भाषा विवाद पर आरएसएस का बड़ा बयान, सभी भाषाएं मातृभाषा

मराठी भाषा विवाद के बीच आरएसएस के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख ने दिया बयान

भाषा विवाद पर आरएसएस का बड़ा बयान, साभी भाषाएं मातृभाषा

आरएसएस के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में चल रहे मराठी भाषा विवाद के बीच आरएसएस का बड़ा बयान सामने आया है। आरएसएस के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने कहा कि संघ का हमेशा से यह रुख रहा है कि भारत की सभी भाषाएं राष्ट्रीय भाषाएं हैं। लोग अपने-अपने स्थानों पर अपनी भाषा बोलते हैं। प्राथमिक शिक्षा उसी भाषा में प्रसारित होनी चाहिए, यही सब लोग मांग करते रहे हैं। यह पहले से ही स्थापित है।

श्री आंबेकर का यह बयान महाराष्ट्र में मराठी भाषा को लेकर हालिया विवाद के बीच महत्वपूर्ण माना जा रहा है। श्री आंबेकर संघ के प्रांत प्रचारकों की बैठक के बाद पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान दिल्ली में आरएसएस के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर से पूछा गया कि क्या प्रांत प्रचारकों की तीन दिवसीय बैठक में ऑपरेशन सिंदूर पर भी चर्चा हुई। इस सवाल पर तो उन्होंने कहा कि देश में हुई घटनाओं, समाज में मौजूदा स्थिति और अन्य मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। हमें समाज के विभिन्न वर्गों में इसके (ऑपरेशन सिंदूर) प्रति उत्साह के बारे में फीडबैक मिला, जैसे कि आतंकवादी हमलों का किस तरह से जवाब दिया गया।

जानकारी हो कि आरएसएस के प्रांत प्रचारकों की तीन दिवसीय बैठक 4 से 6 जून तक राजधानी दिल्ली में संपन्न हुई। श्री आंबेकर बैठक के बाद उसकी जानकारी देने के लिए पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि आगामी दो अक्टूबर को आरएसएस अपने 100 साल पूरे करने जा रहा है। ​इस दौरान देशभर में कार्यक्रम चलाए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोग संघ को जान सकें और स्वसयंसेवक बन सकें।

Exit mobile version