भारतीय अरबपति गौतम अडानी बने दुनिया के दूसरे सबसे अमीर शख्स

इतनी संपत्ति के साथ अडानी दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं, अब बस ये शख्स आगे रह गया है।

अडानी गौतम

Source: Fortune India

भारतीय अरबपति गौतम अडानी ने एक बार फिर इतिहास रच दिया है। गौतम अडानी अब दुनिया के दूसरे सबसे बड़े रईस बन गए हैं। गौतम अडानी से आगे अब बस एलन मस्क हैं। एलन मस्क दुनिया के सबसे बड़े रईस हैं, लेकिन गौतम अडानी की संपत्ति लगातार बढ़ रही है। अभी कुछ दिन पहले ही अडानी पांचवें नंबर से आगे बढ़कर चौथे पर और फिर तीसरे नंबर पर पहुंचे थे, लेकिन अब उन्होंने दूसरे नंबर पर अपना स्थान बनाया है।

फोर्ब्स रियल टाइम बिलेनियर के अनुसार, 155.7 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ अडानी दूसरे नंबर पर मौजूद हैं। अडानी ने बर्नार्ड अर्नोल्ट को पछाड़कर, ये स्थान हासिल किया है। दौलत में हुई बढ़ोतरी की बात करें तो आज यानी 16 सितंबर, दोपहर तक उनकी संपत्ति में 5.5 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई है।

और पढ़ें: भारतीय अरबपति गौतम अडानी ने अब NDTV को खरीद लिया

पहले नंबर पर कौन?

सूची में पहले नंबर पर एलन मस्क हैं, उनकी कुल संपत्ति 273.5 अरब डॉलर है। इसके अलावा सूची में तीसरे नंबर पर बर्नार्ड अर्नाल्ट हैं। जिनकी संपत्ति 155.2 अरब डॉलर है। वहीं, रिलायंस के चेयरमैन मुकेश अंबानी इस लिस्ट में 92.6 अरब डॉलर के साथ आठवें नंबर पर हैं।

गौतम अडानी की अगुवाई में अडानी ग्रुप निरंतर आगे बढ़ रहा है। गौतम अडानी भूखे शेर की भांति भागे जा रहे हैं। वो एक कंपनी का अधिग्रहण खत्म करते हैं और दूसरी कंपनी के अधिग्रहण की शुरुआत कर देते हैं। पिछले कई महीनों से हम देख रहे हैं कि अडानी ग्रुप अधिग्रहण पर अधिग्रहण करता जा रहा है। गौतम अडानी ने दुनिया के सबसे अमीरों की सूची में मुकेश अंबानी को बहुत पीछे छोड़ दिया है।

और पढ़ें: ‘अधिग्रहण के किंग’ बन गए हैं एशिया के सबसे अमीर बिजनेसमैन गौतम अडानी

एक रिपोर्ट के मुताबिक अडानी समूह की सात लिस्टेड कंपनियों का सामूहिक मार्केट कैप इस वर्ष करीब दोगुना हो चुका है। पिछले वर्ष दिसंबर के अंत में यह 9.62 लाख करोड़ रुपये था जो अब 19.44 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

अडानी ग्रुप की कंपनियों ने इस वर्ष ब्रॉडर मार्केट से बेहतर प्रदर्शन किया है लेकिन अडानी पावर ने सबसे ज्यादा रिटर्न दिया है। इस वर्ष कंपनी के शेयर में 334 फीसदी की तेजी आई है, इसका मार्केट कैप 1.67 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया है। मुकेश अंबानी ग्रुप की नौ लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 9.6 फीसदी तेजी के साथ 17.89 लाख करोड़ हो गया है।

 

TFI का समर्थन करें:

सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की ‘राइट’ विचारधारा को मजबूती देने के लिए TFI-STORE.COM से बेहतरीन गुणवत्ता के वस्त्र क्रय कर हमारा समर्थन करें.

Exit mobile version