“पार्टी में नहीं है महिलाओं की इज्ज़त”, UP कांग्रेस महिला मोर्चा की अध्यक्ष ने फोड़ा भांडा

कांग्रेस पार्टी में महिला नेता नहीं है सुरक्षित!

प्रीति तिवारी

जब से प्रियंका गाँधी ने उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की कमान अपने हाथों में ली है तब से इस पार्टी के लिए कुछ भी अच्छा नहीं हो रहा है। पार्टी में आतंरिक कलह बढ़ता ही जा रहा है। अब इसी क्रम में मथुरा में चल रहे प्रशिक्षण शिविर के पहले ही दिन हंगामा हो गया। उत्तर प्रदेश कांग्रेस महिला मोर्चा की अध्यक्ष प्रीति तिवारी ने कांग्रेस के ही प्रदेश उपाध्यक्ष योगेश दीक्षित पर अभद्रता का आरोप लगाकर प्रशिक्षण शिविर छोड़कर चली गयी।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार महिला कांग्रेस कमेटी की प्रदेश अध्यक्ष प्रीति तिवारी प्रशिक्षण शिविर के प्रथम सत्र में शिरकत करने आईं थी। जब वे शिविर स्थल पर पहुंचीं, उस समय राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी का वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यकर्ताओं से संवाद चल रहा था। प्रीति के अनुसार, जब वे हॉल में प्रवेश कर रहीं थीं तभी गेट पर मौजूद प्रदेश उपाध्यक्ष ने उन्हें लेट आने की बात कहकर रोक दिया और अभद्रता की।

शिविर का सत्र चलने के कारण उन्होंने उस समय तो कुछ नहीं कहा और शांत होकर बैठ गईं, लेकिन जब वीडियो कांफ्रेंसिंग समाप्त हुआ, तो उन्होंने अपने साथ हुई अभद्रता एवं बदसलूकी के लिए हंगामा शुरु किया। यह सुनकर वहां मौजूद पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता सभी के होश उड़ गए।

प्रीति तिवारी ने प्रदेश सचिव योगेश तालान व उपाध्यक्ष योगेश दीक्षित पर बदतमीजी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि, “यहां नेताओं को तमीज नहीं है। मेरा कंधा पकड़कर शिविर में प्रवेश करने से रोका गया। महिला प्रदेश अध्यक्ष का कहना था कि अभी तो यह पार्टी जीरो पर है तब इनका यह हाल है। बीजेपी या कोई और पार्टी की तरह सफल रहते तो सब के सब पागल हो जाते। इससे तो भाजपा ही बहुत अच्छी है।“ उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी नेतृत्व कर रही हैं, लेकिन पार्टी में महिलाओं की इज्जत नहीं है।

योगेश दीक्षित के व्यवहार से प्रीति तिवारी भड़क गईं। इस स्थिति में उनका गुस्सा शांत करने के लिए वहां पर कांग्रेस के विधानमंडल दल के पूर्व नेता प्रदीप माथुर, वरिष्ठ नेता महेश पाठक कोशिश करते रहे। हालाँकि, यह मामला बढ़ते हुए कार्यक्रम में भाग लेने आये पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद तक पहुंच गया। कांग्रेस नेता प्रीति तिवारी ने इस मामले को लेकर अपना विरोध सलमान खुर्शीद के समक्ष भी रखा, लेकिन वह बिना कोई एक्शन लिए वहां से निकल गए।

इसी पर कांग्रेस महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष प्रीति तिवारी ने प्रदेश उपाध्यक्ष योगेश दीक्षित पर अभद्रता का आरोप लगाते हुए शिविर छोड़ दिया।

बता दें कि मथुरा से प्रियंका गांधी की नेतृत्व में कांग्रेस ने ब्लाक अध्यक्ष सहित जिला और शहर अध्यक्षों के प्रशिक्षण की शुरुआत की है। प्रशिक्षण छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की टीम दे रही थी। इस शिविर में आगरा और कानपुर मंडल के कांग्रेस पदाधिकारी भाग लेने पहुंचे थे। हालाँकि, हंगामा के बाद अब यह देखना है कांग्रेस के पदाधिकारी अभद्रता करने वालों के खिलाफ क्या एक्शन लेते हैं।

Exit mobile version