिलाफ करने के पक्ष में नहीं है और इसे सिर्फ देश के उपग्रहों की रक्षा के लिए ही इस्तेमाल किया जाएगा।  साथ ही पीएम बोले कि इस मिशन का परिक्षण करके भारत ने किसी अंतर्राष्ट्रीय नियम या संधि का उल्लंघन नहीं किया है। उन्होंने कहा “हम अंतरिक्ष में जारी हथियारों की दौड़ का बिल्कुल भी समर्थन नहीं करते। हमने यह परिक्षण किसी देश के साथ युद्ध लड़ने के लिए नहीं बल्कि विश्व वे शांति स्थापना के लिए लिया है।“

आपको बता दें कि इस तकनीक को विकसित करने के बाद विश्व में भारत का रुत्बा बढ़ेगा और स्पेस जगत में भारत की आवाज और ज़्यादा बुलंद होगी। इस तकनीक के बाद अब भविष्य में युद्ध के समय में भी कोई भी देश भारत के उपग्रहों को कोई नुकसान पहुँचाने की हिम्मत नहीं कर पायेगा । सभी देशों की सेना तथा सुरक्षा तंत्र इन्हीं उपग्रहों का इस्तेमाल करके अपनी रक्षा को मज़बूत करता है।  अब भारत को भी यह महारत हासिल हो गयी है कि युद्ध के समय वह अपनी दुश्मन सेना के उपग्रहों को तबाह करके उनके ऑपरेशन को पूरी तरह बेपटरी कर सकता है।

पीएम मोदी ने आज सुबह साढ़े 11 बजे ट्विटर पर यह ऐलान किया था कि वे देश के नाम एक सम्बोधन देने वाले हैं। उन्होंने ट्वीट किया था ”मेरे प्यारे देशवासियों, आज सवेरे लगभग 11.45 – 12.00 बजे मैं एक महत्वपूर्ण संदेश लेकर आप के बीच आऊँगा।” लेकिन वे लगभग 12 बजकर 20 मिनट पर देश से मुखातिब हुए और इस पूरे ‘मिशन शक्ति’ के सफल होने की सूचना देशवासियों को दी।

 https://twitter.com/narendramodi/status/1110781818238693376

Exit mobile version