हरियाणा के पानीपत में भाजपा नेता नीतिसेन भाटिया के घर और हिमाचल स्थित कंपनी पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने रेड की है। नीतिसेन भाटिया पूर्व सांसद संजय भाटिया के मौसा हैं। सूत्रों का कहना है कि इस छापेमारी के दौरान संजय भाटिया भी घर में मौजूद हैं। ED ने यह कार्रवाई हिमाचल प्रदेश में स्थित दवा कंपनी से जुड़े मामले में की है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रवर्तन निदेशालय (ED) की एक टीम ने गुरुवार (13 फरवरी, 2025) सुबह करीब 8 बजे नीतिसेन भाटिया के घर पर रेड की है। ED अधिकारी एक साथ 3 गाड़ियों पर पानीपत स्थित भाटिया के घर पहुंचे थे। घर में एंट्री के तुरंत बाद ही ED अधिकारियों ने घर के अंदर आवश्यक दस्तावेजों व अन्य सामग्री की तलाश शुरू कर दी थी। इस दौरान यह भी कहा जा रहा है कि ED की टीम अपने साथ नोट गिनने की 2 मशीने भी साथ लेकर आई थी। इसके अलावा कारीगर बुलाकर अलमारी का लॉक तुड़वाने की बात भी कही जा रही है। ऐसे में नीतिसेन भाटिया के घर पर भारी मात्रा में नकदी मिलने के कयास लगाए जा रहे हैं।
इसके अलावा, हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में स्थित पांवटा साहिब में दवा कंपनी पर भी रेड हुई है। नीतिसेन भाटिया के दोनों बेटे नीरज और नवीन भाटिया वहां मौजूद हैं। नवीन भाटिया पानीपत में 9 मार्च को होने वाले मेयर चुनाव के भी दावेदार हैं। ED नीतिसेन भाटिया के घर में मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है।
दरअसल, यह पूरा मामला हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के पांवटा साहिब में स्थित कंपनी ‘विदित हेल्थकेयर’ से जुड़ा हुआ है। यह कंपनी कोडीन सिरप बनाती थी। इसके मालिकों पर कोडीन सिरप की अवैध बिक्री का आरोप है। इस मामले में अगस्त 2024 में केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (NCB) की जम्मू स्थित टीम ने नीतिसेन भाटिया के बेटे नीरज भाटिया को भी गिरफ्तार किया था।
नीरज भाटिया की गिरफ़्तारी से पहले NCB की टीम ने भाटिया और उसके सहयोगियों के दिल्ली स्थित घर से 33.980 किलोग्राम कोडीन कफ सिरप, अल्प्राजो-लैम की 900 गोलियां, ट्रा-मैडोल की 56 कैप्सूल, लॉराजेपम की 210 गोलियां, क्लोबजम की 570 गोलियां और 15 लाख से अधिक की नकदी जब्त की थी। चूंकि दवाओं की अवैध खरीद-परोख्त या बिक्री से हासिल संपत्तियों को जब्त करने का नियम है। ऐसे में, NCB ने ‘विदित हेल्थकेयर’ के सभी मालिकों की संपत्तियों का विवरण राजस्व अधिकारियों से मंगाया था। इसके बाद अब, ED ने यह कार्रवाई की है।
कौन हैं नीतिसेन भाटिया:
हरियाणा के BJP नेता नीतिसेन भाटिया जनसंघ के सदस्य रहे हैं। इसके अलावा उन्हें हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री व वर्तमान केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर का करीबी माना जाता है। मनोहर लाल खट्टर नीतिसेन भाटिया के घरेलू कार्यक्रम में भी नजर आए थे। राजनीतिक करियर की बात करें तो नीतिसेन भाटिया साल 1987 में पानीपत नगर पालिका के अध्यक्ष रह चूके हैं। इसके अलावा साल 1991 और 1996 में BJP के टिकट पर विधानसभा चुनाव भी लड़ा था। हालांकि उन्हें जीत नहीं मिल पाई थी। इसके अतिरिक्त वह हरियाणा के करनाल से पूर्व BJP सांसद संजय भाटिया के मौसा भी हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव में संजय भाटिया ने मनोहर लाल खट्टर के लिए लोकसभा सीट छोड़ दी थी।