यूपी के कुशीनगर में सार्वजनिक भूमि पर बनी मस्जिद पर इंतजामिया कमेटी ने खुद ही हथौड़ा चलाना शुरू कर दिया है। रास्ते की जमीन पर अवैध कब्जा कर बनाई गई मस्जिद पर बुलडोजर चलने की संभावना को देखते हुए मस्जिद की इंतजामिया कमेटी ने यह निर्णय लिया।
कुशीनगर में रास्ते की सार्वजनिक जमीन पर बनी मस्जिद पर बुलडोजर के पहुंचने से पहले ही हथौड़ा चलना शुरू हो गया है। जानकारी हो कि इस मस्जिद को सार्वजनिक रास्ते की जमीन पर बनाया गया था। अब मस्जिद पर बुलडोजर चलने की आशंका को देखते हुए इंतजामिया कमेटी ने खुद ही मस्जिद को तोड़ने का काम शुरू कर दिया है। मस्जिद की इंतजामिया कमेटी के लोग मजदूर लगाकर मस्जिद तोड़ने का काम करा रहे हैं। इससे पहले प्रशासन ने सार्वजनिक रास्ते की जमीन पर बनी मस्जिद को हटाने के लिए 8 अप्रैल तक का समय दिया था। इसके बाद कमेटी के लोगों ने एडीएम कोर्ट में अपील दाखिल की थी। एडीएम कोर्ट ने मस्जिद की इंतजामिया कमेटी की अपील को खारिज करते हुए बेदखली का आदेश दिया था। इसके बाद मस्जिद पर बुलडोजर चलने की संभावना बढ़ गई थी।
कहां थी ये मस्जिद
जानकारी के अनुसार, कुशीनगर में तमकुही तसहील के गढ़हिया चक चिंतामणि गांव में रास्ते की भूमि पर लगभग 20 वर्ष पूर्व मुस्लिम समुदाय के लोगों ने अवैध रूप से मस्जिद का निर्माण करा लिया था। उस समय गांव के किसी भी व्यक्ति को यह जानकारी नहीं थी कि मस्जिद का निर्माण सरकारी जमीन में हो रहा है। बाद में सरकारी जमीन पर बनी इस मस्जिद के खिलाफ गांव के अरविंद किशोर शाही नामक व्यक्ति लगातार प्रशासन से मस्जिद को हटवाने का आवेदन देते रहे, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने के बाद उन्होंने तहसीलदार न्यायालय में एक वाद दाखिल कर सार्वजनिक भूमि को खाली करने का अनुरोध किया गया था।
कोर्ट ने दिया था बेदखली का आदेश
जानकारी हो कि बीते 27 जनवरी 2025 को कोर्ट ने बेदखली का आदेश पारित किया था। इसके बाद मस्जिद पर नोटिस चस्पा कर 8 अप्रैल तक सार्वजनिक भूमि को खाली करने का आदेश दिया गया। ऐसा न करने पर बुलडोजर चलाकर मस्जिद को हटाकर सार्वजनिक भूमि को खाली करने की बात भी कही गई थी। इसके बाद मस्जिद पक्ष के लोगों की बेचैनी बढ़ गई थी। मस्जिद की इंतजामिया कमेटी के लोगों ने एडीएम कोर्ट में अपील दाखिल की थी। एडीएम कोर्ट ने उनकी अपील खारिज करते हुए बेदखली का आदेश दिया था। आदेश मिलने के बाद शिकायकर्ताओं ने जिला प्रशासन से एडीएम के आदेश का अनुपालन करने का दबाव बनाया। इसके बाद अवैध मस्जिद पर बुल्डोजर चलने की संभावना बढ़ गई थी।
हालांकि, बुलडोजर के एक्शन के पहले ही मस्जिद की इंतजामिया कमेटी ने उसे तोड़ने का काम शुरू कर दिया है। सरकारी जमीन पर बनी इस मस्जिद के खिलाफ लंबी लड़ाई लड़ने वाले अरविंद किशोर शाही इस कार्रवाई से खुश हैं। लंबी लड़ाई के बाद मस्जिद हटाकर सार्वजनिक भूमि को खाली कराने के लिए मस्जिद कमेटी खुद राजी हो गई है, इसे उनकी जीत कहा जा रहा है।
मस्जिद पर हथौड़ा चलाता मजदूर। फोटो न्यूज 18
यूपी, अवैध मस्जिद, बुलडोजर एक्शन, इंतजामिया कमेटी