‘नड्डा के पैरों में संविधान’: कांग्रेस ने अधूरा वीडियो शेयर कर किया फर्जी दावा, जानिए क्या है सच्चाई

जेपी नड्डा संविधान पैर

संसद में संविधान की प्रति दिखाते JP नड्डा (फोटो: वायरल वीडियो का स्क्रीनग्रैब)

एक के बाद एक कई चुनावों में हार का सामना करने के बाद भी कांग्रेस पार्टी और उसके नेता सुधरने का नाम नहीं ले रहे हैं। यह इसलिए कहा जा रहा है क्योंकि कांग्रेस नेताओं ने एक बार फिर आधे-अधूरे वीडियो शेयर कर गलत दावे किए हैं। नया दावा BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष JP नड्डा से जुड़ा है। इस वीडियो को लेकर कांग्रेस नेताओं ने दावा किया है कि नड्डा देश के संविधान को अपने पैर पर रखते हैं।

राजस्थान के भरतपुर से कांग्रेस सांसद संजना जाटव ने एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “आज राज्य सभा में संविधान को अपने पैरों के पास रखते नजर आए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा जी। आखिर BJP को बाबासाहेब अंबेडकर के संविधान से इतनी नफरत क्यों है?”


उत्तर प्रदेश से कांग्रेस के विधायक रहे सत्य नारायण पटेल ने एक्स पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “संविधान की मूल प्रति को उच्च सदन राज्यसभा में अपने पैरों में रखते मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा। भाजपाइयों की संविधान के प्रति नफरत उनके नकली प्रेम के सामने जाहिर हो ही जाती है। बाबा साहब के संविधान को पैरों में रखना बताता है कि भाजपा को संविधान से कितनी नफरत है।”

मध्य प्रदेश कांग्रेस ने एक्स पर वीडियो शेयर कर लिखा, “राज्यसभा में संविधान को पैर के पास रखकर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भाजपाई संस्कारों का परिचय दिया है! देश आज फिर पूछ रहा है “भाजपा को संविधान से इतनी नफरत क्यों है? जय बापू। जय भीम। जय संविधान।”

कांग्रेस नेता मनीष मिर्धा ने एक्स पर एक वीडियो शेयर कर लिखा, “सदन में जेपी नड्डा जी ने संविधान की प्रति को अपने पैरों में रख कर आज फिर ये साबित कर दिया कि बीजेपी के लिए संविधान का कोई महत्व नहीं है।”


कांग्रेस आईटी सेल के सदस्य मोहम्मद वसीम ने लिखा, “नड्डा जी के पैरों में संविधान”


कांग्रेस नेताओं द्वारा आधे वीडियो यानी कि क्लिप काट कर शेयर करने के बाद यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा था। इसके बाद इस पर BJP नेता और राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने इसका पूरा वीडियो शेयर किया। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि जेपी नड्डा संविधान को हाथ में उठाकर सदन में दिखा रहे हैं। इस दौरान जब वह डेस्क पर रखकर पन्ने पलटने की कोशिश करते हैं तो असंतुलित होकर संविधान की प्रति नीचे गिरने लगती है। इस पर नड्डा नीचे झुककर उसे संभालते हुए ऊपर उठाकर सदन में फिर से दिखाते नजर आ रहे हैं।

सुधांशु त्रिवेदी ने यह वीडियो एक्स पर शेयर करते हुए लिखा है, “संविधान के मूल प्रारूप में से प्रेरणा के प्रतीक चित्रों को हटाकर संविधान निर्माताओं के मूल भाव को नष्ट करने का प्रयास करने वाले वे लोग आज जो मुखौटा लगाकर संविधान की बात कर रहे हैं। आज संसद में भारतीय जनता पार्टी और हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा जी के द्वारा उठाए गए विषय से तार तार हो गया। अब हिंदी में एक कहावत है कि खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे है उसी के अनुरूप बहुत छिछले स्तर की राजनीति करते हुए क्लिप को एडिट करके दुष्प्रचार करने की पुरानी फ़ितरत से वो बाज़ नहीं आ रहे हैं और हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष पर निराधार आरोप लगा रहे हैं यह पूरी क्लिप आपके संज्ञान के लिए प्रेषित है।”

मतलब साफ है कि संविधान के अपमान के नाम पर अधूरा वीडियो शेयर कर कांग्रेस नेता झूठ फैलाने की कोशिश कर रहे थे। इससे पहले भी गृह मंत्री अमित शाह द्वारा संसद में दिए गए बयान को कांग्रेस नेताओं ने गलत तरीके से पेश किया था। इतना ही नहीं सरकार के खिलाफ माहौल बनाने के लिए कांग्रेस नेता आंदोलन तक करने को उतारू थे। इसके बाद गृह मंत्री शाह को सफाई भी देनी पड़ी थी।

इतना ही नहीं, लोकसभा चुनाव से पहले गृह मंत्री अमित शाह का एक अधूरा वीडियो चलाकर कांग्रेस ने आरक्षण खत्म करने वाला झूठ भी जमकर परोसा था। उल्लेखनीय है कि पूरा वीडियो सामने आने के बाद भी कांग्रेस नेता ना तो पुराने पोस्ट डिलीट करते हैं और ना ही अपने कृत्य के लिए माफी मांगते।

Exit mobile version