नागरकोइल में महिला यूट्यूबर के घर बड़ी चोरी, गैस कटर से दरवाजा काटकर 148 तोले सोना ले गए चोर

नागरकोइल के पास एक महिला यूट्यूबर के घर बड़ी चोरी का मामला सामने आया है। बदमाश घर से करीब 220 सॉवरेन यानी 148 तोले सोने के गहने चोरी कर ले गए। चोरी के वक्त परिवार घर पर मौजूद नहीं था।

नागरकोइल में महिला यूट्यूबर के घर बड़ी चोरी

तमिलनाडु के नागरकोइल के पास एक महिला यूट्यूबर के घर बड़ी चोरी का मामला सामने आया है। बदमाश घर से करीब 220 सॉवरेन यानी 148 तोले सोने के गहने चोरी कर ले गए। चोरी के वक्त परिवार घर पर मौजूद नहीं था। परिवार अपने दो साल के बच्चे के जन्मदिन की खरीदारी के लिए तिरुनेलवेली गया हुआ था।

देर रात घर लौटने पर मिली चोरी की जानकारी

यह घटना नागरकोइल के पास अंतना नादर कुदियिरुप्पु इलाके के नजदीक वीआईपी गार्डन में हुई। घर के मालिक विनोदकुमार गुरुवार को अपनी पत्नी और परिवार के साथ बच्चे के जन्मदिन के लिए कपड़े खरीदने तिरुनेलवेली गए थे। परिवार देर रात वापस लौटा।

घर पहुंचने पर उन्हें पीछे का दरवाजा टूटा हुआ मिला। इसके बाद जब परिवार ने पहली मंजिल पर बने बेडरूम की जांच की तो वहां रखी अलमारी भी टूटी हुई थी। अलमारी में रखे सोने के गहने गायब थे। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई।

गैस कटर से काटा दरवाजे का फ्रेम

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि चोर घर के पीछे के दरवाजे से अंदर दाखिल हुए थे। बदमाशों ने दरवाजे के फ्रेम को गैस कटर की मदद से काटा और घर में प्रवेश किया। इसके बाद वे पहली मंजिल के बेडरूम तक पहुंचे और वहां रखी अलमारी को तोड़कर सोने के गहने लेकर फरार हो गए।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके। आरोपियों की तलाश के लिए एक विशेष टीम भी बनाई गई है।

महिला यूट्यूबर के सोशल मीडिया पोस्ट भी जांच के दायरे में

विनोदकुमार की पत्नी मधुमिता (29) सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं और यूट्यूबर के तौर पर पोस्ट और रील्स शेयर करती हैं। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि क्या उनके सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बदमाशों को घर में रखे सोने के बारे में कोई जानकारी मिली थी।

पुलिस के अनुसार, मधुमिता सोशल मीडिया पर अपने सोने के गहनों की तस्वीरें और वीडियो शेयर करती थीं। वह हर महीने सोना खरीदने से जुड़ी पोस्ट भी करती थीं। ऐसे में जांचकर्ता यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या इन पोस्ट से किसी को घर में बड़ी मात्रा में सोना होने की जानकारी मिली थी।

हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि चोरी का सोशल मीडिया पोस्ट से कोई सीधा संबंध है या नहीं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है और आरोपियों को पकड़ने की कोशिश जारी है।

Exit mobile version