‘पार्टी के लोग हो सकते हैं हत्यारे’: हिमानी नरवाल की मां-भाई ने लगाए गंभीर आरोप, कहा-कोई कांग्रेसी मिलने नहीं आया, भूपेन्द्र हुड्डा की पत्नी ने नहीं उठाया फोन

हिमानी नरवाल हत्या हरियाणा

हिमानी नरवाल की मां-भाई ने लगाए गंभीर आरोप

हरियाणा के रोहतक में कांग्रेस की महिला कार्यकर्ता हिमानी नरवाल का शव सूटकेस में बंद मिला था। हिमानी नरवाल कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो’ यात्रा में शामिल हुई थीं। इसके अलावा कांग्रेस के कई बड़े नेताओं के साथ उसके फोटो सामने आए हैं। हिमानी की हत्या को लेकर उसकी मां ने कहा है कि चुनाव और पार्टी ने उनकी बेटी की जान ली है। पार्टी के कारण उनकी बेटे से लोग नफरत कर रहे थे। हिमानी की मां ने यह भी कहा है कि उन्होंने भूपेंद्र सिंह हुड्डा की पत्नी आशा हुड्डा को फोन किया है। लेकिन वह फोन नहीं उठा नहीं उठा रहीं।

मीडिया से बात करते हुए हिमानी नरवाल (Himani Narwal) की मां सविता रानी ने कहा है, “कांग्रेस पार्टी के लिए मेरी बेटी ने अपनी जान तक दांव पर लगा दी। बीते 10 सालों से अपनी पढ़ाई तक को साइड में रखकर कांग्रेस के लिए काम कर रही थी। इसी पार्टी और चुनाव ने उसकी जान ली है। इसके कारण ही उसकी दुश्मनी बढ़ी थी। ये (मारने वाले लोग) पार्टी के भी हो सकते हैं और दोस्त भी हो सकते हैं।”

उन्होंने आगे कहा है, “कांग्रेस पार्टी के कारण मेरी बेटी के साथ रंजिश हो रही थी। लोग सोचते कि इतनी कम उम्र में कैसे यह आगे बढ़ रही है। मेरी बेटी को अगर न्याय नहीं मिलेगा तो मैं अंतिम संस्कार नहीं करूंगी। मेरे बड़े बेटे की 2011 में हत्या कर दी गई थी, तब भी हमें न्याय नहीं मिला। हम डर में रहते थे। मैं अपने दूसरे बेटे को यहां से लेकर BSF कैंप चली गई थी।”

हिमानी की मां ने यह भी कहा है, “चुनाव के बाद हिमानी पार्टी से निराश हो गई थी। उसने कहा था कि अब वह नौकरी करेगी और वह पार्टी के लिए ज्यादा काम नहीं करना चाहती। वह पिछले 10 सालों से कांग्रेस से जुड़ी हुई थी। वह शादी करने के लिए भी राजी हो गई थी।” उन्होंने यह भी कहा है कि 27 फरवरी को शाम 4 बजे तक वह हिमानी के साथ थीं। इसके बाद 27 फरवरी को ही रात 9:30 के आसपास उनकी हिमानी से बात हुई थी। इस दौरान हिमानी ने कहा था कि 28 फरवरी को दीपेंद्र हुड्डा का कार्यक्रम है तो उसे टाइम नहीं मिलेगा वह फ्री होकर फोन करेगी। लेकिन जब उसका फोन नहीं आया तो उन्होंने उसे कॉल किया। लेकिन उसका कॉल नहीं लगा।

मीडिया से बात करते हुए हिमानी की मां ने कई बार यह कहा है कि उनकी बेटी की हत्या करने वाले कांग्रेस पार्टी के लोग हो सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा है कि अब तक कांग्रेस का कोई भी नेता उनके घर नहीं आया है। उन्होंने हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की पत्नीआशा हुड्डा को फोन किया था, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।

वहीं हिमानी के भाई जतिन ने ANI से बात करते हुए कहा है, कि जिस सूटकेस में हिमानी का शव मिला है, वह उनका ही है। हत्या को लेकर उन्होंने कांग्रेस पार्टी के लोगों पर ही शक जताया है। जतिन ने कहा कि वह इतनी जल्दी इतनी ऊंचाई पर पहुंच गई थी। इसलिए हो सकता है किसी ने हत्या की हो। उसने यह भी कहा कि अब तक कांग्रेस का एक भी नेता उनके पास नहीं आया। पूरी रात वह, उनकी मां और मामा अकेले घर पर थे। पड़ोस में रहने वाली कांग्रेस की 2 महिला नेता ही आईं हैं। आशा हुड्डा को कॉल किया था तो उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया।

वहीं, इस मामले में BJP नेता अमित मालवीय ने एक्स पर लिखा है, “हरियाणा कांग्रेस की मृत कार्यकर्ता हिमानी नरवाल की मां का कहना है कि हत्या किसी कांग्रेस नेता या उसके दोस्त ने ही की हो होगी। पार्टी और चुनाव ने उनकी बेटी की जान ले ली। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी भूपेंद्र सिंह हुड्डा की पत्नी आशा हुड्डा की करीब थी, लेकिन अब वह फोन नहीं उठा रही हैं। तंदूर कांड के बाद अब सूटकेस कांड, महिला कार्यकर्ताओं का शोषण और हत्या कांग्रेस की पहचान बन चुकी है।”

बता दें कि हरियाणा के रोहतक जिले में शनिवार (1 मार्च, 2025) को सांपला बस स्टैंड के पास लोगों को नीले रंग का सूटकेस पड़ा हुआ दिखाई दिया था। इसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई थी। पुलिस ने जब सूटकेस खोला तो उसमें हिमानी का शव था। मां और भाई ने शव देखकर इसकी पहचान की थी।

पुलिस का कहना है कि हिमानी के हाथों में मेहंदी लगी हुई थी और गले में दुपट्टा बंधा हुआ था। शव के होठों पर खून लगा हुआ था और चेहरा नीला पड़ा हुआ था। पुलिस को संदेह है कि हिमानी नरवाल की हत्या दुपट्टे से गला घोंटकर की गई है। वहीं, शव की स्थिति को देखकर कहा जा रहा है कि हिमानी की बेहद क्रूरता से उसकी पिटाई की गई होगी। इसके बाद दुपट्टे से उसका गला घोंटकर मार दिया गया गया होगा। संदेह है कि वारदात को अंजाम देने के बाद शव को सूटकेस में डालकर रात के अंधेरे में उसे सुनसान एरिया में फेंक दिया गया होगा।

 

Exit mobile version