27 साल का वनवास काटकर दिल्ली में भाजपा की वापसी, पीएम मोदी ने बताई विकास की जीत, केजरीवाल ने मानी हार

जानिए टॉप 10 हॉट सीटों पर कैसा रहा मुकाबला

Delhi Election Result

दिल्ली चुनाव परिणाम: पीएम मोदी ने बताई विकास की जीत तो केजरीवाल ने मानी हार

दिल्ली विधानसभा चुनावों में 27 साल बाद भाजपा ने इतिहास रचते हुए सत्ता में जोरदार वापसी की है। खबर लिखे जाने तक 5 फरवरी को हुए चुनावों की मतगणना में भाजपा 35 सीटें जीत चुकी है और 13 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जिससे उसका कुल आंकड़ा 48 तक पहुंच चुका है। वहीं, अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी (AAP) को बड़ा झटका लगा है। AAP सिर्फ 16 सीटें जीत पाई है और 6 सीटों पर आगे है, कुल 22 सीटों पर सिमटती नजर आ रही है। कांग्रेस इस बार भी शून्य पर सिमट गई है। दिल्ली की राजनीति के इस बड़े उलटफेर में अरविंद केजरीवाल नई दिल्ली से और मनीष सिसोदिया जंगपुरा से हार गए। सत्येंद्र जैन भी अपनी सीट नहीं बचा पाए। हालांकि, आतिशी ने कालकाजी सीट से जीत दर्ज की है। इस बड़े राजनीतिक उलटफेर के बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने इसे विकास की जीत करार दिया, वहीं अरविंद केजरीवाल ने हार स्वीकार करते हुए कहा, ‘हम जनता के फैसले का सम्मान करते हैं। भाजपा को इस जीत के लिए शुभकामनाएं।’

चुनाव परिणाम पर क्या बोली भाजपा और आप

27 साल बाद दिल्ली में भाजपा ने जबरदस्त वापसी की है। 2020 के चुनाव में जहां भाजपा को महज 8 सीटों पर संतोष करना पड़ा था, वहीं 2025 के चुनाव में पार्टी ने 48 से ज्यादा सीटों पर कब्जा जमाकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की। अरविंद केजरीवाल की नई दिल्ली सीट पर तो हाल ऐसा रहा कि 20 उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई। कई को तो तीन अंकों में भी वोट नहीं मिले।

नई दिल्ली सीट पर भाजपा के प्रवेश वर्मा ने केजरीवाल को 4,089 वोटों से शिकस्त दी। कांग्रेस के संदीप दीक्षित की स्थिति और खराब रही, जिन्हें महज 4,568 वोट हासिल हुए। यह चुनाव परिणाम न केवल भाजपा के लिए ऐतिहासिक हैं, बल्कि अरविंद केजरीवाल और उनकी पार्टी के लिए एक बड़ा झटका भी है।

प्रधानमंत्री मोदी ने इसे विकास की जीत बताया 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस जीत को “विकास और सुशासन” की जीत करार दिया। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा:

“जनशक्ति सर्वोपरि! विकास जीता, सुशासन जीता। दिल्ली के अपने सभी भाई-बहनों को @BJP4India को ऐतिहासिक जीत दिलाने के लिए मेरा वंदन और अभिनंदन! आपने जो भरपूर आशीर्वाद और स्नेह दिया है, उसके लिए आप सभी का हृदय से बहुत-बहुत आभार।”

प्रधानमंत्री ने दिल्ली के चौतरफा विकास और यहां के नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने की प्रतिबद्धता जाहिर करते हुए कहा कि भाजपा हरसंभव प्रयास करेगी कि दिल्ली, विकसित भारत के निर्माण में अहम भूमिका निभाए। उन्होंने इस जीत का श्रेय पार्टी के कार्यकर्ताओं को देते हुए कहा कि “यह प्रचंड जनादेश भाजपा के कार्यकर्ताओं की दिन-रात की मेहनत का परिणाम है। अब हम और अधिक मजबूती से दिल्लीवासियों की सेवा करेंगे।”

