देश के कुछ हिस्सों में पेट्रोल और डीजल की किल्लत की खबरों के बीच केंद्र सरकार ने स्थिति स्पष्ट की है। सरकार ने उन पेट्रोल पंपों की विस्तृत जानकारी साझा की है जहां तेल की अस्थायी कमी देखी जा रही है, साथ ही यह भी बताया है कि वहां दोबारा सप्लाई कब तक बहाल होगी। सरकार ने साफ किया है कि देश में ईंधन का कोई संकट नहीं है, बल्कि कुछ खास इलाकों में अचानक बढ़ी मांग के कारण यह स्थिति पैदा हुई है, जिसकी बारीकी से निगरानी (क्लोज मॉनिटरिंग) की जा रही है।
देश में ईंधन की कोई कमी नहीं, यूपी-महाराष्ट्र-गुजरात में ‘पैनिक बाइंग’
पेट्रोलियम मंत्रालय में सचिव सुजाता शर्मा ने देश में ईंधन की आपूर्ति को लेकर अहम जानकारी साझा की है। उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि देश में पेट्रोल और डीजल की फिलाहल कोई कमी नहीं है। हालांकि, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और गुजरात के कुछ चुनिंदा जिलों के रिटेल आउटलेट्स (पेट्रोल पंपों) पर ‘पैनिक बाइंग’ यानी घबराहट में जरूरत से ज्यादा खरीदारी देखी जा रही है। सरकार इस कमी को दूर करने के लिए लगातार राज्य सरकारों और संबंधित तेल एजेंसियों के संपर्क में है।
आखिर क्यों अचानक खाली होने लगे पेट्रोल पंप?
मंत्रालय की ओर से इस अचानक आई मांग के पीछे के मुख्य कारणों का भी खुलासा किया गया है:
-
कृषि क्षेत्र में बढ़ती मांग: कुछ ग्रामीण और अर्ध-शहरी इलाकों में कृषि गतिविधियों के चलते डीजल की मांग अचानक बहुत ज्यादा बढ़ गई है।
-
बल्क बाइंग (थोक खरीदारी): कमी की आशंका के चलते कई लोग और ट्रांसपोर्टर्स भारी मात्रा में ईंधन का स्टॉक जमा करने की कोशिश कर रहे हैं।
-
प्राइवेट सप्लायर्स का शिफ्ट होना: कुछ निजी तेल आपूर्तिकर्ताओं की मांग भी अब सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों (जैसे IOC, BPCL, HPCL) के पेट्रोल पंपों पर शिफ्ट हो गई है, जिससे सरकारी पंपों पर दबाव बढ़ गया है।
मंत्रालय स्तर पर हर एक आउटलेट की हो रही है मॉनिटरिंग
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय इस स्थिति को लेकर पूरी तरह सतर्क है। मंत्रालय स्तर पर देश के हर एक रिटेल आउटलेट और पेट्रोल पंप की सप्लाय सिचुएशन पर बारीक नजर रखी जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, जहां भी स्टॉक खत्म होने की जानकारी मिल रही है, वहां तुरंत टैंकर भेजकर स्टॉक को रीफिल किया जा रहा है ताकि आम जनता को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
कमी से ज्यादा अफवाहों ने बढ़ाई आम जनता की परेशानी
उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और गुजरात के कई शहरों में पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। लोग गाड़ियों की टंकियां फुल कराने के साथ-साथ गैलन, बोतल और बड़े कंटेनरों में भी पेट्रोल-डीजल भरकर ले जा रहे हैं ताकि आने वाले दिनों के लिए स्टॉक सुरक्षित कर सकें। इस पैनिक बाइंग की बड़ी वजह सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर फैली अफवाहें हैं। इन अफवाहों के कारण अचानक मांग इतनी बढ़ गई कि कुछ पंपों पर अस्थायी रूप से ‘नो स्टॉक’ के बोर्ड टांगने पड़ गए।
प्रशासन लगातार लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील कर रहा है। सरकार ने भरोसा दिलाया है कि ईंधन का वितरण सुचारू रूप से जारी है और जल्द ही सभी प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति पूरी तरह सामान्य हो जाएगी।
