फँस गया मोहम्मद ज़ुबैर, यूपी पुलिस ने दर्ज की FIR: भड़काऊ पोस्ट के बाद मंदिर के बाहर जुटी थी भीड़

यति नरसिंहानंद से जुड़ा है मामला

मोहम्मद ज़ुबैर, ALTNews

मोहम्मद ज़ुबैर के खिलाफ यूपी पुलिस ने दर्ज की FIR

उत्तर प्रदेश में मोहम्मद ज़ुबैर पर FIR दर्ज कर ली गई है। उसने डासना शिव-शक्ति धाम और इसके महंत यति नरसिंहानंद गिरी के खिलाफ मुस्लिमों को भड़काया था। सोशल मीडिया पर मोहम्मद ज़ुबैर द्वारा की गई इस हरकत के बाद जूना अखाड़ा के महामंडलेश्वर यति नरसिंहानंद गिरी के खिलाफ नारे लगाती हुई भीड़ गाजियाबाद स्थित डासना मंदिर के बाहर पहुँच गई थी। यूपी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मंदिर की सुरक्षा सुनिश्चित की थी। अब गाजियाबाद कमिश्नरेट स्थित कवि नगर थाने में ALTNews के संस्थापक मोहम्मद ज़ुबैर के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है। वो हिन्दू विरोधी घृणा फैलाने के लिए पहले से ही कुख्यात है।

मोहम्मद ज़ुबैर के खिलाफ BNS (भारतीय न्याय संहिता) की 5 धाराएँ लगाई हैं। TFI (थिंक फॉर इंडिया) के पास मौजूद FIR कॉपी के अनुसार, उसके खिलाफ BNS की धारा-196 (विभिन्न समूहों के बीच शत्रुता को बढ़ावा देना), 228 (लोकसेवक के कार्यों में विघ्न डालना), 299 (इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से किसी धर्म की भावनाओं को आहत करना), 356(3) (गलत जानकारी प्रकाशित कर किसी की मानहानि करना) और 351(2) (किसी को चोट या संपत्ति को नुकसान पहुँचाना) जैसी धाराएँ लगाई गई हैं। भाजपा नेत्री उदिता त्यागी ने इस FIR को दर्ज कराया है।

उदिता त्यागी SJVN (सतलज जल विद्युत निगम) की स्वतंत्र निदेशक और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भाजपा महिला मोर्चा की क्षेत्रीय मंत्री हैं। साथ ही वो CS दिशा फाउंडेशन की अध्यक्ष हैं एवं ‘अखिल भारतीय ब्रह्मर्षि महासंघ’ की महासचिव हैं। उदिता त्यागी ने अपनी शिकायत में लिखा है कि मोहम्मद ज़ुबैर के भड़काने पर हजारों मुस्लिमों ने डासना शिव-शक्ति धाम पर हमला कर यति नरसिंहानंद गिरी की हत्या का प्रयास किया। उन्होंने याद दिलाया है कि मोहम्मद ज़ुबैर पहले भी पुराने वीडियो शेयर कर के घृणा फैला चुका है, उसने 10 भाजपा नेताओं की हिटलिस्ट तैयार कर रखी है जिस कारण इस्लामी ताक़तें उनके पीछे पड़ गई हैं।

उन्होंने आरोप लगाया है कि महाराज जी के पुराने क्लिप्स शेयर कर मोहम्मद ज़ुबैर ने घृणा फैलाई। सब-इंस्पेक्टर मोहित कुमार को इस मामले की जाँच सौंपी गई है। FIR में ये भी याद दिलाया गया है कि भाजपा नेता (अब निलंबित) नूपुर शर्मा का क्लिप काट कर भी मोहम्मद ज़ुबैर ने ही वायरल किया था, जिस कारण उस समय कई हत्याएँ हुईं। उदिता त्यागी ने अंदेशा जताया है कि अगर उस पर कार्रवाई नहीं की गई तो बहुत सारे हिन्दुओं को खतरा हो सकता है। मोहम्मद ज़ुबैर ने यति नरसिंहानंद गिरी पर कई ट्वीट्स किए हैं।

मोहम्मद ज़ुबैर के खिलाफ FIR दर्ज
मोहम्मद ज़ुबैर के खिलाफ FIR दर्ज

 

बता दें कि उत्तर प्रदेश से लेकर महाराष्ट्र तक उनके खिलाफ इस्लामी कट्टरपंथी भीड़ न सिर्फ सड़क पर उतरी बल्कि भड़काऊ नारे भी लगाए। शुक्रवार (4 अक्टूबर, 2024) की रात को अचानक से डासना मंदिर के बाहर भीड़ जुट गई थी। यति नरसिंहानंद गिरी पर पैगंबर मुहम्मद पर आपत्तिजनक बयान देने का आरोप लगाते हुए ये सारा उपद्रव किया जा रहा है। इससे पहले महाराष्ट्र के महंत रामगिरी महाराज के खिलाफ भी भीड़ ने हिंसा की थी और पुलिस पर हमले हुए थे।

Exit mobile version