जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट: पहली फ्लाइट से किसान-मजदूर भरेंगे उड़ान, बनेगा नया इतिहास

जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से आज पहली कमर्शियल उड़ान का संचालन शुरू हो रहा है। यह एयरपोर्ट लंबे समय से लोगों की उम्मीदों का केंद्र रहा है और अब इसके शुरू होने से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी।

जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट

जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट

उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा स्थित नोएडा इंटरनेशनल (जेवर) एयरपोर्ट से आज पहली कमर्शियल उड़ान का संचालन शुरू हो रहा है। यह एयरपोर्ट लंबे समय से लोगों की उम्मीदों का केंद्र रहा है और अब इसके शुरू होने से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी।

आज सुबह इंडिगो एयरलाइंस की विशेष फ्लाइट 6E-2278 लखनऊ से उड़ान भरकर लगभग सुबह 8:05 बजे जेवर एयरपोर्ट पर पहुंचेगी। इस फ्लाइट में जनप्रतिनिधि, सरकारी अधिकारी और नोएडा के कई कारोबारी सवार होंगे। यह उड़ान जेवर एयरपोर्ट के संचालन की औपचारिक शुरुआत का प्रतीक मानी जा रही है।

इसके बाद जेवर एयरपोर्ट से सुबह करीब 8:30 बजे पहली उड़ान लखनऊ के लिए रवाना होगी। इस विमान में करीब 170 किसान और कामगार यात्रा करेंगे, जिनमें 20 महिलाएं भी शामिल हैं। ये सभी वे लोग हैं जिन्होंने एयरपोर्ट निर्माण के लिए अपनी जमीन दी थी या परियोजना से जुड़े रहे हैं।

लखनऊ पहुंचने के बाद किसान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करेंगे और एयरपोर्ट परियोजना को साकार करने के लिए उनका धन्यवाद एवं अभिनंदन करेंगे। इसे एयरपोर्ट निर्माण में योगदान देने वाले किसानों के सम्मान के रूप में भी देखा जा रहा है।

वहीं, लखनऊ से जेवर पहुंचने वाली एक अन्य उड़ान यहां से यात्रियों को लेकर बेंगलुरु के लिए रवाना होगी। इससे यह संकेत मिलता है कि जेवर एयरपोर्ट अब देश के प्रमुख शहरों से जुड़ने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, 1 जुलाई से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर यात्रियों के लिए नियमित फ्लाइट सेवाएं शुरू कर दी जाएंगी। शुरुआत में इंडिगो एयरलाइंस लखनऊ और नोएडा के बीच सीधी उड़ान संचालित करेगी। आने वाले समय में अन्य शहरों के लिए भी उड़ानों की संख्या बढ़ाई जाएगी।

जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के शुरू होने से नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और आसपास के जिलों के लोगों को दिल्ली एयरपोर्ट पर निर्भरता कम करनी पड़ेगी। साथ ही, व्यापार, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर भी बढ़ने की उम्मीद है।

Exit mobile version