बड़े बेआबरू होकर प्रियंका गांधी के कूचे से निकले संदीप सिंह…राहुल-प्रियंका के गुट भिड़े!

सूत्रों की मानें तो संदीप सिंह पर ना केवल प्रियंका गांधी को गलत खबरें पहुंचाकर भ्रम में रखने का आरोप है बल्कि उन पर आर्थिक हेरफेर के भी आरोप लगाए गए हैं

प्रियंका गांधी और राहुल गांधी

प्रियंका गांधी और राहुल गांधी

कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ने अपने सलाहकार संदीप सिंह को सभी पदों से मुक्त कर दिया है। सूत्रों के मुताबिक, इस फैसले की वजह लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और प्रियंका के गुट के बीच का विवाद है, साथ ही संदीप सिंह पर आर्थिक हेरफेर के भी आरोप लगे हैं। बताया जा रहा है कि वह प्रियंका गांधी तक सही खबरें नहीं पहुंचा रहे थे जिसे लेकर ना केवल प्रियंका गांधी के समर्थन वाले कुछ लोग बल्कि राहुल गांधी के समर्थकों का एक गुट भी संदीप सिंह के खिलाफ हो गया था। सूत्रों की मानें तो प्रियंका गांधी ने अब अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स के पासवर्ड बदल दिए हैं और संदीप सिंह से अकाउंट्स का एक्सेस छीनकर उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया है।

राहुल गुट की बलि चढ़े संदीप!

कांग्रेस के नेता राहुल गांधी और उनकी बहन प्रियंका गांधी के झगड़े की खबरें तो अक्सर सुनने में आती ही हैं। अब इन दोनों के सलाहकार भी आपस में भिड़ गए और यहां भी राहुल गांधी का गुट प्रियंका गांधी पर भारी पड़ा है। राहुल गांधी गुट के बढ़ते दबाव के चलते प्रियंका गांधी के एक सलाहकार संदीप सिंह का पत्ता कट गया है। संदीप सिंह ना केवल प्रियंका को राजनीतिक मामलों में सलाह देते थे बल्कि उनके सोशल मीडिया अकाउंट्स तक को भी यही चलाते थे। सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी के एक सलाहकार की कुछ मामलों को लेकर संदीप सिंह से अदावत हो गई थी जिसके बाद वह लगातार राहुल गांधी के गुट के निशाने पर थे।

आर्थिक हेरफेर के भी लगे आरोप

सूत्रों के मुताबिक, संदीप सिंह पर यह भी आरोप लगाया जा रहा है कि उन्होंने अपने गुट के खास एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए जानबूझकर प्रियंका तक गलत खबरें पहुंचाई थीं। सूत्रों की मानें तो संदीप सिंह पर ना केवल प्रियंका गांधी को गलत खबरें पहुंचाकर भ्रम में रखने का आरोप है बल्कि उन पर आर्थिक हेरफेर के भी आरोप लगाए गए हैं। सूत्रों के मुताबिक, धन के लेन-देन में कथित तौर पर गड़बड़ियां की गईं जिनकी जानकारी भी उनके विपक्षी खेमे तक पहुंच गई थी। सोशल मीडिया पर कांग्रेस के कार्यकर्ता लगातार संदीप सिंह के खिलाफ आरोप लगाते रहे हैं कि वे किसी को भी प्रियंका गांधी से मिलने नहीं देते हैं

गांधी परिवार के करीबी से संदीप ने किया दुर्व्यवहार!

गुटबाज़ी और आर्थिक हेरफेर के अलावा संदीप पर गांधी परिवार के एक करीबी के साथ दुर्व्यवहार का आरोप भी लगा है। पत्रकार शाहिद फरीदी ने ‘X’ पर एक पोस्ट में प्रियंका गांधी के फैसले को लेकर दावा किया गया है कि उनके इस फैसले की वजह उनके करीबी सहयोगी द्वारा गांधी परिवार से जुड़े कौल परिवार के एक सदस्य के साथ किया गया दुर्व्यवहार था। प्रियंका के इस फैसले का असर ना केवल संदीप पर पड़ेगा बल्कि जिन लोगों की पहुंच संदीप के चलते प्रियंका के कार्यालय तक थी उसमें भी बड़ा बदलाव आएगा।

पहले भी लगे हैं आरोप

पिछले साल भी संदीप सिंह पर आरोप लगे थे कि संदीप ने यूपी कांग्रेस कार्यालय पर कब्जा कर लिया है और उनके समर्थक वहां धन की उगाही कर रहे हैं। कांग्रेस के एक नेता ने राहुल गांधी के नाम एक पत्र लिखकर संदीप सिंह के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा था। साथ ही, इस पत्र में महिलाओं के शोषण का भी ज़िक्र किया गया था। इसके अलावा बिग बॉस फेम अभिनेत्री एवं कांग्रेस नेता अर्चना गौतम ने संदीप सिंह पर मेरठ में केस दर्ज कराया था। उन्होंने संदीप सिंह पर उन्हें धमकी देने और अभद्रता करने का आरोप लगाया था। अर्चना ने कहा था कि संदीप सिंह पूरी कांग्रेस पार्टी को दीमक की तरह खा रहा है

कौन हैं संदीप सिंह?

संदीप सिंह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ के रहने वाले हैं। उन्होंने इलाहाबाद यूनिवर्सिटी और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) से पढ़ाई की है। छात्र राजनीति के दौरान वे सीपीआई-एमएल के छात्र संगठन AISA से जुड़े रहे थे और बाद में जेएनयू छात्रसंघ के अध्यक्ष भी बने। एक समय संदीप के नेतृत्व में छात्रों ने तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को काले झंडे दिखाए थे लेकिन बाद में उन्होंने लेफ्ट पार्टी की राजनीति से दूरी बना ली थी। कुछ समय तक वे टीम अन्ना के साथ भी जुड़े रहे। 2017 के आस-पास उनकी मुलाकात नेता राहुल गांधी से हुई, जिसके बाद उन्होंने पार्टी जॉइन कर ली। 2019 में जब प्रियंका गांधी को उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी मिली तो संदीप सिंह कांग्रेस में एक अहम भूमिका निभाने लगे थे।

Exit mobile version