MS Dhoni बने चेन्नई सुपरकिंग्स के कप्तान, IPL से बाहर हुए ऋतुराज गायकवाड़

चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) को आईपीएल (IPL 2025) के बीच बड़ा झटका लगा है। CSK के नियमित कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ कोहनी में फ्रैक्चर के कारण आईपीएल के बचे हुए सीज़न से बाहर हो गए हैं। अब CSK के पूर्व कप्तान एमएस धोनी (MS Dhoni) बाकी सीजन के लिए टीम की कप्तानी संभालेंगे। सीएसके के हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने यह जानकारी दी है। चेन्नई सुपरकिंग्स ने X पर इसे लेकर एक पोस्ट भी किया है। CSK ने लिखा, “कप्तान महेंद्र सिंह धोनी।” वहीं, एक अन्य पोस्ट में CSK ने गायकवाड़ के जल्द ठीक होने की प्रार्थना की है।

स्टीफन फ्लेमिंग ने क्या कहा?

फ्लेमिंग ने गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान खुलासा किया कि टीम के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ को गुवाहाटी में चोट लग गई थी। उन्होंने बताया कि गायकवाड़ दर्द के बावजूद खेलते रहे लेकिन शुरुआती एक्स-रे से चोट की गंभीरता का पता नहीं चला। इसके बाद एमआरआई करवाई गई जिसमें उनकी कोहनी में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई। फ्लेमिंग ने कहा कि टीम इस खबर से बेहद निराश है और गायकवाड़ के लिए दुखी है। उन्होंने कप्तान की मेहनत और लगन की तारीफ की लेकिन अफसोस जताया कि वह अब आईपीएल से बाहर हो गए हैं। कोच ने यह भी ऐलान किया कि अनुभवी अनकैप्ड खिलाड़ी एमएस धोनी अब टूर्नामेंट के बाकी बचे मैचों में टीम की कप्तानी संभालेंगे

निराशाजनक रहा है CSK का प्रदर्शन

IPL के इस सीज़न में अभी तक चेन्नई सुपरकिंग्स के प्रदर्शन निराशाजनक रहा है। टीम ने अभी तक 5 मैच खेले हैं जिनमें उसे केवल एक में ही जीत मिली है। अपने घर में अजेय माने जाने वाली चेन्नई ने घर में भी मैच गंवाएं हैं और खुद MS Dhoni की फॉर्म को लेकर भी लगातार सवाल उठाए जाते रहे हैं। हालांकि, धोनी के नेतृत्व में टीम के बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है लेकिन देखना होगा कि ‘परिपक्व’ कप्तान धोनी टीम की हालत में कितना सुधार कर पाते हैं।

Exit mobile version