जापान से निवेश, छात्रों को लैपटॉप-स्कूटी, 7500 पुलिसकर्मियों की भर्ती… मध्य प्रदेश को ऐसे बदल रहे CM मोहन यादव

मोहन यादव, नरेंद्र मोदी

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (फोटो साभार: X-@DrMohanYadav51)

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, पीएम मोदी के ‘मेक इन इंडिया’ और ‘विकसित भारत’ के सपने को सरकार करने में लगे हुए हैं। इसी कड़ी में जापान यात्रा से लौटे CM यादव ने कहा है कि जापान की कई बड़ी कंपनियां भारत में निवेश करने को तैयार हैं। इसके अलावा उन्होंने कहा है कि 12वीं कक्षा के मेधावी छात्र-छात्राओं को लैपटॉप और स्कूटी दी जाएगी। इतना ही नहीं राज्य सरकार ने 7500 पुलिसकर्मियों की भर्ती की भी अनुमति दी है।

जापान यात्रा से लौटने के बाद मीडिया से बात करते हुए मध्य प्रदेश के CM मोहन यादव ने कहा है कि इस दौरे में जापानी कंपनियों ने मध्य प्रदेश में निवेश करने के लिए गहरी रुचि दिखाई है। जापान भारत का पांचवां सबसे बड़ा निवेशक है। पिछले दो दशकों में जापान ने भारत में 38 बिलियन डॉलर से अधिक का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) किया है। दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार लगभग 20 बिलियन डॉलर का है। इसमें लगातार बढ़ोतरी हो रही है। मध्यप्रदेश और जापान के बीच मजबूत व्यापारिक रिश्ते रहे हैं।

सीएम यादव ने यह भी कहा है कि मध्य प्रदेश में पहले से ही कई जापानी कंपनियां सफलतापूर्वक काम कर रही हैं। इंदौर से सटे पीथमपुर में ब्रिजस्टोन नामक कंपनी ने  विश्वस्तरीय टायर प्रोडक्शन प्लांट स्थापित किया है। यह प्लांट रोजगार सृजन और निर्यात में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। पैनासोनिक जैसी दिग्गज कंपनी ने भी एमपी में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। एनएसके, सानोह और कामात्सु जैसी जापानी कंपनियां भी मध्य प्रदेश में काम कर रही हैं। ये कंपनियां ऑटोमोटिव और मशीनरी क्षेत्र में अहम योगदान दे रही हैं। मध्यप्रदेश से जापान को होने वाला निर्यात लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि जापान यात्रा के दौरान बैठकों से इन व्यापारिक संबंधों को और मजबूती मिलेगी। साथ ही नए निवेश और व्यापार के अवसर भी खुलेंगे।

CM ने आगे कहा कि मध्य प्रदेश को हाल ही में आयोजित औद्योगिक सम्मेलनों और अंतर्राष्ट्रीय रोड शो से 4 लाख करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इसके अतिरिक्त 30000 करोड़ रुपए की परियोजनाओं के लिए भूमि का आवंटन पहले ही किया जा चुका है। आने वाले समय में भारत-जापान औद्योगिक सहयोग को मजबूती मिलने की उम्मीद है। इसमें, मध्य प्रदेश केंद्रीय भूमिका में होगा।

छात्र-छात्राओं को जल्द मिलेगी लैपटॉप-स्कूटी की सौगात:

सीएम मोहन यादव ने 12वीं के मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित करने के लिए जल्द से जल्द लैपटॉप और स्कूटी देने का ऐलान किया है। सीएम यादव ने X पर पोस्ट करते हुए कहा है, “मध्य प्रदेश सरकार प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। इसी क्रम में शीघ्र ही विद्यार्थियों को लैपटॉप की राशि तथा प्रावीण्य सूची में आने वाले पात्र विद्यार्थियों को स्कूटी भी प्रदान की जाएगी।”

