भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने संगठन और सरकार के बीच तालमेल को और मजबूत करने के लिए एक अहम फैसला लिया है। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार में शामिल केंद्रीय राज्य मंत्री सप्ताह में छह दिन बीजेपी के राष्ट्रीय मुख्यालय में ड्यूटी पर तैनात रहेंगे। यह कदम पार्टी और कार्यकर्ताओं के बीच संवाद को और प्रभावी बनाने की दिशा में उठाया गया है।
इस नए इनिशिएटिव के तहत मोदी सरकार के ये मंत्री सोमवार से शनिवार तक सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक भाजपा मुख्यालय में मौजूद रहेंगे। इन मंत्रियों की जिम्मेदारी न केवल पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से संवाद कायम रखने की होगी बल्कि वे संगठनात्मक मामलों में भी सहयोग देंगे।
भाजपा सूत्रों के अनुसार, संगठन चुनाव और राज्यों में चल रही गतिविधियों के कारण पार्टी पदाधिकारी पहले से ही अत्यधिक व्यस्त हैं। ऐसे में केंद्र सरकार के ये मंत्री कार्यकर्ताओं की समस्याओं को सुनने और उन्हें उचित मार्गदर्शन देने का काम करेंगे। साथ ही सरकार और संगठन के बीच समन्वय की एक मजबूत कड़ी के रूप में कार्य करेंगे।
कौन कब रहेगा मुख्यालय में-
इस नई व्यवस्था के तहत राज्य मंत्रियों की तैनाती का शेड्यूल भी जारी कर दिया गया है:
-
28 जून: महिला और बाल विकास राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर पूरे दिन बीजेपी मुख्यालय में उपस्थित रहेंगी।
-
30 जून: रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ की ड्यूटी रहेगी।
-
1 जुलाई: सड़क परिवहन राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा मुख्यालय में मौजूद रहेंगे।
-
2 जुलाई: जनजातीय मामलों के राज्यमंत्री दुर्गा दास उईके ड्यूटी पर रहेंगे।
-
3 जुलाई: सूचना और प्रसारण राज्यमंत्री एल. मुरुगन का मुख्यालय में प्रवास होगा।
-
4 जुलाई: सहकारिता राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर पार्टी मुख्यालय में तैनात रहेंगे।
संगठन और सरकार की एकजुटता का नया संदेश
पार्टी नेताओं का मानना है कि यह पहल केवल औपचारिकता नहीं बल्कि बीजेपी की ‘सेवा, समर्पण और संगठन’ की कार्य संस्कृति को सशक्त बनाने का प्रयास है। इससे न केवल जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा बल्कि केंद्र सरकार की नीतियों और योजनाओं की ज़मीनी स्थिति को समझने में भी मदद मिलेगी।
यह प्रयोग आने वाले महीनों में राज्यों के विधानसभा चुनावों और 2029 के आम चुनावों की दृष्टि से भी अहम साबित हो सकता है, जहां संगठन और सरकार का तालमेल निर्णायक भूमिका निभा सकता है।