24 फरवरी से शुरू होगा दिल्ली विधानसभा का सत्र; जानें कब पेश की जायेगी CAG रिपोर्ट जिसको लेकर कोर्ट तक का दरवाजा खटखटा चुकी है भाजपा

दिल्ली बजट पर अहम मंथन

Delhi CM Rekha Gupta And CAG Report

Delhi CM Rekha Gupta And CAG Report (Image Source: X)

दिल्ली की राजनीति में एक नया अध्याय जुड़ गया है। 27 साल बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सत्ता में वापसी करते हुए राजधानी की बागडोर संभाली है। चुनावी नतीजे आने के 13वें दिन रेखा गुप्ता ने मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर इतिहास रच दिया। इसके साथ ही, दिल्ली विधानसभा के पहले सत्र की तारीखों का भी ऐलान कर दिया गया है।

यह सत्र 24 फरवरी से शुरू होकर 27 फरवरी तक चलेगा। विधायी कार्यों के लिए 24, 25 और 27 फरवरी को बैठकें आयोजित होंगी, जबकि 26 फरवरी को कार्यवाही स्थगित रहेगी। विधानसभा सचिवालय द्वारा जारी बुलेटिन के मुताबिक, सत्र के पहले दिन सभी नवनिर्वाचित विधायक शपथ लेंगे और उसके बाद विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव होगा। गौरतलब है कि चुनाव प्रचार के दौरान सुर्खियों में रही CAG रिपोर्ट भी भाजपा सरकार के पहले ही विधानसभा सत्र में पेश की जाएगी, जिससे पिछली सरकार के कार्यकाल से जुड़े कई खुलासे होने की उम्मीद है।

रिपोर्ट लेकर AAP के खिलाफ कोर्ट गई थी बीजेपी

दिल्ली में आम आदमी पार्टी (AAP) के कार्यकाल के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सरकार की कथित वित्तीय गड़बड़ियों को उजागर करने के लिए अदालत का रुख किया था। भाजपा का आरोप था कि AAP सरकार ने अपने कार्यकाल के दौरान हुए भ्रष्टाचार को छिपाने के लिए सीएजी रिपोर्ट को विधानसभा में पेश होने से रोका। विधानसभा चुनाव से पहले लीक हुई इस रिपोर्ट में कई सरकारी परियोजनाओं में वास्तविक लागत से अधिक खर्च का खुलासा हुआ था, जिसके बाद भाजपा और कांग्रेस दोनों ने केजरीवाल सरकार पर सार्वजनिक धन के दुरुपयोग के आरोप लगाए थे।

सीएजी रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली के 6 फ्लैग स्टाफ रोड स्थित बंगले के नवीनीकरण में भारी अनियमितताएं पाई गईं। वर्ष 2020 में इस बंगले के मरम्मत कार्य के लिए 7.61 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए थे, लेकिन अप्रैल 2022 तक इसकी लागत बढ़कर 33.66 करोड़ रुपये हो गई, जो अनुमानित खर्च से 342 प्रतिशत अधिक थी। यह वही बंगला है, जिसे अरविंद केजरीवाल ने मुख्यमंत्री आवास के रूप में इस्तेमाल किया था। भाजपा ने आरोप लगाया कि केजरीवाल ने नियमों का उल्लंघन करते हुए तीन सरकारी बंगलों को मिलाकर अपने लिए आलीशान आवास बनवाया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए स्पष्ट किया है कि वह इस बंगले में नहीं रहेंगी। उन्होंने कहा कि इस बंगले को म्यूजियम में तब्दील किया जाएगा, ताकि जनता को AAP शासन के कथित भ्रष्टाचार की सच्चाई से अवगत कराया जा सके।

दिल्ली बजट और विकास पर अहम मंथन

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Delhi CM Rekha Gupta) ने आज, 22 फरवरी 2025 को राजधानी के आगामी बजट को लेकर अधिकारियों के साथ अहम बैठक बुलाई है। इस बैठक में दिल्ली के विकास कार्यों और बजट आवंटन को लेकर विस्तृत चर्चा होगी। साथ ही, महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए शुरू की गई महिला सम्मान योजना पर भी मंथन होगा। इस योजना के तहत महिलाओं को हर महीने ₹2500 की आर्थिक सहायता देने की योजना है, जिसकी रूपरेखा बैठक में तय की जाएगी।

इसके अलावा, मुख्यमंत्री और उनके कैबिनेट मंत्री आज से ही राजधानी के जमीनी हालात का जायजा लेने के लिए सड़कों पर उतर गए हैं। इस दौरान सड़कों की स्थिति, अस्पतालों की सुविधाएं और पानी की गुणवत्ता जैसे बुनियादी मुद्दों का निरीक्षण किया जाएगा, ताकि जनता की समस्याओं को सीधे समझकर उनका समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

Exit mobile version