BJP को मिला 3 निर्दलीयों का समर्थन, हरियाणा में 51 हो जाएगा आँकड़ा: PM मोदी से मिले CM सैनी

राजेश जून और देवेंद्र कादयान का भाजपा को समर्थन

नायब सिंह सैनी, नरेंद्र मोदी, हरियाणा, निर्दलीय

हरियाणा में जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, निर्दलीयों का भाजपा को समर्थन

हरियाणा विधानसभा चुनाव के परिणाम आ चुके हैं, भाजपा ने 48 सीटें जीतते हुए लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी कर ली है। 90 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस 37 पर ही अटक गई, वहीं भाजपा को बहुमत से 2 अधिक सीटें आईं। बहुमत के लिए 46 सीटें चाहिए थीं, पार्टी को 48 मिलीं। इसी बीच बुधवार (9 अक्टूबर, 2024) को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से PMO में मुलाकात की है। राज्य में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडोली भी दिल्ली पहुँचे हैं। सरकार बनाने के लिए आलाकमान और राज्य नेतृत्व के बीच विचार-विमर्श जारी है। चुनाव परिणाम वाले दिन शाम को दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय के बाहर कार्यकर्ताओं का जमावड़ा भी लगा।

मार्च 2024 में नायब सिंह सैनी को हरियाणा का मुख्यमंत्री बनाया गया था। उससे पहले साढ़े 9 साल तक राज्य के CM रहे मनोहर लाल खट्टर से इस्तीफा दिलाया गया था। 2024 लोकसभा चुनाव के बाद उन्हें केंद्र की राजनीति में लाकर बिजली और आवासन एवं शहरी विकास मंत्री बनाया गया। भाजपा का ये फॉर्मूला उत्तराखंड, त्रिपुरा और गुजरात की तरह ही हिट रहा और सारे एग्जिट पोल्स को धता बताते हुए जनता ने उसे विजयी बनाया। मात्र 0.85% वोट की बढ़त के साथ भाजपा ने कांग्रेस से 11 सीटें अधिक जीत लीं।

अब ये भी जान लीजिए कि भले ही चुनाव आयोग की वेबसाइट पर भाजपा की सीटों का आँकड़ा 48 दिख रहा हो, लेकिन बाहर से पार्टी को इससे अधिक विधायकों का समर्थन मिल गया है। हिसार से उद्योगपति परिवार से आने वाली सावित्री जिंदल ने चुनाव जीता। वो OP जिंदल कंपनीज ग्रुप की अध्यक्ष हैं। उनके बेटे नवीन जिंदल कुरुक्षेत्र से भाजपा के सांसद हैं। सावित्री जिंदल और उनके बेटे पहले कांग्रेस में रहे हैं, लेकिन फिर वो भाजपा में आ गए। इसी तरह गन्नौर सीट पर युवा देवेंद्र कादियान जीते हैं।

देवेंद्र इस बार भाजपा से टिकट माँग रहे थे, लेकिन उन्हें टिकट नहीं मिला था। पिछली बार वो JJP से चुनाव लड़ कर हार गए थे। इसी तरह बहादुरगढ़ विधानसभा सीट से राजेश जून ने चुनाव लड़ा और भाजपा नेता दिनेश कौशिक को बड़े अंतर से हराया। वो कांग्रेस से टिकट चाह रहे थे लेकिन पार्टी ने उन्हें टिकट नहीं दिया था। इसके बाद वो निर्दलीय मैदान में कूद गए। ये वो 3 निर्दलीय हैं, जिनके समर्थन के बाद नायब सिंह सैनी को 51 विधायकों का समर्थन प्राप्त होगा।

नायब सिंह सैनी का मुख्यमंत्री बनना तय है, अब देखना है मंत्रिमंडल में कौन-कौन चेहरे शामिल किए जाते हैं। राजेश जून और देवेंद्र कादियान ने आधिकारिक रूप से भाजपा नेताओं से मिल कर समर्थन की घोषणा कर दी है।

Exit mobile version