ट्विटर पर ट्रोलर को पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज का करारा जवाब

सुषमा स्वराज

PC: dnaindia

पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज एक बार फिर खबरों में हैं। कल शाम उन्होंने एक ट्वीट कर अपने एक ट्रोलर को ऐसा जवाब दिया कि ट्विटर यूजर्स उनकी जमकर तारीफ कर रहे हैं। दरअसल, एक यूजर ने सुषमा स्वराज के देहांत होने के बाद उनकी याद आने की बात लिखी थी। सुषमा स्वराज ने दिल्ली के एक भाजपा नेता के निधन पर एक ट्वीट किया था और ट्रोलर ने इसी ट्वीट एक जवाब में अपना यह शर्मनाक ट्वीट किया। हालांकि, सुषमा के मुंहतोड़ जवाब के बाद लोगों ने उस ट्रोलर को ही जमकर ट्रोल कर डाला।

दरअसल, 21 जुलाई को दिल्ली के भाजपा नेता मांगे राम गर्ग का निधन हो गया था। इसपर देश के सभी राजनीतिक हस्तियों ने अपना शोक प्रकट किया। सुषमा स्वराज ने भी इसको लेकर दो ट्विट्स किए। पहले ट्वीट में उन्होंने लिखा ‘श्री मांगे राम गर्ग जी के अकस्मात निधन का समाचार सुन कर बहुत दुःख हुआ। वह भारतीय जनता पार्टी के बहुत निष्ठावान और समर्पित कार्यकर्ता थे। उन्होंने अनेक पदों पर रह कर अपने दायित्व को बहुत ज़िम्मेदारी और कर्मठता से निभाया। उनके निधन से पार्टी को अपूरणीय क्षति पहुंची है’।

इसके बाद उन्होंने इसको लेकर एक और ट्वीट किया और लिखा ‘मृत्यु के बाद भी उन्होंने देहदान करके अपने पार्थिव शरीर को भी समाज के लिए समर्पित कर दिया। उनकी स्मृति को मेरी विनम्र श्रद्धांजलि’।

उनके इसी ट्वीट के जवाब में इरफ़ान ए खान नामक एक ट्विटर यूजर्स ने सुषमा स्वराज को ट्रोल करने की कोशिश में यह ट्वीट किया ‘आप की बहुत याद आएगी शीला दीक्षित की तरह अम्मा’। बता दें कि 20 जुलाई को दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री का 81 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था, और इसी बात को लेकर इस ट्विटर यूजर ने स्वराज को ट्रोल करने की कोशिश की।

https://twitter.com/KhanAIrfan_/status/1152890133483536384

इरफान ए खान के इस ट्वीट के बाद अब सुषमा स्वराज की जवाब देने की बारी थी। सुषमा स्वराज ने इस असभ्य ट्रोलर को सभ्य तरीके से मुंहतोड़ जवाब दिया। स्वराज ने लिखा ‘इस भावना के लिए आपको मेरा अग्रिम धन्यवाद’! 

बस, स्वराज ने इतना ही लिखा कि लोगों ने उस ट्रोलर को ही ट्रोल करना शुरू कर दिया। कुछ यूजर्स ने उसे इस तरह ट्रोल किया।

https://twitter.com/KalaHarshit/status/1152893882650071040

बता दें कि सुषमा स्वराज मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में पूरे पांच साल तक विदेश मंत्री रहीं थीं और अब दूसरे कार्यकाल में उनकी खराब सेहत की वजह से वे किसी भी आधिकारिक जिम्मेदारी से दूर हैं। हालांकि, अभी भी वे सोशल मीडिया के जरिये लोगों से जुड़े रहने का प्रयास करती हैं। सभी लोग उनके वक्ता कौशल और उनकी सादगी के लिए उनका आभार प्रकट करते हैं और वे लोगों के बीच अत्यंत लोकप्रिय हैं।

Exit mobile version