मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, पीएम मोदी के ‘मेक इन इंडिया’ और ‘विकसित भारत’ के सपने को सरकार करने में लगे हुए हैं। इसी कड़ी में जापान यात्रा से लौटे CM यादव ने कहा है कि जापान की कई बड़ी कंपनियां भारत में निवेश करने को तैयार हैं। इसके अलावा उन्होंने कहा है कि 12वीं कक्षा के मेधावी छात्र-छात्राओं को लैपटॉप और स्कूटी दी जाएगी। इतना ही नहीं राज्य सरकार ने 7500 पुलिसकर्मियों की भर्ती की भी अनुमति दी है।
जापान यात्रा से लौटने के बाद मीडिया से बात करते हुए मध्य प्रदेश के CM मोहन यादव ने कहा है कि इस दौरे में जापानी कंपनियों ने मध्य प्रदेश में निवेश करने के लिए गहरी रुचि दिखाई है। जापान भारत का पांचवां सबसे बड़ा निवेशक है। पिछले दो दशकों में जापान ने भारत में 38 बिलियन डॉलर से अधिक का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) किया है। दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार लगभग 20 बिलियन डॉलर का है। इसमें लगातार बढ़ोतरी हो रही है। मध्यप्रदेश और जापान के बीच मजबूत व्यापारिक रिश्ते रहे हैं।
जापानी संस्कृति से मध्यप्रदेश की समृद्धि तक…
जापानी संस्कृति से परिचय से लेकर निवेशकों को मध्यप्रदेश में निवेश के लिए आकर्षित करने तक चार दिवसीय जापान यात्रा अत्यंत सुखद एवं सफल रही।
निश्चित ही जापान की यह यात्रा मध्यप्रदेश में निवेश के नये आयाम गढ़ेगी और फरवरी में भोपाल में… pic.twitter.com/F0YeehhmZ6
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) February 1, 2025
सीएम यादव ने यह भी कहा है कि मध्य प्रदेश में पहले से ही कई जापानी कंपनियां सफलतापूर्वक काम कर रही हैं। इंदौर से सटे पीथमपुर में ब्रिजस्टोन नामक कंपनी ने विश्वस्तरीय टायर प्रोडक्शन प्लांट स्थापित किया है। यह प्लांट रोजगार सृजन और निर्यात में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। पैनासोनिक जैसी दिग्गज कंपनी ने भी एमपी में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। एनएसके, सानोह और कामात्सु जैसी जापानी कंपनियां भी मध्य प्रदेश में काम कर रही हैं। ये कंपनियां ऑटोमोटिव और मशीनरी क्षेत्र में अहम योगदान दे रही हैं। मध्यप्रदेश से जापान को होने वाला निर्यात लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि जापान यात्रा के दौरान बैठकों से इन व्यापारिक संबंधों को और मजबूती मिलेगी। साथ ही नए निवेश और व्यापार के अवसर भी खुलेंगे।
CM ने आगे कहा कि मध्य प्रदेश को हाल ही में आयोजित औद्योगिक सम्मेलनों और अंतर्राष्ट्रीय रोड शो से 4 लाख करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इसके अतिरिक्त 30000 करोड़ रुपए की परियोजनाओं के लिए भूमि का आवंटन पहले ही किया जा चुका है। आने वाले समय में भारत-जापान औद्योगिक सहयोग को मजबूती मिलने की उम्मीद है। इसमें, मध्य प्रदेश केंद्रीय भूमिका में होगा।
छात्र-छात्राओं को जल्द मिलेगी लैपटॉप-स्कूटी की सौगात:
सीएम मोहन यादव ने 12वीं के मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित करने के लिए जल्द से जल्द लैपटॉप और स्कूटी देने का ऐलान किया है। सीएम यादव ने X पर पोस्ट करते हुए कहा है, “मध्य प्रदेश सरकार प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। इसी क्रम में शीघ्र ही विद्यार्थियों को लैपटॉप की राशि तथा प्रावीण्य सूची में आने वाले पात्र विद्यार्थियों को स्कूटी भी प्रदान की जाएगी।”
मध्यप्रदेश सरकार प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है…
इसी क्रम में शीघ्र ही विद्यार्थियों को लैपटॉप की राशि तथा प्रावीण्य सूची में आने वाले पात्र विद्यार्थियों को स्कूटी भी प्रदान की जायेगी। pic.twitter.com/Laq3yyOhPD
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) February 2, 2025