अहमदाबाद से लंदन के लिए उड़ान भरने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 टेकऑफ के तुरंत बाद मेघानीनगर के एक रिहायशी इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। जानकारी के अनुसार, इस विमान में चालक दल सहित 242 यात्री सवार थे। बताया जा रहा है कि टेकऑफ के दौरान विमान का संतुलन बिगड़ गया और यह आवासीय क्षेत्र में जा गिरा। राहत और बचाव कार्य के लिए एनडीआरएफ की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। ये घटना 37 साल पहले अहमदाबाद में हुई घटना की याद दिलाता है जब एक ऐसी ही विमान क्रैश में 130 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी।
1988 का हादसा
19 अक्टूबर 1988 को भी अहमदाबाद हवाई अड्डे के पास एक बड़ा विमान हादसा हुआ था। इंडियन एयरलाइंस की फ्लाइट IC-113 लैंडिंग के समय हवाई अड्डे से कुछ पहले ही दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। ये फ्लाइट मुंबई से अहमदाबाद आ रही थी। इस हादसे में विमान में सवार 135 लोगों में से 133 की मौत हो गई थी। यह घटना इंडियन एयरलाइंस के इतिहास की सबसे घातक दुर्घटनाओं में से एक थी। इसे भारत के विमानन इतिहास की चौथी सबसे भयावह एयर क्रैश के रूप में दर्ज किया गया था।
कैसे हुआ था 1988 का हादसा?
बोइंग 737-200 विमान सुबह 6:05 बजे मुंबई से रवाना हुआ था। अहमदाबाद पहुंचने पर पायलट ने खराब विजिविलटी की जानकारी मांगी थी। विमान सुबह 6:53 बजे चिलोदा कोतरपुर के पास एक पेड़ और बिजली के ट्रांसमिशन टावर से टकरा गया। कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर से पता चला कि पायलट कम दृश्यता में रनवे खोजने की कोशिश कर रहे थे और इस दौरान विमान को लगातार नीचे करते जा रहे थे। जब विमान 1000 फीट की ऊंचाई पर आया तभी यह बिजली के टावर से टकराया और हवाई अड्डे से लगभग 3 किलोमीटर दूर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। रिपोर्ट्स के अनुसार, दुर्घटना का मुख्य कारण पायलट की ओर से कम दृश्यता के बावजूद लैंडिंग का प्रयास करना और समय पर रेडियो अलर्ट का जवाब न देना माना गया था।
2025 और 1988 में समानताएं
- स्थान: दोनों ही हादसे अहमदाबाद हवाई अड्डे या उसके आस-पास के क्षेत्र में हुए हैं।
- प्रभाव: दोनों घटनाओं में बड़ी संख्या में यात्रियों की जान जोखिम में पड़ी।
- जांच: 1988 के हादसे के बाद DGCA को कई सिफारिशें दी गई थीं। 2025 की दुर्घटना भी DGCA ने जांच के आदेश दिए हैं।
- सरकारी प्रतिक्रिया: दोनों ही मौकों पर केंद्र सरकार ने तत्काल सहायता और राहत कार्यों के लिए टीमें भेजीं।
ये भी पढ़ें: अहमदाबाद एअर इंडिया प्लेन क्रैश से पहले 50 साल में कितने बड़े विमान हादसे हुए हैं?
विमानन सुरक्षा पर सवाल
एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 के हादसे का शिकार होने के बाद राहत और बचाव कार्य अभी जारी है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुजरात के मुख्यमंत्री और अहमदाबाद पुलिस कमिश्नर से बात की है। एनडीआरएफ व केंद्र सरकार से हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। यह दुखद घटना भारत में विमानन सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े करती है और 1988 के दर्दनाक इतिहास की यादें ताजा कर गई है।