जम्मू-कश्मीर: डोडा में सेना का वाहन खाई में गिरा, 10 जवानों की मौत, 7 घायल; बचाव अभियान जारी

भद्रवाह-चंबा मार्ग पर खन्नी टॉप के पास वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिरा, रेस्क्यू जारी, घायलों का इलाज चल रहा है।

भद्रवाह-चंबा मार्ग पर खन्नी टॉप के पास वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिरा

भद्रवाह-चंबा मार्ग पर खन्नी टॉप के पास वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिरा

जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में गुरुवार को एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें भारतीय सेना के 10 जवानों की मौत हो गई, जबकि 11 जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा भद्रवाह-चंबा मार्ग पर खन्नी टॉप के पास हुआ, जहां पहाड़ी रास्ता बेहद संकरा और खतरनाक माना जाता है।

स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, सेना का एक वाहन गुरुवार सुबह ऑपरेशनल ड्यूटी के लिए रवाना हुआ था। जैसे ही वाहन खन्नी टॉप के पास एक तीव्र और दुर्गम मोड़ पर पहुंचा, अचानक चालक का नियंत्रण बिगड़ गया। इसके बाद सेना का वाहन करीब 400 मीटर (लगभग 400 फीट) नीचे गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही कई जवानों की जान चली गई।

हादसे की जानकारी मिलते ही सेना, पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। दुर्गम पहाड़ी इलाके और खराब सड़क परिस्थितियों के बावजूद रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद जवानों को खाई से बाहर निकाला गया। अधिकारियों ने बताया कि 10 जवानों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 11 जवान घायल अवस्था में मिले।

घायलों को पहले उप जिला अस्पताल भद्रवाह ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार दिया गया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए सभी घायलों को एयरलिफ्ट कर उधमपुर स्थित सेना के कमांड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

इस हादसे पर जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि डोडा में हुए इस दुर्भाग्यपूर्ण सड़क हादसे में हमारे 10 वीर जवानों ने अपने प्राण गंवाए, जिससे वह बेहद दुखी हैं। उन्होंने कहा कि देश उनके सर्वोच्च बलिदान और सेवा भाव को हमेशा याद रखेगा। उपराज्यपाल ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरा देश उनके साथ खड़ा है।

हादसे में जान गंवाने वाले जवानों के नाम हैं— जोबन जीत, सुधेर नरवाल, मोनू, मोहित, एचआर कंवर, सिमरन, पी लोरा, सुलिंदर, अजय लोफरा और स्वर्ण नाग पाल।

वहीं घायल जवानों में साहिल, जेपी सिंह, नीरज, अनूप, नागिस, अमन, शंकर, संदीप, जोबनप्रीत, राकेश और अभिमन्यु शामिल हैं। सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की जा रही है।

यह हादसा एक बार फिर पहाड़ी इलाकों में यात्रा के दौरान सतर्कता और सड़क सुरक्षा के महत्व को उजागर करता है।

Exit mobile version