केजरीवाल ने हार मानी और भाजपा को दी बधाई

वहीं, इस करारी हार के बाद अरविंद केजरीवाल ने भाजपा को बधाई देते हुए कहा, “हम जनता का फैसला स्वीकार करते हैं। भाजपा को इस ऐतिहासिक जीत के लिए शुभकामनाएं।” लेकिन यह हार केवल हार नहीं है, बल्कि उनकी राजनीति और शासन शैली पर जनता के एक बड़े हिस्से का अविश्वास भी दर्शाती है।

टॉप 10 हॉट सीटों पर कैसा रहा मुकाबला

दिल्ली चुनाव 2025 के नतीजे लगभग साफ हो चुके हैं, जिसमें भाजपा को बंपर जीत मिलती दिख रही है। खास बात यह है कि भाजपा के दोनों पूर्व मुख्यमंत्रियों के बेटे ने भी शानदार जीत दर्ज की है। नई दिल्ली से प्रवेश वर्मा, जो पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा के बेटे हैं, ने जीत हासिल की, जबकि मोतीनगर से हरीश खुराना, पूर्व मुख्यमंत्री मदन लाल खुराना के बेटे, ने भी जीत दर्ज की है।

अगर दिल्ली की टॉप 10 हॉट सीटों की बात करें, तो यहां भाजपा ने बाजी मारते हुए अपनी बढ़त और जीत को निर्णायक बना दिया है।

  1. नई दिल्ली
    भाजपा के प्रवेश वर्मा ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को 4,089 वोटों से हराकर बड़ा उलटफेर किया।
    • भाजपा: 30,088 वोट
    • AAP: 25,999 वोट
  2. जंगपुरा
    तरिंदर सिंह मारवाह ने मनीष सिसोदिया को 675 वोटों से हराकर भाजपा का परचम लहराया।
    • भाजपा: 38,859 वोट
    • AAP: 38,184 वोट
  3. कालकाजी
    मुख्यमंत्री आतिशी ने भाजपा के रमेश विधूड़ी को 3,521 वोटों से मात दी।
    • AAP: 52,154 वोट
    • भाजपा: 48,633 वोट
  4. करोल बाग
    भाजपा के दुष्यंत गौतम ने हार का सामना किया, AAP के विशेष रवि ने 7,430 वोटों से जीत दर्ज की।
    • AAP: 52,297 वोट
    • भाजपा: 44,867 वोट
  5. बाबरपुर
    भाजपा के गोपाल राय ने बड़ी जीत हासिल की और अनिल कुमार वशिष्ठ को 18,994 वोटों से हराया।
    • AAP: 76,192 वोट
    • भाजपा: 57,198 वोट
  6. मोटी नगर
    भाजपा के हरीश खुशना ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शिवचरन गोयल को 11,657 वोटों से हराया।
    • भाजपा: 57,565 वोट
    • AAP: 45,908 वोट
  7. पटपड़गंज
    भाजपा के रवि नेगी ने प्रचंड जीत दर्ज की, अवध ओझा को 28,072 वोटों से हराया।
    • भाजपा: 74,060 वोट
    • AAP: 45,988 वोट
  8. ग्रेटर कैलाश
    भाजपा के शिखर राय ने AAP के सौरभ भारद्वाज को 3,188 वोटों से हराया।
    • भाजपा: 49,594 वोट
    • AAP: 46,406 वोट
  9. गांधी नगर
    अरविंद सिंह लवली ने नवीन चौधरी को 12,748 वोटों से हराकर भाजपा की बढ़त को और मजबूत किया।
    • भाजपा: 56,858 वोट
    • AAP: 44,110 वोट
  10. रोहिणी
    विजेंद्र गुप्ता ने AAP के प्रवीण मित्तल को 37,816 वोटों से हराकर भाजपा की निर्णायक जीत को दर्शाया।

 

 

Exit mobile version