आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ेगा, अब मिलेंगे 12 हजार रुपये; सहायिकाओं को 6 हजार, 5 लाख का स्वास्थ्य बीमा भी

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को हर महीने 8 हजार रुपये की जगह 12 हजार रुपये मानदेय दिया जाएगा। वहीं, आंगनबाड़ी सहायिकाओं का मानदेय 4 हजार रुपये से बढ़ाकर 6 हजार रुपये किया जाएगा।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ेगा

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ेगा

अयोध्या में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का मानदेय बढ़ाने का ऐलान किया। इसके साथ ही उन्हें स्वास्थ्य बीमा की सुविधा देने की भी घोषणा की गई।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि अब आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को हर महीने 8 हजार रुपये की जगह 12 हजार रुपये मानदेय दिया जाएगा। वहीं, आंगनबाड़ी सहायिकाओं का मानदेय 4 हजार रुपये से बढ़ाकर 6 हजार रुपये किया जाएगा। इसके अलावा कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवर भी मिलेगा। उन्हें अतिरिक्त साड़ी के लिए भी राशि उपलब्ध कराई जाएगी।

मुख्यमंत्री ने यह घोषणाएं अयोध्या के राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कीं। उन्होंने कहा कि पिछले नौ वर्षों में प्रदेश में आंगनबाड़ी व्यवस्था को बेहतर और व्यवस्थित किया गया है। पहले कई आंगनबाड़ी केंद्र ठीक से संचालित नहीं होते थे, लेकिन अब इन केंद्रों के कामकाज में सुधार हुआ है।

सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकार में आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए भेजे जाने वाले पैसे का सही इस्तेमाल नहीं होता था। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के काम को व्यवस्थित किया और उनकी स्थिति में सुधार लाने का प्रयास किया।

मुख्यमंत्री ने अयोध्या के विकास का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पहले शहर में बिजली और सड़कों की स्थिति खराब थी और लोगों को कुछ ही घंटे बिजली मिलती थी। आज अयोध्या में तेजी से विकास हो रहा है और शहर को सोलर सिटी के रूप में विकसित किया जा रहा है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सपा और कांग्रेस ने राम मंदिर और अयोध्या के विकास का विरोध किया, लेकिन इसके बावजूद अयोध्या का विकास नहीं रुका। उन्होंने कहा कि विकास के लिए इच्छाशक्ति जरूरी होती है। आज देश और दुनिया से बड़ी संख्या में लोग अयोध्या पहुंचकर राम मंदिर में दर्शन कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जिस तरह पिछले नौ वर्षों में अयोध्या की तस्वीर बदली है, उसी तरह आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की स्थिति में भी लगातार सुधार किया जा रहा है।

Exit mobile version