दिल्ली-NCR में पिछले कई दिनों से जारी बारिश का दौर रविवार को थोड़ा कमजोर पड़ा। सुबह के समय तेज धूप निकली, लेकिन शाम को हुई बारिश ने लोगों को गर्मी और उमस से राहत दी। मौसम में बदलाव के बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों तक राजधानी में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताया है।
मौसम विभाग के अनुसार, 10 अगस्त को दिल्ली-NCR में आसमान में सामान्य तौर पर बादल छाए रहेंगे। कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। बारिश के साथ हवा में नमी का स्तर भी अधिक रह सकता है। ऐसे में सुबह और शाम के समय उमस लोगों को परेशान कर सकती है।
दिल्ली में अगस्त के शुरुआती आठ दिनों में ही 225.7 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है। यह अगस्त की लंबी अवधि की औसत बारिश 233.1 मिमी के लगभग बराबर है। यानी महीने के शुरुआती दिनों में ही राजधानी में अगस्त की सामान्य बारिश का बड़ा हिस्सा हो चुका है। पिछले दो वर्षों के मुकाबले भी इस साल अगस्त की शुरुआत में बारिश काफी ज्यादा हुई है।
15 अगस्त तक बारिश की संभावना
IMD के मुताबिक, दिल्ली में 10 से 15 अगस्त तक मौसम में खास बदलाव नहीं होगा। इस दौरान आसमान में बादल छाए रहने और कई इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है। 10 अगस्त को सुबह से दोपहर तक हल्की बारिश और शाम के समय मध्यम बारिश हो सकती है।
वहीं, 11 अगस्त को हल्की से मध्यम बारिश के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके बाद 12 से 15 अगस्त तक भी हल्की बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने लोगों को बारिश के दौरान जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दी है। लगातार बारिश के कारण दिल्ली-NCR के कुछ इलाकों में जलभराव और यातायात प्रभावित होने की स्थिति भी बन सकती है।
