महिला शक्ति का अथाह प्रदर्शन! इन 11 महिलाओं के सहयोग से देश चलाएंगे पीएम मोदी

महिलाओं के हाथ में देश की कमान!

मंत्रिमंडल

मोदी सरकार ने अपने मंत्रिमंडल विस्तार में इस बार महिलाओं को ख़ूब तरज़ीह दी है। 7 महिलाओं को पीएम मोदी ने मंत्रिमंडल में शामिल किया है, इसमें अनुप्रिया पटेल दूसरी बार मंत्री बनी हैं बाकी सभी महिलाएं पहली बार मंत्री बनी हैं। इस तरह देखा जाए तो अब मोदी मंत्रालय में महिलाओं की संख्या बढ़कर 11 हो गई है। पहली बार केंद्रीय कैबिनेट में महिलाओं का प्रतिनिधित्व इस रूप में दिखा है।

कैबिनेट विस्तार से पहले वित्त मंत्री के तौर पर निर्मला सीतारमण, महिला एवं बाल विकास मंत्री के तौर पर स्मृति ईरानी समेत कई महिला मंत्री कार्य कर रहीं थीं। अब भाजपा की मीनाक्षी लेखी, शोभा कारंदलजे, दर्शना जरदोश, अन्नपूर्णा देवी, प्रतिमा भौमिक, भारती पवार और अपना दल (एस) की अनुप्रिया पटेल ने राज्य मंत्री के तौर पर शपथ ली है।

यह भी पढ़ें- माया मिली ना राम! नीतीश कुमार और ‘सत्ता के लालच’ ने डुबो दी सुशील कुमार मोदी की लुटिया

जिन 7 महिलाओं को इस बार मौका दिया गया है, उनमें केंद्रीय मंत्रिमंडल में दिल्ली से मीनाक्षी लेखी प्रतिनिधित्व करती नज़र आएंगी, जिन्हें विदेश राज्य मंत्री और संस्कृति राज्य मंत्री का दर्जा दिया गया है।

वहीं, अगर कर्नाटक की शोभा कारंदलजे की बात करें तो संघ से उनका बेहद जुड़ाव है। कहा ये भी जाता है संघ को पूर्णकालिक समय देने की वजह से उन्होंने शादी नहीं की थी। इसी निष्ठा और लगन का परिणाम है कि आज उन्हें कृषि कल्याण राज्यमंत्री का दायित्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सौंपा है।

दर्शना जरदोश, गुजरात के सूरत से लगातार तीसरी बार सांसद चुनकर आई हैं। उन्हें इस बार केंद्रीय रेल राज्य और कपड़ा राज्य मंत्री बनाया गया है।

अन्नपूर्णा देवी को एक वक्त में लालू प्रसाद यादव का करीबी गिना जाता था। 2019 में उन्होंने आरजेडी छोड़कर बीजेपी का दामन थाम लिया और पहली बार कोडरमा से महागठबंधन प्रत्याशी और झामुमो के कद्दावर नेता और पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी को हराकर लोकसभा पहुंची। इसके साथ ही अन्नपूर्णा देवी का कद बीजेपी में बढ़ता चला गया। बीजेपी ने उन्हें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी बनाया अब उन्हें शिक्षा राज्य मंत्री बनाया गया है।

प्रतिमा भौमिक ने इस विस्तार में अपना नाम इतिहास में दर्ज़ करा लिया। त्रिपुरा से आने वाली वो पहली महिला केंद्रीय मंत्री बनी हैं। प्रतिमा भौमिक को सामाजिक न्याय और अधिकारिता राज्यमंत्री बनाया गया है।मंत्रिमंडल विस्तार में नासिक से चुनकर आईं भारती पवार को स्वास्थ्य और परिवार कल्याम राज्यमंत्री बनाया गया है।

वहीं अगर बात अनुप्रिया पटेल की करें तो अनुप्रिया पटेल इससे पहले 2016-19 तक केंद्रीय कैबिनेट का हिस्सा थीं। अनुप्रिया पटेल की पार्टी अपना दल (एस) यूपी में बीजेपी की साथी दल की भूमिका निभाती है। अनुप्रिया पटेल को वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय में राज्य मंत्री का दायित्व दिया गया है।

Exit mobile version