महिला को धमकाने वाले भाजपा विधायक अरुण लिंबावली पर होना चाहिए एक्शन

कुछ दिन पहले इनकी बेटी ने की थी पुलिसवाले से बदतमीजी!

Arvind Limbavli

Source- TFI

सत्ता का दुरपयोग और अपने पद की हनक किसी को भी आपराधिक श्रेणी में ला सकती है और ‘अपराधी’ किसी दल के नहीं होते क्योंकि असल में खोट इनके दिल में होती है। इनकी गलतियों का खामियाजा राजनीतिक दलों को उठाना पड़ता है। कर्नाटक में वैसे तो कानून व्यवस्था इस समय उच्च श्रेणी की है। सीएम बसवराज बोम्मई के नेतृत्व में राज्य की स्थिति काफी बेहतर है लेकिन सत्ता की हनक में उनके विधायक ही आपराधिक प्रवृत्ति अपना रहे हैं। हाल ही में एक मामला सामने आया जिसमें भाजपा विधायक ने पहले तो महिला के साथ बदसलूकी की और बाद में अपनी पहुंच के दम पर उसी महिला को गिरफ्तार भी करवा दिया, जो कि शर्मनाक है।

दरअसल, कर्नाटक में भाजपा विधायक की ओर से महिला के साथ बदसलूकी का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। BJP विधायक अरविंद लिंबावली ने महिला को गाली भी दी है। यह घटना तब की है जब MLA को महिला शिकायत भरा पत्र सौंपने पहुंची थी। इस पत्र में बेंगलुरु के वरथुर में बारिश के बाद होने वाली समस्याओं को उठाया गया था। ऐसे में विधायक ने महिला की बात तो नहीं सुनी बल्कि उसे अपमानित कर एक नया विवाद ही खड़ा कर दिया जिसके कारण अब विधायक सभी के रडार में आ गए हैं।‌

 

विधायक अरविंद लिंबावली बारिश और जलभराव की स्थिति को लेकर शिकायत करने पहुंची महिला के हाथ से पेपर खींचकर फाड़ते हुए भी नजर आ रहे हैं। वो महिला पर जोर-जोर से चिल्लाते हुए भी नजर आ रहे हैं। वीडियो में वह महिला के साथ अभ्रद भाषा का प्रयोग करने के साथ उसके साथ दुर्व्यवहार भी करते दिख रहे हैं। इस घटना के वीडियो में देखा जा सकता है कि विधायक से महिला बात करने की कोशिश करती है लेकिन नाकाम रहती है। विधायक को महिला शिकायत भरी चिट्ठी दिखाती है तो वो उसे गुस्से में छीन लेते हैं। इस मौके पर पुलिसकर्मी समेत दूसरे लोग भी मौजूद हैं। विधायक को महिला से तेज आवाज में बात करते और डांटते देखा जा सकता है।

अपनी शिकायत लेकर विधायक के पास पहुंची महिला के साथ भाजपा विधायक ने न केवल बदसलूकी की बल्कि उन्हें परेशान भी किया। यहां तक कि महिला को पुलिस के हवाले भी करवा दिया। वहीं, जब महिला ने सही ढंग से बात करने को कहा तो उन्होंने कहा कि उससे बात करने का कोई मतलब नहीं है। विधायक के निर्देश पर दो महिला पुलिसकर्मी महिला को पुलिस थाने ले गईं। दूसरी ओर विवादित वीडियो पर सवाल करने पर विधायक लिंबावली ने कहा, “जाओ और लोगों से बात करो। मुझसे सवाल क्यों कर रहे हो? क्या मैंने उसका रेप किया है?”

और पढ़ें: कर्नाटक में येदियुरप्पा निकालेंगे ‘सावरकर रथ यात्रा’, पीछे घिसेंगे कांग्रेस जेडीएस

इससे पहले भी चर्चा में आ चुके हैं विधायक

ऐसा नहीं है कि ये भाजपा विधायक पहली बार चर्चा में आए हैं, इससे पहले भी वो रडार पर आ चुके हैं। जैसा व्यवहार उनका है उनकी बेटी भी उसी तरह से बर्ताव करती हैं। कुछ दिनों पहले विधायक अरविंद लिंबावली की बेटी ने पुलिस से बदसलूकी की थी। पुलिस ने उनकी बेटी को ओवरस्पीड में कार चलाने और रैश ड्राइविंग के कारण रोका था। बीएमडब्ल्यू कार में सवार विधायक की बेटी ने पुलिस विभाग से जुड़ी एक कार को ओवरटेक करने की कोशिश की थी। यह घटना विधानसभा के पास ही स्थित कैपिटल होटल के नजदीक हुई थी, जहां भाजपा की मीटिंग चल रही थी।

ओवरस्पीड होने पर पुलिसकर्मियों ने उनकी गाड़ी को रोका था। इस पर विधायक की बेटी और पुलिस वालों के बीच बहस हो गई थी। विधायक की बेटी का कहना था कि उसने किसी नियम का उल्लंघन नहीं किया है और उसे जाने दिया जाए, जबकि पुलिस इस बात पर अड़ी थी कि उनकी स्पीड ज्यादा थी। इसी बहस के बीच उसने कहा कि मैं विधायक की बेटी हूं। उसने यह भी कहा था कि उस पर इस मामले में केस नहीं हो सकता।

यह दर्शाता है कि विधायक अपने रसूख का बेतरतीबी से कितना फायदा उठाते हैं और जनता समेत अधिकारियों को एक नौकर की तरह देखते हैं जो कि आपत्तिजनक है! स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले से भाषण के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं के सम्मान की बात कही थी। उनका आग्रह था कि महिलाओं को प्रत्येक क्षेत्र में समानता का दर्जा मिले लेकिन अब भाजपा के विधायक ही महिलाओं के अपमान की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं‌। ऐसे में आवश्यक है कि इस मामले में सीएम बसवराज बोम्मई का दखल हो और विधायक को न केवल कानूनी पाठ पढ़ाई जाए बल्कि विधायक के आदेश पर महिला के साथ बदसलूकी करने वाले पुलिस अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाए। ये पुलिसकर्मी विधायक के किसी निजी बाउंसरों की तरह बर्ताव कर रहे हैं और विधायक की चापलूसी में किसी को गिरफ्तार कर लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहे हैं।

TFI का समर्थन करें:

सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की ‘राइट’ विचारधारा को मजबूती देने के लिए TFI-STORE.COM से बेहतरीन गुणवत्ता के वस्त्र क्रय कर हमारा समर्थन करें।

Exit mobile version