‘नियम का पालन करो या बैन होने के लिए तैयार रहो’, विकिपीडिया को भारत सरकार की चेतावनी

विकीपीडिया

भारतीय भौगोलिक नक्शे के साथ आजकल अंतरर्राष्ट्रीय कंपनियां कुछ ज्यादा ही खिलवाड़ करने लगी हैं, जो लगातार जम्मू-कश्मीर के पीओके और अक्साई चिन वाले हिस्से को भारत से अलग दिखाते हैं। इस उल्लंघन करने वाली लिस्ट में एक नया नाम विकीपीडिया का भी जुड़ गया है जिसमें भारतीय नक्शे के साथ खिलवाड़ किया गया है। इसको लेकर देश की मोदी सरकार ने विकीपीडिया को चेतावनी दे दी है कि अगर ये गलतियां तत्वरित रूप से नहीं सुधारी गईं, तो विकिपीडिया पर सख्त कार्रवाई करने के लिए केंद्र सरकार मजबूर होगी, और विकीपीडिया का भारत से दाना-पानी भी उठ जाएगा।

गलती सुधारो वरना भारत छोड़ो

पूरी दुनिया में ज्ञान की गंगा बहाने वाली इन्फोर्मेशन वेबसाइट विकीपीडिया पिछले लंबे वक्त से भारत के जम्मू-कश्मीर का गलत मैप दिखा रहा है, जिस पर एक सोशल मीडिया यूजर ने आपत्ति जाहिर की, तो मोदी सरकार ने तुरन्त विकीपीडिया को आड़े हाथों ले लिया है। एक्शन में आए इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की धारा 69(A) के विकिपीडिया को उस गलत मैप दिखाने वाले लिंक को जल्द ही हटाने आदेश जारी किया है।।

खबरों के मुताबिक ट्विटर यूजर ने भारत-भूटान संबंध पर विकिपीडिया पेज पर ध्यान आकर्षित किया था, जहां दिखाए गए नक्शे में जम्मू-कश्मीर को गलत तरीके से दर्शाया गया था। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री रविशंकर प्रसाद ने इस पर संज्ञान लेते हुए 27 नवंबर को एक त्वरित आदेश जारी किया। खास बात ये है कि अब अगर विकीपीडिया जल्द ही इसे ठीक करने या लिंक हटाने का काम नहीं करती है तो भारत में सरकार कार्रवाई के तहत इसे बैन भी कर सकती है।

ट्विटर को सिखा चुके हैं सबक

दरअसल, जिस राह पर विकीपीडिया पर चल रहा है उसी राह पर चलने की गलती माइक्रोब्लॉगिंग साइट ट्विटर भी कर चुका है। ट्विटर ने एक लाइव के दौरान जम्मू-कश्मीर के इलाक़े को चीनी क्षेत्र बता दिया था। इसके बाद आक्रोषित भारत सरकार ने ट्विटर को तलब किया था। नतीजा ये हुआ कि न सिर्फ ट्विटर ने अपनी गलती सुधारी बल्कि बिना शर्त माफी मांगते हुए ऐप की घटना को तकनीकी खामी बताया।

इसके अलावा कुछ ऐसा ही हाल भारत सरकार ने चाइनीज स्मार्टफोन निर्माता कंपनी शाओमी की सबब्रांड कंपनी रेडमी का भी किया था जिसके सॉफ्टवेयर के मौसम अनुमान के मैप में भारतीय पूर्वोत्तर राज्य अरुणाचल प्रदेश ही गायब कर दिया गया था। इस मुद्दे पर भारत सरकार की आपत्ति का असर ये हुआ कि रेडमी ने अपनी गलती सुधारी और शाओमी इंडिया के प्रमुख मनु कुमार जैन ने इस पर खेद भी जताया।

संप्रभुता से खिलवाड़ नहीं चलेगा

पहले शाओमी फिर ट्विटर और अब विकीपीडिया ये सभी लगातार भारत के गलत मैप को लेकर भारत सरकार के निशाने पर आ चुकी हैं। जिसके चलते भारत सरकार के लिए इन पर एक्शन लेना अब जरूरी हो गया था। इसीलिए इन सभी कंपनियों को न केवल नोटिस दिया गया बल्कि चेतावनी भी दे दी गई कि अगर गलतियां तत्वरित रूप से नहीं सुधारी गईं, तो विश्व के सबसे बड़े और धन-धान्य मार्केट भारत से अपने धंधे का बोरिया बिस्तर समेटना पड़ जाएगा, क्योंकि संप्रभुता से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Exit mobile version