भारतीय जनता पार्टी (BJP) में आने वाले दिनों में संगठनात्मक स्तर पर बड़े बदलाव की तैयारी जोरों पर है। पार्टी के भीतर भी अब यह चर्चा तेज हो गई है कि जल्द ही राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए चुनाव प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। पार्टी के मौजूदा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा के कार्यकाल को अब तक विस्तार दिया जाता रहा है और अब यह लगभग समाप्ति की ओर है और पार्टी के अंदरूनी हलकों में नए अध्यक्ष को लेकर मंथन चल रहा है। माना जा रहा है कि BJP अब संगठन में नई ऊर्जा, नई दृष्टि और भविष्य की चुनावी रणनीतियों को ध्यान में रखते हुए नेतृत्व परिवर्तन की दिशा में कदम बढ़ाने वाली है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के चयन से पहले पार्टी राज्य स्तर पर भी नेतृत्व को मजबूत करने के लिए कदम बढ़ा रही है। सूत्रों के मुताबिक, BJP आगामी 29 जून से 5 जुलाई के बीच देश के 10 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव पूरे कराने जा रही है। इनमें दमन और दीव, मध्य प्रदेश, पुदुचेरी, गुजरात, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और त्रिपुरा शामिल हैं। इनमें से कई राज्यों में वर्तमान अध्यक्षों का कार्यकाल समाप्त हो चुका है जबकि कुछ स्थानों पर संगठन की सक्रियता बढ़ाने और जमीनी स्तर पर पार्टी को और मज़बूत करने के उद्देश्य से यह बदलाव किया जा रहा है।
इसके अतिरिक्त, यह बदलाव उस व्यापक संगठनात्मक पुनर्गठन का हिस्सा भी है, जिसकी आवश्यकता पार्टी को हालिया लोकसभा चुनावों के परिणामों के बाद और भी स्पष्ट रूप से महसूस हुई है। राज्य इकाइयों को सशक्त करने से न केवल स्थानीय चुनावों में भाजपा की स्थिति बेहतर होगी बल्कि यह आगामी राष्ट्रीय नेतृत्व परिवर्तन के लिए भी ठोस आधार तैयार करेगा।
संभावित भाजपा प्रदेश अध्यक्ष उम्मीदवार-
-
पश्चिम बंगाल: पार्टी नेतृत्व की रेस में मौजूदा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार और जगन्नाथ सरकार दोनों का नाम चर्चा में है। इनमें से किसी एक को जिम्मेदारी मिल सकती है।
-
महाराष्ट्र: प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए रवीन्द्र चौहान का नाम लगभग तय माना जा रहा है।
-
उत्तराखंड: अध्यक्ष पद की दौड़ में वर्तमान अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और युवा नेता आदित्य कोठारी आमने-सामने हैं।
-
मध्यप्रदेश: यहां अध्यक्ष पद के लिए हेमंत खंडेलवाल, रामेश्वर शर्मा, और गजेंद्र पटेल का नाम सामने आया है। इनमें हेमंत खंडेलवाल सबसे प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं।
-
कर्नाटक: प्रदेश अध्यक्ष की दौड़ में वर्तमान अध्यक्ष बी.वाई. विजयेन्द्र और केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी के नाम पर विचार हो रहा है।
-
त्रिपुरा: दलित समुदाय से आने वाले भगवान दास को अध्यक्ष बनाए जाने की संभावना है। उनके अलावा नवेंदु भट्टाचार्य भी इस रेस में हैं।
-
आंध्र प्रदेश: यहां अध्यक्ष पद के लिए पी.वी.एन. माधव और साना रेड्डी के नाम पर चर्चा हो रही है।
-
तेलंगाना: प्रदेश अध्यक्ष के लिए ओबीसी समुदाय के दो नेता अरविंद धर्मापुरी और राजेंद्र इटेला दावेदार हैं। इन दोनों में अरविंद धर्मापुरी की दावेदारी मजबूत मानी जा रही है।