देशभर में होली की धूम; राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री मोदी और सीएम योगी समेत कई नेताओं ने दी शुभकामनाएं

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ होली के मौके पर गोरखपुर में गौशाला में पहुंचे

मथुरा के द्वारकाधीश मंदिर में होली खेलते श्रद्धालु (फोटो: IANS)

मथुरा के द्वारकाधीश मंदिर में होली खेलते श्रद्धालु (फोटो: IANS)

देशभर में आज (14 मार्च) रंगों का त्योहार होली बड़ी धूमधाम से मनाया जा रहा है। लोग गुलाल और रंग उड़ाकर एक-दूसरे को शुभकामनाएं दे रहे हैं। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ समेत कई नेताओं ने देशवासियों को होली की शुभकामनाएं दी हैं। पीएम मोदी ने x पर पोस्ट कर देशवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं तो वहीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ‘X’ पर लिखा, “रंगों के त्योहार होली के पावन अवसर पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। हर्षोल्लास का यह पर्व एकता, प्रेम और सद्भाव का संदेश देता है। यह त्योहार भारत की अनमोल सांस्कृतिक विरासत का भी प्रतीक है। आइए, इस शुभ अवसर पर हम सब मिलकर भारत माता की सभी संतानों के जीवन में निरंतर प्रगति, समृद्धि और खुशियों के रंग भरने का संकल्प लें।”

वहीं, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने होली की बधाई देते हुए ‘X’ पर लिखा, “होली के पावन अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएं। होली बुराई पर अच्छाई की जीत और वसंत के आगमन का प्रतीक है, जो नई शुरुआत और नए दृष्टिकोण का प्रतीक है। यह होली हमें अपने विचारों को करुणा से, अपने कार्यों को दयालुता से और अपने दृष्टिकोण को हमारे महान राष्ट्र के लिए आशा से रंगने की याद दिलाए।”

साथ ही, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी देशवासियों को होली की शुभकामनाएं दी हैं। शाह ने होली की बधाई देते हुए ‘X’ पर लिखा, “उमंग, उत्साह और रंगों के पर्व ‘होली’ की समस्त देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। यह रंगोत्सव आप सभी के जीवन में उत्तरोत्तर समृद्धि, उन्नति और संपन्नता लेकर आए।” तो वहीं, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, “होली के पावन पर्व पर आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। हर्ष, उल्लास और नवीन ऊर्जा का प्रतीक यह त्योहार आपके जीवन में प्रसन्नता और उत्तम स्वास्थ्य के रंग भरे, यही मंगलकामना है। आपकी होली आनंदमय और सुरक्षित हो!”

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ होली के मौके पर गोरखपुर में गौशाला में पहुंचे। उन्होंने गोवंश को तिलक किया और उन्हें गुड़ खिलाया। सीएम योगी ने देशवासियों को होली की शुभकामनाएं दी हैं। सीएम योगी ने कहा, “रंग, उमंग, उत्साह और तरंग के पावन पर्व होली की आप सभी को शुभकामनाएं! होली का पर्व एकता का संदेशवाहक है, जो हमें प्रेम और सौहार्द के साथ सद्भाव के मार्ग पर चलने की प्रेरणा प्रदान करता है। प्रभु श्री राम से कामना है कि यह पर्व आप सभी के जीवन को सुख, समृद्धि व नव उमंग के विविध रंगों से परिपूर्ण करें।

कांग्रेस के अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने भी देशवासियों को होली की शुभकामनाएं दी हैं। खरगे ने ‘X’ पर लिखा, “होली, विविधता का महोत्सव है। ये भय, द्वेष, ईर्ष्या, नफ़रत और भेदभाव को मिटाने का त्योहार है। होली हमें रंगो की विविधता का आनंद लेने के लिए प्रेरित करती है। सभी देशवासियों को होली की हार्दिक शुभकामनाएँ और बधाई। आइये हम अपने बहु-सांस्कृतिक समाज को जीवंत रंगों, एकजुटता व भाईचारे की भावना से भर दें और सौहार्द व सद्भाव का एक बार फिर प्रण लें।”

Exit mobile version