तमिलनाडु में हिंदी विरोध को लेकर प्रदर्शन के दौरान DMK (द्रविड़ मुनेत्र कड़गम) के एक नेता की हैरान करने वाली हरकत का वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में DMK के पार्षद जाकिर हुसैन हिंदी विरोध की शपथ के दौरान एक महिला नेता के कंगन को निकालने की कोशिश करते नज़र आ रहे हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। करीब 30 सेकेंड के इस वीडियो में DMK नेता पहले तो महिला का कंगन निकालने की कोशिश करते नज़र आए जिसके बाद वहां खड़ी एक अन्य महिला ने उनके हाथ को अलग किया। इसके बाद एक बार फिर DMK नेता महिला का हाथ पकड़ने की कोशिश करते दिखे। तमिलनाडु के बीजेपी अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने इस वीडियो को लेकर DMK पर तंज़ कसा है।
अन्नामलाई ने क्या कहा?
तमिलनाडु बीजेपी प्रमुख अन्नामलाई ने अपने सोशल मीडिया हैंडल्स पर यह वायरल वीडियो शेयर किया है। उन्होंने तो ज़ाकिर हुसैन को कंगन चोर तक कह दिया है। उन्होंने ‘X’ पर लिखा, “हिंदी विरोध की आड़ में कुन्नूर नगर पालिका के वार्ड 25 के डीएमके पार्षद जाकिर हुसैन चूड़ियां चुरा रहे हैं। चोरी और डीएमके को कभी अलग नहीं किया जा सकता!” इस वीडियो पर कई अन्य सोशल मीडिया यूज़र्स ने भी नाराज़गी ज़ाहिर की है और उनकी हरकत को गलत ठहराया है।
இந்தி எதிர்ப்புப் போர்வையில், வளையலைத் திருடும் குன்னூர் நகர்மன்ற 25-வது வார்டு திமுக கவுன்சிலர் திரு ஜாகிர் உசேன்.
திருட்டையும் திமுகவையும் எப்போதும் பிரிக்கவே முடியாது! pic.twitter.com/1wQKadFcnY
— K.Annamalai (@annamalai_k) March 4, 2025
DMK नेता का लोगों ने किया विरोध?
हालांकि, इस वीडियो को लेकर DMK ने कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है। सोशल मीडिया पर कई यूज़र्स ने DMK नेता की इस हरकत को महिलाओं का अपमान बताया है और हिंदी भाषा के खिलाफ शपथ की भी आलोचना की है। एक यूज़र ने लिखा कि हिंदी के खिलाफ शपथ लेने का यह पूरा नाटक क्या मज़ाक है। यूज़र ने कहा, “जब वे हिंदी के खिलाफ शपथ ले रहे हैं तो तो उर्दू के खिलाफ भी शपथ क्यों नहीं लेते? इससे उनकी वोट बैंक की राजनीति गड़बड़ा जाएगी। वे हिंदी ‘थोपने’ के बारे में रोएंगे, लेकिन जब इस्लामवादी नेता अपना एजेंडा आगे बढ़ाएंगे तो एक शब्द भी नहीं बोलेंगे। पाखंड सचमुच डीएमके के डीएनए में है।” एक अन्य यूज़र ने कहा कि ऐसे नेता पहले महिलाओं का सम्मान करना सीखें और फिर शपथ लें।