पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी के हिंदू राष्ट्रवाद को लेकर दिए गए हालिया बयान पर बीजेपी सांसद और प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रतिक्रिया दी। त्रिवेदी ने अंसारी के बयान का हवाला देते हुए कांग्रेस की मौजूदा विचारधारा पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अंसारी ने अनजाने में ही कांग्रेस और उसके वैचारिक रुख को लेकर एक महत्वपूर्ण बात सामने रख दी है।
नेहरू के बयान का हामिद अंसारी ने किया था जिक्र
दरअसल, हामिद अंसारी ने हाल ही में एजी नूरानी की 2019 में प्रकाशित किताब The RSS: A Menace to India का जिक्र करते हुए जवाहरलाल नेहरू से जुड़ी एक टिप्पणी का उल्लेख किया था। अंसारी के मुताबिक, नेहरू ने भारत के लिए साम्यवाद के बजाय हिंदू दक्षिणपंथी सांप्रदायिकता को बड़ा खतरा बताया था। यह बयान दिल्ली में एजी नूरानी को याद करने के लिए आयोजित कार्यक्रम में दिया गया था।
सुधांशु त्रिवेदी ने अंसारी को कहा- धन्यवाद
इसी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए सुधांशु त्रिवेदी ने हामिद अंसारी को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि नेहरू के विचारों का यह संदर्भ सामने आने से आज की कांग्रेस की विचारधारा पर बहस का एक नया पक्ष सामने आया है। त्रिवेदी ने दावा किया कि जिस वामपंथ को नेहरू के दौर में चुनौती के रूप में देखा जाता था, आज कांग्रेस उसी दिशा में आगे बढ़ रही है।
कांग्रेस पर ‘अल्ट्रा लेफ्ट’ की ओर बढ़ने का आरोप
सुधांशु त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अब अपनी पुरानी विचारधारा से अलग होकर ‘अल्ट्रा लेफ्ट’ की ओर बढ़ रही है। उन्होंने हामिद अंसारी के बयान को इसी राजनीतिक बहस से जोड़ते हुए राहुल गांधी और कांग्रेस की मौजूदा राजनीति पर भी निशाना साधा। यह टिप्पणी बीजेपी और कांग्रेस के बीच चल रही वैचारिक बहस को लेकर है।
इस पूरे मामले को लेकर बीजेपी और विपक्ष के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। हामिद अंसारी की टिप्पणी के बाद बीजेपी के कई नेताओं ने उनकी आलोचना की है, जबकि इस मुद्दे पर अलग-अलग राजनीतिक प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
