‘मेरा यशु-यशु’ वाले पादरी पर लगा छेड़छाड़ का आरोप, बोली पीड़िता- चर्च में बुलाकर करता था गलत काम, अब दे रहा जान से मारने की धमकी

बजिंदर सिंह छेड़छाड़ रेप

ईसाई पादरी बजिंदर सिंह पर लगा छेड़छाड़ का आरोप

पंजाब के कपूरथला में ईसाई पादरी बजिंदर सिंह पर एक महिला ने फोन पर अश्लील बातें करने और चर्च में बुलाकर छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। इतना ही नहीं पीड़िता ने पादरी बजिंदर सिंह से अपनी और परिवार की जान को खतरा भी बताया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपित पादरी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इससे पहले साल 2018 में भी रेप के आरोप में बजिंदर सिंह की गिरफ्तारी हो चुकी है।

रिपोर्ट्स के अनुसार, पीड़ित महिला कपूरथला की रहने वाली है। पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता ने कहा है कि ईसाई पादरी बजिंदर सिंह जालंधर के गांव ताजपुर में ‘द चर्च ऑफ ग्लोरी एंड विस्डम’ नामक चर्च चलाता है। पीड़िता ने कहा है कि उसके माता-पिता अक्टूबर 2017 से इसके चर्च में जा रहे हैं। परिजनों के साथ ही वह भी चर्च गई थी।

पीड़िता ने आरोप लगाते हुए कहा है कि इस दौरान चर्च में ही आरोपित बजिंदर सिंह ने उसका फोन नंबर ले लिया था। इसके बाद कॉल कर अश्लील बातें और मैसेज करने लगा। साल 2022 में रविवार के दिन बजिंदर सिंह उसे चर्च बुलाता और फिर वहां चर्च के कैबिन में अकेले बिठाना शुरू कर दिया। इसके बाद वह कैबिन में आकर उसे गलत तरीके से छूता था, जिससे वह बुरी तरह से डरी हुई थी। पीड़िता का कहना है कि यह बात उसने अपने माता-पिता को भी बताई थी। लेकिन वे डरे हुए थे। इसलिए FIR नहीं कराई।

हालांकि अब उसने हिम्मत दिखाते हुए आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने का फैसला किया। पीड़िता का कहना है कि इस शिकायत के बाद उसकी और उसके परिवार की जान को खतरा है। महिला ने कहा है कि उसे या उसके माता-पिता, पति और भाई को किसी भी प्रकार से कुछ होता है तो इसके जिम्मेदार बजिंदर सिंह और अवतार सिंह होंगे। इस मामले में पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपित ईसाई पादरी बजिंदर सिंह के खिलाफ IPC की धारा 354, 354D, 506 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

बता दें कि इससे पहले साल 2018 में भी बजिंदर सिंह पर रेप का आरोप लगा था। महिला ने बजिंदर पर बलात्कार कर उसका वीडियो बनाने और धमकाने का आरोप लगाया था। इस मामले में बजिंदर सिंह के खिलाफ लुकआउट नोटिस भी जारी हुआ था। उसे इंग्लैंड जाते वक्त दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया गया था। इस मामले में वह जेल भी गया था। हालांकि बाद में आरोप लगाने वाली लड़की बयान से पलट गई थी। इसके अलावा हत्या के आरोप के मामले में भी वह जेल जा चुका है।

 

Exit mobile version