BJP नेता ने की नीतीश कुमार को उप प्रधानमंत्री बनाने की मांग, JDU की प्रतिक्रिया आई सामने

अश्विनी चौबे नीतीश कुमार

भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को उप प्रधानमंत्री बनाए जाने की मांग की है। उनकी इस मांग के बाद से बिहार की राजनीति में हलचल मची हुई है। साथ ही अश्विनी चौबे के इस बयान को बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीति के रूप में भी देखा जा रहा है। हालांकि JDU का कहना है कि बिहार चुनाव नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा।

क्या बोले अश्विनी चौबे?

दरअसल, इन दिनों में बिहार के बक्सर जिले में कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर श्रीमद्भागवत कथा का वाचन कर रहे हैं। इस मौके पर BJP नेता अश्विनी चौबे भी कथा सुनने पहुंचे थे। इसके बाद मीडिया से बात करते हुए उन्होंने नीतीश कुमार को उप प्रधानमंत्री बनाए जाने की मांग की।

अश्विनी चौबे ने कहा है, “नीतीश कुमार पूरे देश में नरेंद्र मोदी के साथ कंधे से कंधे मिलाकर रहे। एनडीए के संयोजक की भूमिका में देशभर में रहे। नीतीश कुमार को देश के उप-प्रधानमंत्री का दर्जा प्रदान कर दिया जाए तो बिहार भी धन्य होगा और राज्य को जगजीवन राम के बाद दूसरा उप प्रधानमंत्री भी मिल जाएगा। ये मेरी निजी इच्छा है।”

अश्विनी चौबे का बयान आने के बाद सियासी हल्के में हलचल देखने को मिली। इस मामले में JDU के एमएलसी नीरज कुमार ने कहा कि कोई क्या कहता है यह व्यक्तिगत संदर्भ नहीं है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सार्वजनिक रूप से कहा था कि 2025 का विधानसभा चुनाव नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ा जाएगा।
उन्होंने आगे कहा है, “नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार की राजनीतिक जोड़ी ने विपक्ष को राजनीतिक रूप से लकवाग्रस्त घोषित करा दिया है। लोकसभा चुनाव में 30 सीटों पर जीत हासिल की थी। 174 से अधिक विधानसभा सीटों पर बढ़त है। वह बिहार के लिए उम्मीद है, जिसमें बीजेपी, एलजेपी, रालोमो के केंद्रीय नेतृत्व को विश्वास है।”
Exit mobile version