अंबानी को अरबपति गौतम अडानी की एक और धोबी पछाड़, अब मार्केट कैप में भी हराया

अडानी ग्रुप दूसरे नंबर पर पहुंच गया, अंबानी तीसरे पर लेकिन पहले नंबर पर अभी भी इस ग्रुप ने कब्जा कर रखा है।

Ambani, Adani, Tata

Source- TFI

दुनिया के चौथे सबसे अमीर और एशिया के सबसे बड़े रईस गौतम अडानी की अगुवाई में अडानी ग्रुप निरंतर आगे बढ़ रहा है। गौतम अडानी भूखे शेर की भांति भागे जा रहे हैं। वो एक कंपनी का अधिग्रहण खत्म करते हैं और दूसरी कंपनी के अधिग्रहण की शुरुआत कर देते हैं। पिछले कई महीनों से हम देख रहे हैं कि अडानी ग्रुप अधिग्रहण पर अधिग्रहण करता जा रहा है। गौतम अडानी ने दुनिया के सबसे अमीरों की सूची में मुकेश अंबानी को बहुत पीछे छोड़ दिया है।

ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के अनुसार गौतम अडानी 136 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ चौथे नंबर पर बने हुए हैं। इसी बीच अब एक और बड़ी ख़बर सामने आई है। मार्केट कैप के लिहाज से अडानी ग्रुप देश का सबसे बड़ा ग्रुप बन गया है। अडानी ग्रुप ने मुकेश अंबानी के रिलायंस ग्रुप को पीछे छोड़ दिया है। हालिया आंकड़ों के मुताबिक अडानी ग्रुप की कंपनियों का सामूहिक मार्केट कैप 19.44 लाख करोड़ पहुंच गया है। वहीं, अंबानी ग्रुप की कंपनियों का मार्केट कैप 17.89 लाख करोड़ है। अडानी ग्रुप ने इस वर्ष काफी तरक्की की है। इस वर्ष अडानी ग्रुप के कंपनियों के मार्केट कैप में करीब 10 लाख करोड़ रुपये की बढ़ोत्तरी हुई है।

दोगुना हो गया मार्केट कैप

एक रिपोर्ट के मुताबिक अडानी समूह की सात लिस्टेड कंपनियों का सामूहिक मार्केट कैप इस वर्ष करीब दोगुना हो चुका है। पिछले वर्ष दिसंबर के अंत में यह 9.62 लाख करोड़ रुपये था जो अब 19.44 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। अडानी ग्रुप की कंपनियों ने इस वर्ष ब्रॉडर मार्केट से बेहतर प्रदर्शन किया है लेकिन अडानी पावर ने सबसे ज्यादा रिटर्न दिया है। इस वर्ष कंपनी के शेयर में 334 फीसदी की तेजी आई है, इसका मार्केट कैप 1.67 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया है। मुकेश अंबानी ग्रुप की नौ लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 9.6 फीसदी तेजी के साथ 17.89 लाख करोड़ हो गया है।

और पढ़ें: भूखे शेर की तरह कंपनियों का शिकार कर रहे हैं ‘अधिग्रहण किंग’ गौतम अडानी!

पहले नंबर पर कौन?

हमारे सामने यह तस्वीर तो स्पष्ट हो जाती है कि मार्केट कैप के आधार पर देखें तो अडानी ग्रुप की कंपनियां अब दूसरे नंबर पर हैं और अंबानी ग्रुप की कंपनियां तीसरे नंबर पर हैं लेकिन एक सवाल हमारे सामने बच जाता है कि पहले नंबर पर कौन है? इसका जवाब है- टाटा ग्रुप। जी हां, टाटा ग्रुप की कंपनियां मार्केट कैप के आधार पर पहले नंबर पर हैं। 21.73 लाख करोड़ रुपये मार्केट कैप के साथ टाटा ग्रुप देश का सबसे बड़ा बिजनेस ग्रुप है। टाटा ग्रुप आज भी भारत का सबसे बड़ा बिजनेस ग्रुप है जबकि टाटा ग्रुप की कंपनियों का सामूहिक मार्केट कैप इस वर्ष गिरा है। टाटा ग्रुप की 26 लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 6.9 फीसदी की गिरावट के साथ 21.73 लाख करोड़ पर आ गया है। पिछले वर्ष दिसंबर के अंत में यह 23.36 लाख करोड़ रुपये था। गिरावट के बाद भी टाटा ग्रुप मार्केट कैप के आधार पर पहले स्थान पर विराजमान है।

TFI का समर्थन करें:

सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की राइट’ विचारधारा को मजबूती देने के लिए TFI-STORE.COM से बेहतरीन गुणवत्ता के वस्त्र क्रय कर हमारा समर्थन करें।

Exit mobile version