ईरान और अमेरिका के बीच जारी संघर्ष का आज 14वां दिन है। इस युद्ध में अमेरिका के साथ इजरायल खड़ा है, जबकि ईरान को लेबनान में मौजूद हिजबुल्लाह का समर्थन मिल रहा है। पिछले दो हफ्तों से दोनों पक्षों के बीच लगातार मिसाइल हमले और ड्रोन अटैक हो रहे हैं, जिससे मिडिल ईस्ट में तनाव काफी बढ़ गया है।
युद्ध के बीच अब एक बड़ा सवाल यह भी उठ रहा है कि अब तक इस लड़ाई पर कितना खर्च हो चुका है। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन के अधिकारियों ने इस हफ्ते अमेरिकी संसद कांग्रेस में हुई एक ब्रीफिंग के दौरान बताया कि ईरान के साथ युद्ध के पहले छह दिनों में ही अमेरिका ने करीब 11.3 अरब डॉलर खर्च कर दिए थे।
अमेरिका ने युद्ध पर किया कितना खर्च?
मंगलवार को सीनेटरों के लिए हुई एक बंद कमरे की बैठक में यह जानकारी दी गई कि युद्ध के शुरुआती दिनों में ही खर्च बहुत तेजी से बढ़ गया था। रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका ने सिर्फ पहले दो दिनों में ही करीब 5.6 अरब डॉलर खर्च कर दिए थे। युद्ध के खर्च से जुड़ी यह जानकारी सबसे पहले न्यूयॉर्क टाइम्स में प्रकाशित हुई थी।
दरअसल, अमेरिकी सांसद इस युद्ध से जुड़ी ज्यादा जानकारी चाहते थे। इसी वजह से ट्रंप प्रशासन को कांग्रेस के सामने युद्ध पर हो रहे खर्च का अनुमान पेश करना पड़ा। सांसद यह जानना चाहते थे कि अमेरिका इस संघर्ष में कितना पैसा खर्च कर रहा है और आगे इसकी क्या योजना है।
युद्ध के लिए फंड की डिमांड
अगर शुरुआती छह दिनों के खर्च को आधार माना जाए, तो अनुमान लगाया जा रहा है कि 13 दिनों तक चले इस युद्ध में अमेरिका करीब 26 अरब डॉलर तक खर्च कर चुका होगा। हालांकि, अमेरिकी प्रशासन ने अब तक युद्ध पर हुए कुल खर्च का कोई आधिकारिक और सटीक आंकड़ा जारी नहीं किया है।
इस बीच कांग्रेस के कई सदस्यों का कहना है कि व्हाइट हाउस जल्द ही इस युद्ध के लिए और ज्यादा फंड की मांग कर सकता है। कुछ अधिकारियों के मुताबिक, ट्रंप प्रशासन कांग्रेस के सामने लगभग 50 अरब डॉलर तक के अतिरिक्त फंड की मांग रख सकता है, ताकि युद्ध से जुड़े सैन्य अभियानों और अन्य खर्चों को पूरा किया जा सके।
हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि यह युद्ध कब तक चलेगा। ट्रंप प्रशासन ने इस बारे में भी कोई स्पष्ट समयसीमा नहीं बताई है।
बुधवार को केंटकी की यात्रा के दौरान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ने युद्ध में बढ़त हासिल कर ली है। उन्होंने कहा, “हमने युद्ध जीत लिया है, लेकिन इस मिशन को पूरी तरह पूरा करने के लिए अमेरिका लड़ाई में बना रहेगा।”
