मनोहर पर्रिकर के निधन से देशभर में राष्ट्रीय शोक, गोवा में 7 दिन का शोक घोषित

मनोहर पर्रिकर श्रद्धांजलि

PC: Dna India

गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर का 63 वर्ष की उम्र में रविवार रात उनके निजी आवास पर निधन हो गया। आज शाम उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जायेगा। गोवा के मुख्यमंत्री और पूर्व रक्षामंत्री पर्रिकर फरवरी 2018 से ही अग्नाशय के कैंसर से जूझ रहे थे। लंबी बीमारी के बाद उनका निधन हो गया। आज उनका अंतिम संस्कार शाम करीब पांच बजे मिरामर में किया जाएगा। सोमवार सुबह पर्रिकर का पार्थिव शरीर 10:30 तक पणजी के भाजपा कार्यालय में रखा जाएगा फिर, कला अकादमी लाया जाएगा, जहां 4 बजे तक आम लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे सकेंगे। केंद्र सरकार ने उनके निधन पर सोमवार को राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है वहीं, राज्य में 7 दिन का शोक घोषित किया गया है। उनके अंतिम संस्कार के दौरान राष्ट्रीय राजधानी, केंद्र शासित प्रदेशों और राज्य की राजधानियों में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा।

चार बार गोवा के मुख्यमंत्री रहे मनोहर पर्रिकर अपने अंतिम क्षण तक देश की सेवा में जुटे रहे। कैंसर जैसी खतरनाक बीमारी भी उनके हौसलों को नहीं डिगा सकी। वास्तव में वो बेहद ईमानदार, मेहनतकश और लोगों के नेता थे। उनके चेहरे पर हमेशा एक मुस्कान रहती थी। गोवा की जनता से उन्हें बेहद लगाव था। आज उनके निधन से पूरे देश में शोक की लहर है।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने मनोहर पर्रिकर को ट्वीट कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लिखा, “गोवा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर पर्रिकर के निधन के बारे में जानकर गहरा दुख हुआ। उन्होंने दृढ़ता और गरिमा से अपनी बीमारी का सामना किया। सार्वजनिक जीवन में सत्यनिष्ठा और समर्पण के प्रतीक रहे श्री पर्रिकर ने गोवा की और भारत की जो सेवा की है, वह हमेशा याद रखी जाएगी।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर दुःख व्यक्त किया। उन्होंने लिखा “मनोहर पर्रिकर बेमिसाल नेता थे। एक सच्चे देशभक्त और असाधारण प्रशासक थे, सभी उनका सम्मान करते थे। देश के प्रति उनकी निस्वार्थ सेवा पीढ़ियों तक याद रखी जाएगी। उनके निधन से बहुत दुखी हूं। उनके परिवार और समर्थकों के प्रति संवेदनाएं। शांति।”

इनके अलावा कई बीजेपी अध्यक्ष शाह, रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण, नितिन गडकरी, पीयूष गोयल, प्रकाश जावडेकर, राम विलास पासवान, हर्षवर्द्धन, मेनका गांधी, अमिताभ बच्चन, रणदीप हुड्डा, अनुपम खेर समेत कई लोगों ने मनोहर पर्रिकर को ट्वीट कर श्रद्धांजलि दी।

मनोहर पर्रिकर वर्ष 2014 से 2017 तक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की कैबिनेट में रक्षा मंत्री रहे हैं। राजनीति में पर्रिकर का पदार्पण 1994 में पणजी सीट से बीजेपी टिकट पर चुनाव जीतने के बाद हुआ था। वो चार बार 2000-2002, 2002-05, 2012-2014 और 14 मार्च 2017-17 मार्च 2019 तक चार बार मुख्यमंत्री रहे थे। पूरा देश उनके निधन से दुखी है।

Exit mobile version