दिल्ली में सड़कों के नाम भारतीय स्वतंत्रता सेनानियों और वीर योद्धाओं के नाम पर करने को लेकर अक्सर चर्चा होती है। पिछले कुछ वर्षों से दिल्ली में मुगल शासकों के नाम पर रखी गई सड़कों, जैसे अकबर रोड, हुमायूं रोड और शाहजहां रोड के नाम बदलने की मांग उठती रही है। अब एक बार फिर एक सड़क का नाम बदले जाने को लेकर चर्चा गर्म है। इस बार मुगल शासक अकबर के नाम पर रखे गए अकबर रोड का नाम वीर योद्धा महाराणा प्रताप के नाम पर किए जाने की चर्चा है। पिछले मार्च में कुछ युवकों ने अकबर रोड के साइनबोर्ड पर कालिख पोतकर और महाराणा प्रताप के पोस्टर चिपकाकर अपना विरोध दर्ज किया। उनका दावा था कि कश्मीरी गेट पर महाराणा प्रताप की प्रतिमा के साथ छेड़छाड़ की गई, जिसके जवाब में उन्होंने यह कदम उठाया था। अब कुछ सोशल मीडिया पोस्ट्स में दावा किया गया कि गूगल मैप्स ने अकबर रोड को महाराणा प्रताप सिंह रोड के रूप में दिखाना शुरू कर दिया है।
क्या किया गया है दावा?
वरिष्ठ पत्रकार अनंत विजय ने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म X पर एक पोस्ट में इससे जुड़ा दावा किया है। अनंत विजय ने अपने पोस्ट में एक फोटो शेयर किया है जिसमें रोड का नाम अकबर रोड के बजाय महाराणा प्रताप रोड दिख रहा है। उन्होंने लिखा है, “कल ओला ड्राइवर ने ध्यान आकृष्ट करवाया कि गूगल मैप अकबर रोड को महाराणा प्रताप रोड बता रहा है। आज सुबह चेक किया तो उसका कहना सही निकला। कब से हुआ ये पता नहीं है।”
कल ओला ड्राइवर ने ध्यान आकृष्ट करवाया कि गूगल मैप अकबर रोड को महाराणा प्रताप रोड बता रहा है। आज सुबह चेक किया तो उसका कहना सही निकला। कब से हुआ ये पता नहीं pic.twitter.com/jbqRmxeRtk
— अनंत विजय/ Anant Vijay (@anantvijay) June 21, 2025
इसके अलावा भी कई लोगों ने ऐसा ही दावा किया है। गूगल मैप्स जब हमने अकबर रोड का नाम देखने की कोशिश की तो यह नाम नहीं दिखा और पुराने अकबर रोड का नाम महाराणा प्रताप सिंह रोड ही दिखाई दे रहा है।
क्या वाकई बदल गया है नाम?
इस रोड के नाम बदले जाने को लेकर लंबे समय से चर्चा थी तो हमने NDMC (New Delhi Municipal Council) से इसे लेकर जानकारी ली। इस विषय में NDMC के सूत्रों का कहना है कि आधिकारिक तौर पर अभी तक अकबर रोड का नाम बदला नहीं गया है। सूत्रों का कहना है कि लंबे समय से इसका नाम बदलने जाने की मांग की जा रही है।
फिर गूगल पर इसका नाम कैसे बदल गया? इस सवाल के साथ हमने एक्सपर्ट से बातचीत की। एक्सपर्ट्स का कहना है कि गूगल पर दिखाए जाने वाले सभी नाम कोई भी मैप कॉन्ट्रीब्यूटर एडिट कर सकता है इसके लिए कोई आधिकारिक एलान की ज़रूरत नहीं है और ना ही गूगल सिर्फ सरकारी डेटा उठाता है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि जिस तरह कोई व्यक्ति अपनी दुकान, स्कूल या अन्य पता गूगल ये एडिट कर सकता है वैसे ही सड़क का पता भी एडिट किया जा सकता है।