अहमदाबाद से लंदन जाने वाली एअर इंडिया की फ्लाइट तकनीकी खराबी के चलते हुई रद्द

यह फ्लाइट उसी रूट पर जाने वाली थी, जहां कुछ दिनों पहले एअर इंडिया की एक फ्लाइट क्रैश हुई थी

एअर इंडिया की यह फ्लाइट दोपहर 1:10 बजे अहमदाबाद से लंदन के लिए उड़ान भरने वाली थी

एअर इंडिया की यह फ्लाइट दोपहर 1:10 बजे अहमदाबाद से लंदन के लिए उड़ान भरने वाली थी

अहमदाबाद से लंदन जाने वाली एअर इंडिया की फ्लाइट AI-159 को तकनीकी खराबी के चलते आखिरी वक्त में रद्द कर दिया गया। यह फ्लाइट दोपहर 1:10 बजे उड़ान भरने वाली थी, लेकिन तकनीकी दिक्कत सामने आने के बाद इसे कैंसिल करना पड़ा। फ्लाइट रद्द होने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह फ्लाइट उसी रूट पर जाने वाली थी, जहां कुछ दिनों पहले एअर इंडिया की एक फ्लाइट क्रैश हुई थी। फ्लाइट रद्द किए जाने की सूचना से पहले अधिकतर यात्री एयरपोर्ट पर पहुंच गए थे और अब उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि यात्रियों के लिए दूसरी फ्लाइट की व्यवस्था फिलहाल नहीं की गई है।

क्या बोले यात्री?

फ्लाइट पकड़ने के लिए ज्यादातर यात्री एयरपोर्ट पहुंच चुके थे और ऐसे में अचानक फ्लाइट रद्द होने की खबर से एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। एक यात्री ने समाचार एजेंसी ANI से बातचीत में कहा, “मैं लंदन जा रहा था, लेकिन अभी जानकारी मिली कि फ्लाइट रद्द कर दी गई है। न तो क्रू मेंबर्स ने कोई स्पष्ट सूचना दी है और न ही टिकट रिफंड को लेकर कुछ बताया गया है।” वहीं, एक अन्य यात्री ने कहा, “हमें अभी बताया गया कि फ्लाइट अब कल सुबह 11:00 बजे रवाना होगी। इस फैसले से हम सबकी मुश्किलें और बढ़ गई हैं।”

36 घंटे में कई विमानों में आई खराबी

पिछले 36 घंटों के भीतर यूनाइटेड किंगडम, जर्मनी और भारत से संबंधित विमानों में पांच अलग-अलग इन-फ्लाइट आपात स्थितियों की खबर सामने आई है, जिसने यात्रियों के बीच खलबली मचा दी है। रविवार को ईंधन की कमी के चलते एक ब्रिटिश फाइटर जेट को केरल में आपात लैंडिंग करनी पड़ी। इसी दिन लुफ्थांसा की हैदराबाद जा रही फ्लाइट को बम की धमकी के बाद फ्रैंकफर्ट लौटाया गया। सोमवार को इंडिगो की नागपुर जाने वाली फ्लाइट को भी बम की धमकी के कारण आपात लैंडिंग करानी पड़ी

इसके अलावा, हांगकांग से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट को तकनीकी खामी के कारण उड़ान के दौरान लौटना पड़ा, जबकि एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक अन्य फ्लाइट को भी तकनीकी दिक्कत के चलते दिल्ली वापस आना पड़ा। वहीं, मंगलवार सुबह, सैन फ्रांसिस्को से मुंबई जा रहे एयर इंडिया के विमान (AI 180) कोलकाता एयरपोर्ट पर निर्धारित स्टॉपओवर के दौरान रोकना पड़ा।

Exit mobile version