शालीमार बाग से बीजेपी विधायक रेखा गुप्ता ने रामलीला मैदान में दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है। रेखा इसी के साथ दिल्ली की कुल 9वीं और चौथी महिला मुख्यमंत्री बन गई हैं। इससे पहले सुषमा स्वराज, शीला दीक्षित और आतिशी दिल्ली की महिला मुख्यमंत्री रह चुकी हैं। साथ ही, रेखा मौजूदा वक्त में पूरे देश में बीजेपी की इकलौती महिला मुख्यमंत्री हैं। रेखा गुप्ता के साथ 6 विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली है, जिनमें अरविंद केजरीवाल को हराने वाले प्रवेश वर्मा, मनजिंदर सिंह सिरसा, आशीष सूद, रविंद्र इंद्राज सिंह, कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह शामिल है। इसमें इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उप-मुख्यमंत्री भी मौजूद रहे हैं।
पीएम मोदी ने रेखा गुप्ता को दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रेखा गुप्ता को दिल्ली की मुख्यमंत्री के तौर में शपथ लेने पर बधाई दी है। पीएम मोदी ने ‘X’ पर लिखा, “रेखा गुप्ता जमीनी स्तर से उठकर आई हैं, कैंपस राजनीति, प्रदेश संगठन, नगर निगम प्रशासन में सक्रिय रहीं और अब विधायक व मुख्यमंत्री भी हैं।” पीएम ने लिखा, “मुझे विश्वास है कि वे पूरी ताकत से दिल्ली के विकास के लिए काम करेंगी। उन्हें सफल कार्यकाल के लिए मेरी शुभकामनाएं।”
Congratulations to Smt. Rekha Gupta Ji on taking oath as Delhi’s Chief Minister. She has risen from the grassroots, being active in campus politics, state organisation, municipal administration and now MLA as well as Chief Minister. I am confident she will work for Delhi’s… pic.twitter.com/GEC9liURd9
— Narendra Modi (@narendramodi) February 20, 2025
शपथ ग्रहण के बाद क्या बोलीं रेखा?
रेखा गुप्ता ने शपथ ग्रहण के बाद ‘X’ पर इस समारोह की तस्वीरें पोस्ट कर लिखा, “यह सिर्फ एक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि दिल्लीवासियों की आकांक्षाओं को साकार करने का अवसर है।” उन्होंने लिखा, “माननीय प्रधानमंत्री जी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र को अपनाते हुए, हम दिल्ली को आधुनिक बुनियादी ढांचे, उत्तम स्वास्थ्य सेवाओं, उत्कृष्ट शिक्षा और रोजगार के नए अवसरों के माध्यम से सशक्त बनाएंगे।” रेखा ने कहा, “आप सभी का आशीर्वाद और सहयोग ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। हम सभी मिलकर एक आत्मनिर्भर, विकसित और समृद्ध दिल्ली बनाएंगे!”
मा. प्रधानमंत्री श्री Narendra Modi जी के मार्गदर्शन में ‘विकसित दिल्ली’ के संकल्प के साथ आज मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। यह सिर्फ एक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि दिल्लीवासियों की आकांक्षाओं को साकार करने का अवसर है।
माननीय प्रधानमंत्री जी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका… pic.twitter.com/G7pPEJYm0d
— Rekha Gupta (@gupta_rekha) February 20, 2025
‘शीशमहल में नहीं रहूंगी’
शपथ ग्रहण से पहले मीडिया के साथ बातचीत में रेखा गुप्ता ने उन पर भरोसा जताने के लिए मैं प्रधानमंत्री मोदी और पार्टी हाईकमान का शुक्रिया अदा किया था। साथ ही, उन्होंने कहा, “यह बहुत बड़ी ज़िम्मेदारी है। मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं दिल्ली की CM बनूंगी।” इस दौरान रेखा गुप्ता ने साफ कर दिया कि वह पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा बनवाए गए ‘शीशमहल’ में नहीं रहेंगी। गौरतलब है कि अरविंद केजरीवाल द्वारा बनवाए गए दिल्ली के मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास को बीजेपी ने ‘शीशमहल’ नाम दिया है। बीजेपी का आरोप है कि केजरीवाल ने इसे बनवाने में करोड़ों रुपए खर्च किए थे।
कौन हैं रेखा गुप्ता?
वैश्य समुदाय से आने वालीं 50 वर्षीय रेखा गुप्ता वकील हैं और फिलहाल भारतीय जनता पार्टी के महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं। करीब 30 वर्षों से RSS-BJP से जुड़ीं रेखा गुप्ता का जन्म हरियाणा के जींद ज़िले के नंदगढ़ गांव में 1974 में हुआ था और जब वे दो वर्ष की थीं तो उनके पिता की स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में नौकरी के चलते उनका परिवार दिल्ली शिफ्ट हो गया था। रेखा की पढ़ाई दिल्ली से ही हुई है और पढ़ाई के दौरान ही वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के छात्र संगठन (ABVP) में शामिल हो गई थीं और वहीं से उनके सामाजिक जीवन की शुरुआत हुई थी। रेखा गुप्ता 1996 में दिल्ली यूनिवर्सिटी स्टूडेंट यूनियन (DUSU) की अध्यक्ष रह चुकी हैं।
2002 में वे बीजेपी की युवा इकाई भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) में प्रदेश मंत्री बनीं और 2006 में उन्हें BJYM की राष्ट्रीय सचिव बनाया गया था। 2009 में रेखा को बीजेपी की दिल्ली इकाई के महिला मोर्चा में महामंत्री बनाया गया था और 2010 में वे बीजेपी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य बनाई गई थीं। रेखा गुप्ता लगातार RSS से भी जुड़ी रही हैं और वे उत्तरी पीतमपुरा क्षेत्र से दो बार और एक बार शालीमार बाग से नगर निगम की पार्षद भी रही हैं। रेखा गुप्ता ने 2015 और 2020 में बीजेपी के टिकट पर शालीमार बाग से चुनाव लड़ा था लेकिन इन दोनों चुनावों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। रेखा 2025 विधानसभा चुनाव में पहली बार विधायक चुनी गई हैं।