‘मुसलमान राम-कृष्ण के वंशज’, क्या है जमाल सिद्दीकी के बयान का आधार?

भाजपा नेता जमाल सिद्दीकी ने कहा है कि मुसलमान राम के वंशज हैं। जो राम और कृष्ण पर विश्वास नहीं करते वो मुसलमान नहीं है। आइये जानें उनके बयान का आधार।

BJP Leader Jamal Siddiqui On Muslims

BJP Leader Jamal Siddiqui On Muslims

देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार के 11 साल पूरे होने पर कई तरह के कार्यक्रम किए जा रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी के सभी मोर्चे अपने-अपने तरह के आयोजन कर रहे हैं। इसमें अल्पसंख्यक मोर्चा भी बढ़ चढ़ कर भाग ले रहा है। इसे बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी लीड कर रहे हैं। वो जगह-जगह पहुंच रहे हैं। इस दौरान कई बयान भी दे रहे हैं। उन्होंने एक बयान मुसलमानों को लेकर दिया है। इसकी जमकर चर्चा हो रहा है। उन्होंने कहा कि मुसलमान भगवान राम के वंशज हैं। हमारे पूजा के तरीके भले ही बदल गए हों लेकिन संस्कृति सनातनी है।

बता दें भारतीय जनता भाजपा सरकार के 11 साल पूरे होने पर विशेष  अभियान चला रही है। इसके तहत देशभर में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ये कार्यक्रम देशभर में 9 जून शुरू किए जाएंगे। इसमें मुस्लिम समुदाय के लोगों को विभिन्न योजनाओं के लिए जागरूक किया जाएगा और पार्टी से जोड़ने की कोशिश की जाएगी।

सनातन और इस्लाम पर क्या बोले जमाल सिद्दीकी?

जमाल सिद्दीकी ने सनातन धर्म को इस्लाम से प्राचीन और भारतीय सभ्यता का आधार बताया है। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म हमारी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक जड़ों का प्रतीक है। परंपराओं का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि कुरान में 25 पैगंबरों का उल्लेख है लेकिन 1,24,000 पैगंबर भेजे गए थे। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या भगवान राम और कृष्ण को इन पैगंबरों में शामिल नहीं माना जा सकता? इस्लाम सभी पैगंबरों को स्वीकार करने का धर्म है।

सभी मुसलमान भगवान राम के वंशज

सिद्दीकी ने यह भी दावा किया कि भारत के सभी मुसलमान भगवान राम के वंशज हैं। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति सनातनी है। भले ही पूजा के तरीके अलग हो गए हैं। इस्लाम को विदेशी धर्म के रूप में देखना गलत है। क्योंकि यह भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं का हिस्सा है। उन्होंने इस्लामी मान्यताओं का जिक्र किया और कहा कि इस्लाम में तीन मुख्य शर्तें हैं। पहली- एक ईश्वर में आस्था, दूसरी- पैगंबरों में विश्वास, तीसरी- ईश्वरीय किताब में यकीन। इस आधार पर भगवान राम और कृष्ण को भी पैगंबर कहना गलत नहीं है।

मुस्लिम महिलाओं पर फोकस

जमाल सिद्दीकी ने घोषणा की है कि बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा 9 जून से अभियान शुरू करेगा। इसमें मुस्लिम लड़कियों और महिलाओं को भारतीय सेना में जाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। हम चाहते हैं कि वे भी सेना से जुड़कर अग्निवीर बनें। भाजपा इसके लिए दरगाहों, मस्जिदों और मदरसों में चौपाल लगाएगी।

सिद्दीकी ने कट्टरपंथी को निशाने पर लिया है। उन्होंने कहा कि कुछ कट्टरपंथी मुस्लिम महिलाओं को बंद रखना चाहते हैं। हालांकि, इस्लाम उन्हें बाहर निकलकर काम की आजादी देता है। उन्होंने कहा कि मोर्चा मुस्लिमों को संविधान और उनके अधिकारों की जानकारी देगा। इसके लिए हम दिल्ली के शाहीन बाग में एक बड़ा कार्यक्रम करने जा रहे हैं।

Exit mobile version