पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल मर्डर केस की जांच लगातार आगे बढ़ रही है। मामले की मुख्य आरोपी और केतन की मंगेतर सिया गोयल से पुलिस हर पहलू पर पूछताछ कर रही है। जांच के दौरान उसे कभी घटनास्थल तो कभी उस जगह ले जाया जा रहा है, जहां कथित तौर पर धक्का देने की प्रैक्टिस की गई थी। अब पुलिस सच्चाई सामने लाने के लिए सिया का लाई डिटेक्टर (पॉलीग्राफ) टेस्ट कराने जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, पुणे पुलिस ने टेस्ट के लिए 18 अहम सवालों की सूची तैयार की है। इन सवालों के जरिए पुलिस यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि 18 जून को लोहागढ़ किले पर आखिर क्या हुआ था और केतन अग्रवाल की मौत किन परिस्थितियों में हुई।
पुलिस सिया से उसकी पहचान, केतन अग्रवाल और चेतन चौधरी से रिश्ते, दोनों से संपर्क, घटना वाले दिन लोहागढ़ जाने, वहां मौजूद रहने और घटना से पहले की योजना से जुड़े सवाल पूछेगी। इसके अलावा यह भी जानने की कोशिश की जाएगी कि क्या उसने केतन को लोहागढ़ बुलाया था, क्या उसने उसकी लोकेशन किसी और के साथ साझा की थी और क्या घटना के दौरान किसी तरह की धक्का-मुक्की हुई थी।
जांच टीम यह भी पूछेगी कि क्या सिया ने केतन को धक्का दिया था, क्या उसने किसी अन्य व्यक्ति को बल प्रयोग करते देखा था और क्या घटना के बाद उसने कोई चैट, कॉल रिकॉर्ड या अन्य डिजिटल सबूत मिटाए थे। सबसे अहम सवाल यह होगा कि क्या उसे केतन की मौत से जुड़ी ऐसी कोई जानकारी है, जो उसने अब तक पुलिस को नहीं बताई है।
पुलिस को उम्मीद है कि लाई डिटेक्टर टेस्ट से सिया के बयानों की सच्चाई परखने में मदद मिलेगी और यदि उसने जांच के दौरान कोई झूठ बोला है, तो उसका पता चल सकेगा। अधिकारियों का मानना है कि इस प्रक्रिया से हत्या के पीछे की साजिश और घटना की पूरी सच्चाई सामने आने में मदद मिलेगी।