रिपोर्ट्स के अनुसार, 12वीं में 75% हासिल करने वाले विद्यार्थियों को लैपटॉप के लिए धन राशि दी जाएगी। वहीं, फर्स्ट डिवीजन आने वालीछात्राओं को मुफ्त स्कूटी दी जाएगी। लैपटॉप और स्कूटी मिलने से छात्रों का मनोबल बढ़ेगा और वे अपनी पढ़ाई में और बेहतर कर पाएंगे। इससे उन्हें आगे की पढ़ाई और करियर में मदद मिलेगी। मध्य प्रदेश सरकार का यह ऐलान कई मायनों में खास है। अव्वल तो यह कि 12वीं के बाद आगे की पढ़ाई के लिए छात्रों को लैपटॉप खरीदना होता था। इसके लिए पैसे न होने के चलते कई होनहार छात्रों को आवश्यक अवसर नहीं मिल पाते थे। वहीं, कॉलेज घर से दूर होने के चलते कई छात्राएं 12वीं के बाद पढ़ाई भेज देती थीं। इसके चलते CM यादव का यह फैसला छात्र और छात्राओं को न केवल पढ़ाई करने बल्कि अच्छे अंक लाने के लिए भी प्रोत्साहित करेगा।

जल्द होगी 7500 पुलिसकर्मियों की भर्ती:

मध्य प्रदेश में रोजगार को बढ़ावा देने के लिए CM यादव ने एक ओर जहां विदेशी कंपनियों से बात की है। वहीं दूसरी ओर सरकार ने 7500 पुलिसकर्मियों की भर्ती की भी अनुमति दी है। इस भर्ती में 500 एसआई यानी सब इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारी होंगे। साथ ही 7000 सिपाही लेवल के पुलिसकर्मियों की भर्ती की जाएगी। इसके अतिरिक्त 500 ऑफिस स्टाफ कर्मियों की भी भर्ती करने की योजना है। इससे प्रदेश के युवाओं को सीधे तौर पर रोजगार मिलने वाला है।
कुल मिलकर देखें तो जापान से मध्य प्रदेश को मिलने वाले निवेश से सीधे तौर पर सरकार को फायदा होगा। वहीं, नई कंपनियां लगने से सूबे के युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार के नए अवसर भी मिलेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘मेक इन इंडिया’ से लेकर ‘विकसित भारत’ तक कई महत्वाकांक्षी और जनहितकारी योजनाओं के जरिए देश के विकास के लिए कृत-संकल्पित हैं। उसी कड़ी में आगे बढ़ते हुए CM मोहन यादव भी लगातार प्रयास कर रहे हैं।
इस मामले में TFI मीडिया से बात करते हुए भाजपा युवा मोर्चा के मण्डल अध्यक्ष मुनीन्द्र गर्ग ने कहा है,

 

“प्रधानमंत्री मोदी और CM मोहन यादव की डबल इंजन सरकार प्रदेश के विकास में लगी हुई है। इससे पहले शिवराज सिंह के नेतृत्व में प्रदेश बीमारू राज्य से विकसित राज्यों की श्रेणी में आया था। अब मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश विकास की नई इबारत गढ़ने जा रहा है। सूबे के लिए विदेशी निवेश लाना हो या नए रोजगार सृजन करना हो, CM यादव हर कार्य में लगे हुए हैं।”
प्रदेश के छात्रों को लैपटॉप और स्कूटी देने के ऐलान को लेकर बात करते हुए मुनीन्द्र गर्ग ने आगे कहा, “प्रदेश में एक समय ऐसा था, जब लोग यहां बिजली के लिए तरसते थे। सड़कों में गड्ढे होते थे। किलोमीटर का सफर तय करने में 4 घंटे से अधिक का समय लग जाता था। लेकिन अब यहां सब ठीक हो गया है। स्कूल और कॉलेज की स्थितियां तेजी से बदली हैं। अब छात्र-छात्राओं को लैपटॉप और स्कूटी मिलेगी तो मध्य प्रदेश का युवा न केवल प्रदेश स्तर पर बल्कि देश-विदेश पर भी अपने ज्ञान का लोहा मनवाने को तैयार होगा।”
Exit mobile version