‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर पहले सभी को साथ आने की जरूरत बताने वाला CJP अब खुद को स्वतंत्र और न्यूट्रल प्लेटफॉर्म बता रहा है। INDIA गठबंधन की रैली को समर्थन भी दिया, लेकिन उसका हिस्सा बनने से दूरी बना ली। सवाल है कि CJP का यह बदला हुआ रुख आखिर क्यों? और क्या इसके पीछे पंजाब चुनाव से पहले विपक्षी दलों की अपनी-अपनी राजनीतिक मजबूरियां हैं?
‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर विपक्षी INDIA गठबंधन की दिल्ली रैली से पहले CJP के रुख ने नई राजनीतिक बहस खड़ी कर दी है। एक तरफ संगठन ने रैली और उसके मुद्दे के प्रति समर्थन जताया, दूसरी तरफ उसके संस्थापक अभिजीत डिपके ने कहा कि CJP एक स्वतंत्र और “न्यूट्रल प्लेटफॉर्म” है।
लेकिन सवाल सिर्फ इतना नहीं है कि CJP रैली में गया या नहीं गया। बड़ा सवाल यह है कि पहले जब इस मुद्दे पर सभी ताकतों को साथ आने की जरूरत बताई जा रही थी, तो अब उसी आंदोलन के राजनीतिक मंच से दूरी बनाने की जरूरत क्यों पड़ गई?
पहले साथ आने की बात, अब ‘इंडिपेंडेंट’ होने का दावा क्यों?
CJP की राजनीति और आंदोलन की शुरुआत ही बड़े जन समर्थन और अलग-अलग समूहों को एकजुट करने की बात के साथ हुई। ‘वोट चोरी’ जैसे मुद्दे को भी किसी एक संगठन का नहीं, बल्कि व्यापक लड़ाई बताया गया। लेकिन INDIA गठबंधन ने जब इसी मुद्दे पर दिल्ली में बड़ी राजनीतिक रैली आयोजित की, तो CJP का रुख बदल गया। डिपके ने कहा कि CJP रैली के साथ एकजुटता रखता है, लेकिन वह खुद को स्वतंत्र संगठन और न्यूट्रल प्लेटफॉर्म बनाए रखना चाहता है।
यहीं सवाल उठता है कि अगर मुद्दा इतना बड़ा है कि सभी को साथ आना चाहिए, तो विपक्षी दल जब उसी मुद्दे पर एकजुट हो रहे हैं, तब CJP ने खुद को अलग रखने का फैसला क्यों किया?
क्या “सबको साथ आना चाहिए” का मतलब सिर्फ गैर-राजनीतिक समूहों तक था? या फिर राजनीतिक दलों के साथ खुलकर खड़े होने से अब संगठन को कोई राजनीतिक नुकसान दिखाई दे रहा है?
रैली का समर्थन भी, रैली से दूरी भी—यह कैसी न्यूट्रैलिटी?
CJP ने INDIA गठबंधन की रैली का समर्थन किया। ममता बनर्जी से मुलाकात के बाद भी आंदोलन के प्रति एकजुटता जताई गई। लेकिन रैली में शामिल होने के सवाल पर कहा गया कि CJP स्वतंत्र और न्यूट्रल है।
यानी मुद्दा स्वीकार है, आंदोलन को समर्थन है, लेकिन राजनीतिक मंच पर साथ खड़े होने से दूरी है। यहां CJP की न्यूट्रैलिटी पर सवाल उठना तय है। आखिर किसी राजनीतिक अभियान का समर्थन करने और उसके मंच से दूर रहने के बीच संगठन की वास्तविक राजनीतिक स्थिति क्या है?
AAP भी INDIA गठबंधन का हिस्सा नहीं, फिर दूरी की राजनीति क्यों?
इस पूरे मामले में एक और महत्वपूर्ण राजनीतिक पहलू है—आम आदमी पार्टी भी राष्ट्रीय स्तर पर INDIA गठबंधन की राजनीति का हिस्सा नहीं है। AAP और विपक्षी गठबंधन के कई दल अलग-अलग राज्यों में एक-दूसरे के राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी हैं। खासतौर पर पंजाब में राजनीतिक समीकरण बेहद अहम हैं और चुनावी माहौल धीरे-धीरे बन रहा है।
ऐसे समय में विपक्षी दलों के लिए एक-दूसरे के साथ एक मंच पर दिखाई देना आसान नहीं है। राष्ट्रीय राजनीति में एक मुद्दे पर साथ आने और राज्य की राजनीति में एक-दूसरे के खिलाफ लड़ने के बीच विरोधाभास साफ दिखाई देता है। तो सवाल उठता है कि क्या CJP का INDIA गठबंधन की रैली से दूर रहने का फैसला भी इसी राजनीतिक समीकरण से जुड़ा है?
AAP के पूर्व कार्यकर्ताओं और CJP का सवाल
CJP के प्रमुख चेहरे अभिजीत डिपके के AAP के साथ पुराने जुड़ाव को लेकर पहले भी चर्चा रही है। ऐसे में CJP के मौजूदा रुख को लेकर राजनीतिक सवाल और गहरे हो जाते हैं। क्या AAP के साथ पहले काम कर चुके लोग अब एक ऐसे आंदोलन की अगुवाई कर रहे हैं, जो विपक्ष के एक बड़े राजनीतिक नैरेटिव के साथ तो खड़ा है, लेकिन उस गठबंधन के मंच से दूरी बनाए हुए है?
और इससे भी बड़ा सवाल है कि क्या CJP का यह रुख पूरी तरह उसका अपना स्वतंत्र फैसला है, या फिर इसके पीछे AAP की राजनीतिक रणनीति और पंजाब जैसे राज्यों के चुनावी समीकरण भी कोई भूमिका निभा रहे हैं?
पंजाब चुनाव से पहले विपक्षी राजनीति की नई तस्वीर?
पंजाब में AAP सत्ता में है और विपक्षी दल उसके खिलाफ मैदान में हैं। चुनाव करीब आने के साथ राजनीतिक दलों के लिए अपनी अलग पहचान बनाए रखना और भी जरूरी हो जाता है। ऐसे में INDIA गठबंधन के साथ खुलकर मंच साझा करना AAP की राज्य की राजनीति के लिए असहज स्थिति पैदा कर सकता है। दूसरी तरफ, राष्ट्रीय स्तर पर ‘वोट चोरी’ जैसे मुद्दे का विरोध करना विपक्षी राजनीति के लिए उपयोगी नैरेटिव भी हो सकता है।
क्या CJP इसी राजनीतिक खाली जगह को भर रहा है कि मुद्दे के साथ खड़ा होकर विपक्षी नैरेटिव का समर्थन करना, लेकिन राजनीतिक गठबंधन के मंच से दूर रहना? यही सवाल अब CJP की भूमिका को लेकर उठ रहा है।
सवाल सिर्फ CJP का नहीं, उसके पीछे की राजनीति का है
CJP कह सकता है कि वह स्वतंत्र और न्यूट्रल संगठन है। लेकिन उसके बदले हुए रुख पर सवाल उठेंगे। पहले सभी को साथ आने की अपील, फिर INDIA गठबंधन की रैली को समर्थन और उसके बाद उसी मंच से दूरी है कि यह बदलाव क्यों आया?
AAP के साथ CJP के प्रमुख चेहरों के पुराने रिश्ते, राष्ट्रीय स्तर पर AAP का INDIA गठबंधन से अलग रुख और पंजाब में चुनावी समीकरण और इन सबके बीच CJP का “न्यूट्रल प्लेटफॉर्म” वाला दावा कई सवाल छोड़ता है।

































