दाऊद के खिलाफ बड़ी कामयाबी: दाऊद का भतीजा और शकील का भाई दोनों शिकंजे में

भारत सरकार दाऊद शकील

PC: Janprahari.com

भारत सरकार को आतंक और भ्रष्टाचार के खिलाफ एक के बाद एक बड़ी सफलता मिल रही है। पहले अगस्टा वेस्टलैंड मामले के बिचौलिए क्रिश्चियन मिशेल का प्रत्यर्पण फिर मेहुल चौकसी पर शिकंजा कसा जाना और माल्या के सरेंडर करने की खबरों के बाद अब भारत को 1993 में मुंबई के सीरियल बम ब्लास्ट के मास्टर माइंड और अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। दरअसल, अमेरिका अब दाऊद इब्राहिम के भतीजे सोहेल शेख को भारत को सौंपने को तैयार हो गया है। वहीं दूसरी ओर दाऊद के गुर्गे छोटा शकील के भाई अनवर शेख को भी शनिवार को दुबई से गिरफ्तार किया गया है।

बता दें कि, सोहेल शेख दाउद इब्राहिम के भाई नुरा शेख का बेटा है। दाऊद भारत में 1993 में मुंबई में हुए सीरियल बम ब्लास्ट का मास्टर माइंड और मोस्ट वांटेड अंडर वर्ल्ड डॉन है। उसके भतीजे सोहेल को 2016 में अमेरिका में गिरफ्तार किया गया था। सोहेल नारकोटिक्स के बदले हथियारों की तस्करी में पकड़े जाने पर गिरफ्तार किया गया था। दूसरी ओर दाऊद के गुर्गे छोटा शकील के भाई को भी शनिवार को दुबई से गिरफ्तार किया गया है। छोटा शकील के भाई अनवर बाबू शेख को अबू धाबी के एयरपोर्ट पर कस्टम एंड अबू धाबी पुलिस ने गिरफ्तार किया। पुलिस की तलाशी में अनवर के पास पाकिस्तान का पासपोर्ट भी मिला है।

अनवर बाबू शेख के खिलाफ पहले से ही रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया जा चुका है। स्थानीय अधिकारियों का कहना है कि अनवर के बारे में पुख्ता जानकारी मिलने के बाद उसे पकड़ा जा सका। छोटा शकील के भाई अनवर की गिरफ्तारी के बाद भारतीय दूतावास अब उसे कस्टडी में लेने की तैयारी में लग गया है। इसके लिए भारतीय दूतावास अबू धाबी पुलिस से बातचीत में लगा है। भारत अगर अनवर को कस्टडी में ले लेता है तो यह दाऊद नेटवर्क के खिलाफ भारत की एक बड़ी उपलब्धि होगी।

अनवर के बारे में माना जाता है कि, वह आईएसआई के साथ काम करता रहा है। वह भारत के खिलाफ आतंकी गतिविधियों में शामिल है। बता दें कि,  माफिया डॉन छोटा शकील का असली नाम शकील बाबूमियां शेख है। माफिया डॉन छोटा शकील 1993 में मुंबई में हुए सीरियल बम ब्लास्ट के मुख्य आरोपियों में से एक है। उसे अंडरवर्ल्ड के सबसे बड़े डॉन दाऊद इब्राहिम का खास आदमी बताया जाता है। हथियारों की तस्करी करना और फिरौती वसूलना उसका मुख्य धंधा है। बॉलीवुड की जानी-मानी हस्तियों के साथ इसके संबंध अक्सर चर्चाओं में रहे हैं। बॉलीवुड की फिल्मों में शकील ही दाऊद इब्राहिम का पैसा लगाता है। बताया जाता है कि कुख्यात डॉन छोटा राजन ने छोटा शकील के डर से ही खुद को गिरफ्तार कराया था। एक इंटरव्यू में छोटा शकील ने खुद इस बात का जिक्र किया था। राजन के पकड़े जाने के बाद छोटा शकील ने धमकी दी थी कि, वह राजन को जेल में घुसकर मारेगा। उसकी धमकी के बाद जेल में बंद छोटा राजन की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

मुंबई हमले के बाद से ही भारत सरकार दाऊद इब्राहिम की गिरफ्तारी में लगी है। दाऊद के भतीजे सोहेल शेख को अमेरिका द्वारा भारत को सौंपने की तैयारी और छोटा शकील के भाई, अनवर शेख की गिरफ्तारी भारत सरकार के लिए आतंक पर बड़ी सफलता है। यह आतंकियों का मनोबल तोड़ने का काम करेगा।

Exit mobile version