देश की आंतरिक सुरक्षा की रीढ़ मानी जाने वाली CRPF (केंद्रीय रिजर्व पुलिस फ़ोर्स) के अंदर तेल का खेल सामने आया है। CRPF के मुंबई स्थित RAF (रैपिड एक्शन फ़ोर्स) विंग में सरकारी तेल चोरी कर के निजी वाहनों को बेचा जाता था। तेल चोरी के इस गिरोह के संचालन में RAF के कुछ सीनियर अधिकारियों की मिलीभगत के भी आरोप लग रहे हैं। खबर वायरल होने के बाद कमांडेंट रज़ा हैदर को IG मुख्यालय से अटैच कर दिया गया है।
नवभारत लाइव डॉट कॉम द्वारा एक वीडियो मंगलवार (4 मार्च 2025) को अपने सोशल मीडिया हैंडल पर शेयर किया गया। इस वीडियो को मुंबई स्थित रैपिड एक्शन फ़ोर्स की बटालियन संख्या 102 का बताया गया है। वायरल वीडियो में एक पेट्रोल पंप में ट्रक में तेल भरा जा रहा था। समाचार संस्था द्वारा दावा किया गया था कि सरकारी तेल को निजी डम्पर में भरा जा रहा था। इसी खबर में तेल के इस खेल में कमांडेंट से ले कर सब इंस्पेक्टर और सूबेदार तक शामिल बताए गए थे।
View this post on Instagram
नवभारत ने इसे कमाई का जरिया बताते हुए इसकी बंदरबांट में तमाम अधिकारियों व कर्मचारियों को शामिल बताया है। अवैध कमाई की यह राशि लाखों रुपए महीने में बताई गई है। इसी खबर में कमांडेंट रज़ा हैदर की तरफ उंगली उठाई गई है। न्यूज़ संस्थान का दावा है कि जब उन्होंने कमांडेंट से बात करने का प्रयास किया तो उनका मोबाइल नंबर स्विच ऑफ आया। नेटीजेंस ने इस खबर के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर कार्रवाई की माँग उठाई है।
इस खबर के वायरल होते ही रैपिड एक्शन फ़ोर्स के दिल्ली मुख्यालय ने संज्ञान लिया है। 5 मार्च (बुधवार) को RAF के दिल्ली मुख्यालय द्वारा एक आदेश जारी हुआ है। आदेश में कमांडेंट रज़ा हैदर को तत्काल ट्रांसफर करने के आदेश जारी किए गए हैं। रज़ा हैदर को अब IG मुख्यालय में रिपोर्ट करनी होगी। आदेश पर फ़ौरन अमल करने को भी कहा गया है। इसी आदेश में तबादले की वजह प्रशासनिक बताई गई है।