रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के पिता दाऊलाल वैष्णव का निधन, AIIMS जोधपुर में चल रहा था इलाज

81 वर्षीय पिता दाऊलाल वैष्णव ने सुबह 11:52 में ली अंतिम सांस, जोधपुर में होगा अंतिम संस्कार

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के पिता का दाऊलाल निधन, एम्स जोधपुर में चल रहा था इलाज

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव

केंद्रीय रेल, सूचना प्रसारण और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव के पिता दाऊलाल वैष्णव का मंगलवार को जोधपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में निधन हो गया। उनके पिता 81 वर्षीय दाऊलाल वैष्णव ने सुबह 11:52 बजे अंतिम सांस ली। उनके निधन की पुष्टि एम्स जोधपुर ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर की। इधर, दाऊलाल वैष्णव के निधन से जोधपुर और पाली में शोक की लहर दौड़ गई। उनका अंतिम संस्कार मंगलवार को ही जोधपुर में किया जाएगा।

जानकारी के अनुसार, दाऊलाल वैष्णव मूल रूप से राजस्थान के पाली जिले के जीवंद कलां गांव के निवासी थे। यहां से वे 1966 में पूरे परिवार के साथ जोधपुर आ गए और यहीं बस गए। ज्ञात हो कि दाऊलाल एक प्रतिष्ठित इनकम टैक्स प्रैक्टिशनर थे। वे जोधपुर के पूर्व विधायक कैलाश भंसाली के साथ मिलकर इनकम टैक्स डिपार्टमेंट में काम करते थे। इस दौरान उनकी मेहनत और आचरण ने उन्हें स्थानीय समुदाय में अच्छा सम्मान दिलवाया। जानकारी हो कि दाऊलाल वैष्णव बैरागी ब्राह्मण समुदाय से थे और उनके परिवार में उनकी पत्नी सरस्वती वैष्णव, बेटे अश्विनी वैष्णव और आनंद वैष्णव शामिल हैं।

अस्वस्थ चल रहे थे दाऊलाल वैष्णव

जानकारी के अनुसार, रेल मंत्री के पिता दाऊलाल वैष्णव पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे। उन्हें इलाज के लिए एम्स जोधपुर में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों ने उनकी स्थिति गंभीर बतायी थी। एम्स के वरिष्ठ डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा था। इसी दौरान सोमवार को उनकी हालत और बिगड़ गई, जिसके बाद अश्विनी वैष्णव दिल्ली से जोधपुर पहुंचे। इसी बीच मंगलवार सुबह 11:52 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन के बाद AIIMS ने प्रेस नोट जारी कर कहा कि “यह अत्यंत दुख के साथ सूचित किया जाता है कि माननीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव जी के पिता दाऊलाल वैष्णव जी (81 वर्ष) का आज 8 जुलाई 2025 को पूर्वाह्न 11:52 बजे AIIMS जोधपुर में निधन हो गया.”

जोधपुर से गहरा नाता

जानकारी हो कि रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का जन्म 18 जुलाई 1970 को जोधपुर में हुआ था, जहां उनके परिवार ने 1966 में पाली से आने के बाद स्थायी निवास बनाया। उन्होंने जोधपुर के सेंट एंथनी कॉन्वेंट स्कूल और महेश स्कूल से पढ़ाई की और 1991 में MBM इंजीनियरिंग कॉलेज (जय नारायण व्यास यूनिवर्सिटी) से इलेक्ट्रॉनिक्स और कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग में गोल्ड मेडल हासिल किया। उनके पिता दाऊलाल वैष्णव ने हमेशा उनके करियर को समर्थन दिया। ​इसके बाद अश्विनी ने 1994 में IAS परीक्षा में 27वां रैंक हासिल किया और बाद में राजनीति में आ गए और केंद्रीय मंत्री बने।

जोधपुर पहुंचे रेल मंत्री

जानकारी के अनुसार, रेल मंत्री के पिता दाऊलाल वैष्णव का अंतिम संस्कार आज (8 जुलाई 2025) जोधपुर में होगा। इसके लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव दिल्ली से जोधपुर पहुंच चुके हैं, जहां वे अपने पिता को अंतिम विदाई देंगे। इधर, इसकी जानकारी मिलते ही राजनेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं ने शोक व्यक्त किया है।

Exit mobile version