पूर्व अटॉर्नी जनरल vs सलमान के वकील, अब रिया चक्रवर्ती की मुश्कलें और बढ़ने वाली हैं

रिया चक्रवर्ती

सुशांत सिंह राजपूत की मौत को लेकर आये दिन कोई नया खुलासा देखने को मिल रहा है। पहले जिसे सिर्फ एक सुसाइड केस कहा जा रहा था उसमें अब रोज़ नए खुलासे हो रहे हैं। इसी क्रम में अब सुशांत की कथित गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती का नाम लगातार शक के दायरे में आता जा रहा है। सुशांत के परिवार ने रिया पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि रिया न सिर्फ सुशांत का मानसिक उत्पीड़न कर रहीं थीं, बल्कि उन्होंने सुशांत के बैंक एकाउंट से पैसों का गबन भी किया है।

इसी आरोप की जांच बिहार पुलिस ने शुरू कर दी है। जैसे ही जांच शुरू हुई, रिया चक्रवर्ती ने जांच पर स्टे लगाने के लिए कोर्ट का रास्ता अपना लिया। गौरतलब है कि ये वही रिया हैं, जिन्होंने सुशांत की मौत के बाद गृहमंत्री अमित शाह से सोशल मीडिया के माध्यम से सुशांत की मौत पर निष्पक्ष जांच की मांग की थी।

अब मामला बढ़ने पर रिया ने मशहूर वकील सतीश मानेशिंदे से संपर्क किया है। ये वही वकील हैं जिन्होंने 1993 बम ब्लास्ट मामले में संजय दत्त का और काले हिरण के अवैध शिकार के मामले में सलमान खान का केस लड़ा था। शिंदे महाराष्ट्र सरकार की ओर से पालघर मॉब लिंचिंग मामले में भी सरकारी वकील हैं। इन बातों से अंदाजा लगाया जा सकता है कि रिया चक्रवर्ती ने जिसे अपना वकील बनाया है, वो काफी हाई प्रोफाइल केस में ही उतरते हैं और उनके बॉलीवुड में अच्छे संबंध भी हैं। इतने महंगे वकील को अपना केस लड़ने के लिए देना भी कई शंकाएं पैदा करता है। वहीं, दूसरी तरफ बिहार सरकार की ओर से पूर्व अटॉर्नी जनरल मुकुल रोहतगी केस लड़ेंगे।

इस बीच रिया के खिलाफ सोशल मीडिया पर लगातार लोग अपना गुस्सा जाहिर कर रहे हैं। रिया चक्रवर्ती ने भी अपने बचाव में एक वीडियो अपलोड करते हुए कहा है कि ‘उन्हें ईश्वर और न्याय पर पूरा विश्वास है’। उनका कहना है कि भले ही उन्हें सोशल मीडिया में बदनाम किया जा रहा है और उनपर अनर्गल आरोप लगाए जा रहे हैं, लेकिन वे अपने बचाव में कुछ नहीं कहना चाहती क्योंकि मामला न्यायालय में है। रिया ने अंत में कहा कि सत्य की जीत होती है।

यह वीडियो तब सामने आया है जब एक दिन पहले ही रिया चक्रवर्ती का एक और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था, जिसमें उन्होंने नशे की हालत में टिप्पणी करते हुए कहा था कि उनका उनके बॉयफ्रेंड पर पूरा आधिपत्य जमा हुआ है। वे खुद को ताई कह रही हैं और अपने बॉयफ्रेंड का अपने मित्रों के सामने मजाक उड़ाती दिखाई दे रही हैं।

अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में उनके पिता के.के. सिंह ने पटना के राजीव नगर पुलिस स्टेशन में रिया चक्रवर्ती के विरुद्ध IPC की धारा 306, 341, 342, 380, 406 और 420 के तहत मुकदमा दर्ज करवाया है। यही नहीं सुशांत के पिता ने यह भी आरोप लगाया है कि रिया ने उनके बेटे के एकाउंट से 15 करोड़ रुपये चुराए हैं। रिया चक्रवर्ती पर सुशांत को दवाइयों की ओवरडोज देने का भी आरोप लगा है। गौरतलब है कि मुम्बई पुलिस की जांच भी अब सवालों के घेरे में आ गई है क्योंकि इससे पहले मुम्बई पुलिस ने रिया से सवाल किये थे, मगर वह किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच सकी थी। अब सुशांत की मौत के केस में बिहार पुलिस के कूद जाने के बाद मुम्बई पुलिस पर अपनी साख बचाने का दबाव है। साथ ही अब ED भी पैसे के लेन-देन में हुए घपले की जांच में जुट गई है।

सुशांत की मौत पर मीडिया के एक तबके ने सुशांत को डिप्रेशन की बीमारी का शिकार बताया था, लेकिन जैसे जैसे दिन बीत रहे हैं, मामला बदलता जा रहा है। आगे किन-किन लोगों के नाम सामने आएंगे, यह भी देखने लायक होगा।

Exit mobile version